बिहार जाने का प्लान हैं, तो इन जगहों पर जाना न भूलें: Bihar Tourism
इस कड़ी में हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताएँगे जहां आपको अपनी बिहार यात्रा के दौरान ज़रूर जाना चाहिए।
Bihar Tourism: बिहार हमारे देश भारत का एक बहुत ही प्रमुख राज्य है। यह अपने इतिहास, संस्कृति और पौराणिक स्थलों के लिए जाना जाता है। बिहार एक तरह से काफ़ी समृद्ध राज्य है बावजूद इसके जब घूमने की बात आती है, तो लोग अक्सर किसी हिल स्टेशन पर जाने की बात करने लगते हैं। नोर्थईस्ट और साउथ इंडिया में घूमने की प्लानिंग करने लगते हैं। लेकिन बिहार में कई ऐसे खूबसूरत पर्यटन स्थल हैं जो किसी को भी अपनी तरफ़ आकर्षित कर सकते हैं। यह लोगों को अपने यहाँ आने पर मजबूर कर देते हैं। यदि आप भी बिहार घूमने का मन बना रहर हैं तो इस कड़ी में हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताएँगे जहां आपको अपनी बिहार यात्रा के दौरान ज़रूर जाना चाहिए।
Also read : बिहार का मधुबनी क्यों है खास, घूमने की पूरी जानकारी: Bihar Madhubani
नालंदा – Nalanda

नालंदा बिहार का एक बहुत ही प्रमुख और लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यह जगह अपना एक ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व भी रखता है। भारत का सबसे पुराना विश्वविद्यालय, नालंदा इसी जगह पर स्थित है। जिसकी वजह से इस जगह की भारत के साथ साथ एक वैश्विक ख्याति भी है। ऐसा माना जाता है कि अंतिम जैन तीर्थंकर, महावीर ने इस जगह पर 14 मानसून सीजन बिताए थे। कहा जाता है कि बुद्ध ने नालंदा में भाषण दिया था। इस जगह की ख्याति इतना ज़्यादा थी कि प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेन त्सांग ने इस जगह पर दो साल बिताया। नालंदा के अधिकांश हिस्से अब खंडहर में तब्दील हो चुके हैं लेकिन यह जगह निश्चित रूप से देखने लायक है।
पटना – Patna

गंगा के दक्षिणी तट पर स्थित पटना हमारे देश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह जगह अपनी ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व भी रखती है। इस जगह को प्राचीन भारत में पाटलिपुत्र के नाम से जाना जाता था। यह शहर दुनिया के सबसे पुराने बसे हुए शहरों में से एक माना जाता है। इस जगह पर आपको पर्यटन स्थल के साथ साथ कैट तरह के दर्शनीय स्थल भी मिल जाएँगे। पटना अंतिम सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह का जन्मस्थान माना जाता है। इस जगह पर आकर आप तख्त श्री पटना साहिब, गुरुद्वारा गोबिंद घाट, गुरुद्वारा गुरु का बाग, गुरुद्वारा पहिला बड़ा, पटना संग्रहालय, किला हाउस देख सकते हैं।
गया – Gaya

बोधगया बिहार ही नहीं बल्कि हमारे देश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। जिसकी वजह से दुनिया भर से लोग इस जगह पर आते हैं। यह एक हिंदू और बौद्ध तीर्थस्थल के लिए जाना जाता है। इस जगह पर एक वाट वृक्ष है, ऐसा माना जाता है कि इसी पेड़ के नीचे बुद्ध भगवान को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। फल्गु नदी के तट पर बसा यह शहर जितना पौराणिक है उतना ही आधुनिक। इस जगह पर आकर आप कई मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों को देख सकेंगे। इस जगह पर वर्षों तक मौर्य और गुप्त वंश का शासन रहा है। इस जगह पर आकर आप बोधगया, महाबोधि मंदिर, मगला गौरी तीर्थ, विष्णुपद मंदिर, डुंगेश्वरी गुफा मंदिर, बोधि वृक्ष और मठ देख सकते हैं।
वैशाली – Vaishali

वैशाली बिहार का एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। इस जगह का बहुत ही ज़्यादा एतिहासिक महत्व है। इस जगह पर खुदाई में कई ऐसी चीज़ें मिली हैं जो भारत के समृद्ध इतिहास की गवाह हैं। जिसकी वजह से पर्यटन स्थल के साथ साथ इस जगह को एक पुरातात्विक स्थल के रूप में भी जाना जाता है। वैशाली कभी लिच्छवी शासकों की राजधानी थी। यह अंतिम जैन तीर्थंकर भगवान महावीर जी का जन्मस्थान भी है। महावीर जी का जन्म पूर्व वैशाली गणराज्य के एक गांव में हुआ था जिसका नाम कुंडलग्राम है। इस जगह पर आकर आप अवशेष स्तूप, राज्याभिषेक टैंक, कुटागरशाला विहार, विश्व शांति शिवालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण संग्रहालय देख सकते हैं।
राजगीर – Rajgir

मध्य बिहार के धार्मिक और घूमने वाले स्थलों की सूची में शामिल राजगीर एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जो अपने प्राकृतिक परिवेश और बौद्ध धर्म, जैन धर्म और हिंदू धर्म में आध्यात्मिक महत्व के लिए लोकप्रिय है। “देवताओं के निवास” में जाने जाना वाला, राजगीर शहर लगभग 3000 साल पुराना है। राजगीर को दो खंडों में वर्गीकृत किया गया है – एक मगध राजा अजातशत्रु द्वारा स्थापित किया गया है और दूसरा पूरी तरह से 7 राजसी पहाड़ियों से घिरा हुआ है।
शेर शाह सूरी का मकबरा सासाराम – Sher Shah Suri tomb Sasaram

सासाराम बिहार का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। इस जगह पर लोग घूमने के साथ शेर शाह सूरी का मकबरा देखने के लिए आते हैं। यह देश सबसे अच्छे मकबरों में से एक है। यह इतना सुंदर और आकर्षक है कि लोग इसे भारत का ताजमहल कहते हैं। यह शेर शाह सूरी को समर्पित एक भव्य और विशाल मकबरा है। इस मकबरे का निर्माण सोलहवीं शताब्दी के आसपास का माना जाता है। इस पूरी संरचना को बहुत ही खूबसूरती से संरक्षित किया गया है। यह मक़बरा वास्तुकला की दृष्टि से भी काफ़ी महत्वपूर्ण है। इससे इंडो-इस्लामिक शैली की झलक मिलती है। यह लाल पत्थर से बना एक बहुत ही सुंदर स्मारक है। सासाराम यात्रा के दौरान आपको इस जगह पर ज़रूर आना चाहिए।
नौलखा पैलेस राजनगर – Navlakha Palace Rajnagar

राजनगर बिहार राज्य का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। इसी शहर में स्थित है नौलखा पैलेस जो एक किसी ज़माने में एक बहुत ही सुंदर महल हुआ करता था। वर्तमान में इस जगह पर उस महल के अवशेष सिर्फ़ एक खंडहर के रूप में मौजूद है। यह महल रामेश्वर सिंह द्वारा बनाया गया था जो वहाँ के कभी शासक हुआ करते थे। यह अपने समय का एक बहुत ही शानदार महल हुआ करता था। लेकिन 1934 में आए एक खतरनाक भूकंप में यह तबाह हो गया और पूरी संरचना हिल गई। विनाश के बाद से ही इस पैलेस में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। यह महल खंडहर के रूप में ही सही अपनी निशानी को क़ायम रखे हुए है। आज भी इसकी संरचना को देखकर सैलानी आश्चर्यचकित रह जाते हैं। इस महल के परिसर में एक उद्यान, तालाब और मंदिर भी है।
बिहार घूमने के लिए सबसे अच्छा समय – Best Time To Visit Bihar
बिहार वैसे तो कभी भी जाया जा सकता है लेकिन सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच का माना जाता है। यह सर्दियों का मौसम होता है और मौसम बहुत ही शांत और सुरम्य होता है। इस मौसम के दौरान देश दुनिया भर से आए पर्यटक बिहार के दर्शनीय स्थलों का बिना किसी परेशानी के दौरा कर सकते हैं।
