Maut ke Deewane by James Headley Chase hindi novel - Grehlakshmi
Maut ke Deewane by James Headley Chase

मेरे और बिली के कुछ पल्ले नहीं पड़ रहा था।

बिली ने पूछा‒‘आपको यह कैसे पता चला कि डैबी का अपहरण कर लिया गया है।’

‘क्योंकि अपहर्ताओं ने हमें सूचना दी थी।’ फ्रेंक ने कहा।

बिली सीनियर ने ब्यौरा देते हुए बताया‒‘कल दोपहर जैक के नाम एक पत्र आया था। जैक ने वह पत्र मुझे दिखाया था। पहले तो हमें विश्वास नहीं हुआ….हम समझे कि कोई हमें बेवकूफ बना रहा है किन्तु जब डेबी कहीं दिखाई नहीं दी, तो हमें व्यग्रता होने लगी।’

मौत के दीवाने नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1

‘डेबी ठहरी कहां थी?’

‘मेरे घर।’ जैक चार्ल्स ने उलाहने भरी दृष्टि से मेरी ओर देखते हुए कहा‒‘मेरी बेटी जब से वापस आई थी, हर समय उदास रहती थी।’

मैंने जैक चार्ल्स को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘आपके कहने के अनुसार डेबी अन्तिम बार शनिवार दोपहर को देखी गई थी और आपको सोमवार तक पता नहीं चला कि वह लापता है। आप मुझे यह बताइए कि आपने उसका बिस्तरा देखा था कि वह सोता हुआ लगता था या उस पर बेड कवर बिछा हुआ था। उससे आपको साफ पता चल जाता कि डेबी घर आई थी या नहीं।’

‘थोड़ा धैर्य रखो टॉम।’ बिली सीनियर ने कहा‒‘हम यह समझे थे कि वह कहीं तुम्हारे पास वापस न चली गई हो।’

‘उस सूरत में वह कोई सन्देश छोड़ जाती।’ मैंने कहा‒‘डेबी हठी-सी तो है, किन्तु गैर जिम्मेदार नहीं….जब मेरे यहां से आई थी, तो मेरे नाम पत्र छोड़कर आई थी कि मैं मायके जा रही हूं। आप लोगों ने उसके कपड़ों की अलमारी ही देखी होती कि उसके सभी कपड़े मौजूद हैं या नहीं। अगर उसके कुछ कपड़े नहीं होते तो आपका यह सोचना उचित था कि शायद वह मेरे पास वापस चली गई हो।’

फ्रेंक ने कहा‒‘वह जब से यहां आई थी, तब से दूर-दूर सी रहती थी। उसके कपड़ों से क्या पता चल सकता था कि कौन से हैं और कौन से नहीं। तुम तो व्यर्थ की बातों में समय नष्ट कर रहे हो।’

मैंने फ्रेंक की बात की ओर कोई ध्यान न देते हुए जैक चार्ल्स से पूछा‒‘आप मुझे यह बताइए कि आपने अभी तक पुलिस को सूचित किया या नहीं?’

मेरे इस प्रश्न पर सबने मौन साध लिया। जैक चार्ल्स ने तो मेरे चेहरे से अपनी नजरें ही परे कर ली थीं। आखिर बिली सीनियर ने मौन तोड़ते हुए कहा‒‘बात यह है टॉम कि अपहरण एक फेडरल अपराध है यानी यह सीधा अमरीकी सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है, यदि यह प्रांतीय अपराध होता, यानी टेक्सास पुलिस के अधिकारी क्षेत्र में होता, तो हमने कब की रिपोर्ट कर दी होती और पुलिस जी जान से अपहर्ता की खोज में लग गई होती और किसी को कानों-कान खबर तक न होती‒क्योंकि टेक्सास में हमारा बहुत रसूख है….एक प्रकार से हम टेक्सास के मालिक हैं, पर चूंकि यह अपराध सेन्टर की देख-रेख में है, अतः इसकी जांच-पड़ताल केवल एफ. बी. आई. ही कर सकती है तथा एक बार कोई मामला एफ. बी. आई. के पास चला जाए, तो समाचार पत्रों में उसकी बहुत चर्चा होती है। इससे अपराधी को पता चल जाता है कि उसकी खोज की जा रही है। इस चीज को मद्देनजर रखते हुए हमने यह रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई….क्योंकि ज्योंही डेबी के अपहरणकर्ता को यह पता चलेगा कि हमने पुलिस की सहायता ली है त्यों ही वह डेबी की हत्या कर देगा। पुलिस में रिपोर्ट करके तो हम अपनी लड़की गंवा बैठेंगे।’

मैंने कहा‒‘तो इसका मतलब है कि आपने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की।

‘ना।’ बिली सीनियर ने उत्तर दिया।

बिली ने अपनी राय देते हुए कहा‒‘इसका एक ही उपचार है कि डेबी के अपहरणकर्ता को मुंहमांगी रकम दे दी जाए, वह अपने आप डेबी को रिहा कर देगा।’

‘काश! ऐसा हो सकता।’ बिली ने अपने पिता से पूछा।

बिली सीनियर ने मेरी ओर इशारा करते हुए कहा‒‘उसे यह चाहिए….वह टॉम के एवज में डेबी को रिहा करेगा।’

‘टॉम के एवज में डेबी को रिहा करेगा!’ बिली ने आश्चर्य से अपने पिता के शब्द दोहराते हुए कहा।

‘हां।’

‘वह क्यों?’

‘इसका उत्तर तो वही दे सकता है बिली।’

‘मैं यह मानने के लिए तैयार नहीं।’

‘आप लोग इन्हें वह पत्र क्यों नहीं दिखा देते?’ फ्रेंक ने कहा।

जैक, चार्ल्स ने अपनी जेब से एक तह हुआ पत्र निकाला तथा मेरे सामने रख दिया। बिली मेरे पीछे आकर खड़ा हो गया और हम दोनों वह पत्र पढ़ने लगे

डियर मिस्टर चार्ल्स,

आपको विश्वास तो नहीं होगा किन्तु यह बिल्कुल सच है कि आपकी पुत्री डेबोरहा मेगन (डेबी) हमारे अधिकार में है‒अर्थात हम उसे अपहृत कर लाए हैं। यह जानते हुए कि आप अपनी बेटी को सही सलामत वापस चाहेंगे, हम आपके सामने अपनी शर्ते पेश करते हैं। इन शर्तों पर किसी प्रकार की बातचीत नहीं की जा सकती‒

‘आपको अपने दामाद, टॉमस मेगन को किसी तरह यहां होस्टन बुलाना होगा। उसे आप किस बहाने से यहां बुलाएंगे, उससे हमारा कोई सम्बन्ध नहीं। अलबत्ता होस्टन में उसकी पहुंच की सूचना हमें अपने सूत्रों से मिल जाएगी।

आपकी बेटी की सुरक्षा एवं सलामती की कीमत यह है कि टॉमस मेगन को सही सलामत हमारे हवाले कर दें। तत्पश्चात आपकी बेटी तुरन्त आपको लौटा दी जाएगी। टॉमस मेगन ने यहां पहुंचते ही आदान-प्रदान का ब्यौरा आपके पास भेज दिया जाएगा।

साथ ही हम आपको यह बतला दें कि पुलिस को कोई सूचना देना आपकी बेटी के हित में खतरनाक सिद्ध होगा। उसकी जिम्मेदारी आप पर होगी।’

जब हम यह पत्र पढ़ चुके तो फ्रेंक ने कहा‒‘टेक्सास का हर गुण्डा यह जानता है कि हमारे परिवार की किसी स्त्री का अपहरण करके वह लाखों बटोर सकता है, किन्तु यहां के किसी गुण्डे में इतनी जुर्रत नहीं कि वह हमारी स्त्रियों पर मैली नजर डाल सके, पर ये गुण्डे तो अजीब गुण्डे हैं……इन्होंने हमारी लड़की का अपहरण किया और उन्हें कोई पैसा नहीं चाहिए‒वे डेबी के बदले टॉमस को अपने कब्जे में लेना चाहते हैं।’ तनिक चुप रहने के पश्चात फ्रेंक ने मेरी ओर देखते हुए कहा‒‘तुममें ऐसी….क्या विशेषता है कि एक अपहरणकर्ता हमारे पैसे के मुकाबले तुमको ज्यादा तरजीह देता है?’

‘तुम फिजूल की बातें मत करो।’ बिली ने फ्रेंक को डांटते हुए कहा।

‘यह तो टॉम पर निर्भर है कि वह इस मामले से कोई सम्बन्ध रखना चाहता है या नहीं।’

‘यदि टॉम अपनी पत्नी के संकट काल में उसकी सहायता नहीं कर सकता, तो इसे अपने आपको मर्द कहलाने का कोई हक ही नहीं। फ्रेंक ने क्रोध से कहा।

बिली मेरा पक्ष लेते हुए बोला‒‘तुम अपनी बताओ कि यदि तुम्हारी पत्नी तुम्हें छोड़ गई होती और जब उस पर कोई ऐसी विपत्ति आन पड़ती, तो तुम उसके लिए क्या करते?’

यह सुनते ही फ्रेंक का रंग फक्क-सा हो गया। मैं समझ गया कि फ्रेंक और उसकी पत्नी की आपस में नाइत्तफाकी है।

बिली सीनियर जो काफी समय से चुप बैठे थे, उन्होंने मुझे सम्बोधित करते हुए कहा‒‘टॉम, फ्रेंक ने बिल्कुल ठीक कहा है कि आखिर तुममें ऐसी क्या विशेषता है कि अपहरणकर्ता तुम्हें अपने अधिकार में लेने के लिए हमारी लड़की का अपहरण करे…तथा हमारे सामने यह शर्त रखे कि वह केवल तुम्हारे बदले में ही हमारी लड़की को रिहा करेगा।’

मैंने कहा‒‘इसका मैं क्या उत्तर दे सकता हूं। मेरे विषय में आप लोग भली-भांति जानते हैं कि मैं क्या हूं, कौन हूं, मेरी कितनी सम्पत्ति है।

‘आपने प्राइवेट गुप्तचरों से दो बार मेरी जांच-पड़ताल भी करवाई थी। पहली बार मुझसे साझेदारी करने से पूर्व और दूसरी बार जब मैंने डेबी से विवाह किया था। मेरे बारे में ऐसी तो कोई बात नहीं…जो मैं जानता होऊं और आप न जानते हों।’

बिली ने मुस्कराते हुए कहा‒‘तुम्हें कैसे ज्ञात हुआ था कि हमने प्राइवेट गुप्तचरों से तुम्हारी जांच-पड़ताल करवाई थी?’

‘मेरे होटलों में ठहर कर लोग मेरे मुलाजिमों से मेरे बारे में पूछताछ करें और मुझे पता न चले! यदि ऐसा होने लगा तो मैं अपने होटल चला चुका। तुम चाहो तो मैं तुम्हें उन गुप्तचरों का भी पूरा ब्यौरा दे सकता हूं।’

‘खैर छोड़ो इन बातों को।’ बिली ने नम्र भाव से कहा‒‘तुम इस समस्या पर गौर से ध्यान करो…हमारे सामने दो मुद्दे हैं…एक यह कि डेबी तुम्हें छोड़कर यहां चली आई और तत्पश्चात् उसका यहां से अपहरण कर लिया गया। तुम्हारे विचार में इन दो मुद्दों में यानी डेबी के तुम्हें छोड़कर यहां आने और फिर उसके अपहरण करने‒इन दोनों में क्या सम्बन्ध हो सकता है?’

‘मेरे विचार में तो इन दोनों में कोई सम्बन्ध नहीं।’ मुझे प्राप्त करने के लिए डेबी का अपहरण करना‒मेरी समझ से बिल्कुल बाहर की बात है।’

‘क्या हाल में तुम्हारे साथ कोई असाधारण घटना घटी थी?’ फ्रेंक ने पूछा।

‘हां।’ मेरी बजाय बिली ने फ्रेंक के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुझसे कहा‒‘तुम फ्रेंक को कैलिस वाला किस्सा बताओ।’

मैंने पूरा वृत्तांत फ्रेंक के सम्मुख बयान कर दिया।

फ्रेंक ने मुझसे पूछा‒‘यह कैलिस अभी तक नहीं पकड़ा गया?’

‘नहीं।’

‘वही इस मुसीबत की जड़ है।’

‘कैलिस का डेबी के अपहरण से क्या सम्बन्ध हो सकता है?’ मैंने मेज पर पड़े हुए अपहरणकर्ता के पत्र की ओर इशारा करते हुए कहा‒‘मैं कैलिस से मिल चुका हूं…वह इतना पढ़ा-लिखा नहीं है कि ऐसा पत्र लिख सके।’

बिली सीनियर ने हस्तक्षेप करते हुए मुझसे कहा‒‘तुमने अभी तक मेरे प्रश्न का उत्तर नहीं दिया कि तुममें ऐसी क्या विशेषता है कि अपहरणकर्ता तुम्हारे बदले में ही डेबी को..रिहा करेंगे।’

‘मैंने आपसे कहा ना कि मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता और न ही इसका कोई महत्व है। महत्व तो इस बात का है…कि डेबी की रिहाई के लिए क्या कदम उठाया जाए।’

‘यही तो मैं तुमसे जानना चाहता हूं…।’ फ्रेंक ने मुझसे कहा।

‘मैं आदान-प्रदान के लिए राजी हूं। आप मुझे उनके हवाले कर दीजिए…डेबी रिहा हो जाएगी। डेबी को रिहा करवाने का और कोई रास्ता नहीं।’

मेरी बात सुनकर कुछ क्षण के लिए सबको जैसे लकवा-सा मार गया। तब जैक चार्ल्स ने मौन तोड़ते हुए कहा‒‘टॉम, मैं तुम्हें अब तक गलत समझता रहा था…मैं अपनी गलती के लिए तुमसे क्षमा मांगता हूं।’

मैंने कहा‒‘यह सब कुछ तो बाद में भी कहा-सुना जा सकता है। अब तो आप लोग यह योजना बनाइए कि इस आदान-प्रदान को कैसे अमल में लाया जा सकता है?’

बिली सीनियर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा‒‘हम दामाद को गंवा कर बेटी हासिल नहीं करना चाहते। कल को तुम्हें कुछ हो गया तो हमारी बेटी विधवा हो जाएगी तथा यह बात जीवन पर्यन्त हमारे अन्तःकरण को कचोटती रहेगी कि हमने अपनी बेटी को हासिल करने के लिए अपने दामाद को मौत के मुंह का निवाला बना दिया था। हमारा उद्देश्य तो यह है कि हमें डेबी भी मिल जाए और तुम्हारा भी बाल-बांका न हो। तुम्हें उनके हवाले करने से पहले हम तुम्हारे शरीर के अंग पर मिनी ट्रांसमीटर लगा देंगे, ताकि तुम उनके अधिकार में रहो, तो हमें पूरी सूचना मिलती रहे कि तुम कहां पर हो तथा वह अपहरणकर्ता कौन लोग हैं। एक बार हमें उनका पता लग जाए‒फिर हम अपने आप उनसे सुलट लेंगे।’

‘पर यह होगा कैसे?’

जैक चार्ल्स ने आदर भरी दृष्टि से मेरी ओर देखते हुए कहा‒‘हमारा सुरक्षा विभाग किस मर्ज की दवा है! वह इस संकट काल के समय हमारे काम नहीं आयेंगे, तो हमें उनका क्या फायदा! तुम इस विषय में बिल्कुल निश्चिन्त रहो।’

बिली सीनियर ने अपने बड़े भाई जैक चार्ल्स को परामर्श देते हुए कहा‒‘बात जितने कम लोगों को मालूम हो उतना ही डेबी के हित में अच्छा है। मेरे विचार में तो अब आप भी जाकर आराम करें। सुबह मैं और फ्रेंक पूरी बात आपके सम्मुख कर देंगे।’

सुबह के चार बजना चाहते थे। जैक चार्ल्स पहले ही बहुत थके हुए थे अतः वह वहां से चले गए। उनके जाने के पश्चात बिली सीनियर ने फ्रेंक और जो के अलावा बाकी सबको भी वहां से भेज दिया। अब मैं, बिली, बिली सीनियर, जो तथा फ्रेंक बाकी रह गए थे।

मैंने बिली से कहा‒‘अपहरणकर्ताओं को ये कैसे ज्ञात होगा कि तुम लोग डेबी को हासिल करने के लिए मुझे उनके हवाले करने के लिए तैयार हो।’

उत्तर बिली के बजाय बिली सीनियर ने दिया‒‘तभी तो हमने जो को यहां रोका हुआ है। इसकी पत्नी लिण्डा बहुत ही कौतूहली है। जब तक यह उसे बता नहीं देता कि आज की बैठक में हमने क्या निर्णय लिया है, वह इसके कान खाती रहेगी। हम जो को बता देंगे कि यह लिण्डा के कान में इस बात की भनक डाल दे कि हम आदान-प्रदान के लिए सहमत हैं। लिण्डा को बस पता लगने की देर है कि समझ लो कि होस्टन में खबर फैल गई।

‘अपहरणकर्ताओं को अपने आप ही पता चल जाएगा कि हम डेबी के बदले टॉम को उनके हवाले करने के लिए तैयार हैं।’

बिली सीनियर ने जो को सम्बोधित करते हुए कहा‒‘तुम सुरक्षा उपायों के विषय में हम सबसे बेहतर जानते हो। तुम बताओ कि हम अपनी इस योजना को किस ढंग से अमल में लायें कि टॉम को उनके हवाले करने के पश्चात हमें हर क्षण मालूम रहे कि वह क्या करते हैं, ताकि हम लोग उनको बुरे के घर तक पहुंचा सकें।’

जो ने मेरी ओर देखते हुए कहा‒‘मुझे तुम्हारे तन के कपड़ों की यानी बनियान, अण्डरवियर, कमीज, पतलून, एवं जुराबों आदि की जरूरत पड़ेगी। मैं इनमें छोटे-छोटे यन्त्र फिट कर दूंगा, जो हमारे ट्रांसमीटर से जुड़े होंगे। जब तुम उनके नियन्त्रण में होगे तो इन यन्त्रों द्वारा हमें हर समय पता चलता रहेगा कि तुम कहां पर हो, तुम्हारे साथ क्या बातचीत की जा रही है तथा उनका तुम्हें कहीं ले जाने का प्रोग्राम है, वगैर वगैर।’

फिर तब जो ने बिली सीनियर को सम्बोधित करते हुए कहा‒‘इसके अलावा मुझे कुछ कारों, हैलीकाप्टरों एवं एक अजनबी तेज गति वाली स्टीम बोट की भी आवश्यकता पड़ेगी…क्योंकि हो सकता है वे लोग टॉम को अपने अधिकार में लेने के पश्चात किसी और जगह या किसी और द्वीप पर ले जाना चाहें।’

फ्रेंक ने हस्तक्षेप करते हुए कहा‒‘स्टीम बोट की बजाय तुम चाहो तो मेरा छोटा याट ले सकते हो…वह बहुत तेज भागता है।’

‘बिल्कुल नहीं।’ जो ने आपत्ति करते हुए कहा‒‘मैं चार्ल्स कारपोरेशन की कोई चीज इस्तेमाल नहीं करना चाहता। हमारी हर चीज पहचान ली जाएगी। इससे उनको….सन्देह हो जाएगा कि हम उनका पीछा कर रहे हैं। हम हर चीज बाहर से किराये पर लेंगे।’

‘हम यही बातें कर रहे थे कि टेलीफोन की घंटी बजने लगी। जो ने टेलीफोन सुनकर हमें बताया कि सुरक्षा विभाग वाले कह रहे हैं कि अभी-अभी एक आदमी जैक चार्ल्स के नाम एक बन्द लिफाफा देकर गया है।’

बिली ने जो से कहा‒‘तुम वह लिफाफा ऊपर मंगवा लो।’

बिली सीनियर विचारमग्न भाव से बोले‒‘हमें अपनी सिक्यूरिटी की भी निगरानी करनी पड़ेगी।’

बिली ने अपनी राय देते हुए कहा‒‘हम यह मामला किसी प्राइवेट गुप्तचर एजेन्सी को सौंप दें तो बेहतर होगा।’

फ्रेंक बोला‒‘मुझे तो अपने सुरक्षा विभाग पर भी शक होने लगा है कि कहीं इनमें से ही किसी की उनके साथ सांठ-गांठ न हो।’

बिली सीनियर ने फ्रेंक के साथ सहमति प्रकट करते हुए कहा, ‘मुझे भी कुछ ऐसा ही प्रतीत होता है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि हमें अपने सूत्रों से टॉम के यहां पहुंचने का पता चल जाएगा। टॉम को पहुंचे अभी दो घंटे भी नहीं हुए कि वह जैक के नाम दूसरा पत्र भी छोड़ गए हैं। इससे साफ जाहिर है कि उनको यहीं से किसी ने सूचित किया है।’

बिली सीनियर ने जो से कहा‒‘ऐसा करो जो कि सुरक्षा विभाग की पूरी स्क्रीनिंग कर डालो। जिस पर तुम्हें तनिक-सा भी सन्देह हो, उसकी छुट्टी कर दो।’

तभी दरवाजा खुलने की आवाज सुनाई दी। जो अपनी जगह से उठा और दरवाजा खोलकर आने वाले से वह पत्र ले आया जो डेबी के अपहरणकर्ताओं ने थोड़ी देर पहले जैक चार्ल्स के नाम भेजा था। उन्होंने पत्र में निर्देश दिए थे कि बृहस्पतिवार की संध्या को मुझे किस समय और किस स्थान पर अकेला छोड़ा जाए‒साथ ही उन्होंने यह लिखा था कि जब उन्हें निश्चय हो जाएगा कि आस-पास हमारा कोई आदमी नहीं है तो वे मुझे अपनी…हिरासत में ले लेंगे तथा उसके दस मिनट पश्चात ही डेबी को रिहा कर देंगे।’

फ्रेंक ने कहा‒‘आज मंगल की सुबह है और उन्होंने बृहस्पतिवार की संध्या को टॉम को हिरासत में लेने को लिखा है‒इसका मतलब है कि हमारे पास पूरे तीन दिन हैं। हम इस दौरान पूरी तैयारी कर सकते हैं।’

बिली सीनियर ने थके-से स्वर में कहा‒‘इस समय सुबह के पांच बजे हैं। तीन-चार घंटे आराम कर लें तो बेहतर है। सुबह ताजा दम होकर इस पर विचार-विमर्श करेंगे।’ कहकर बिली सीनियर कमरे से बाहर चले गए।

बिली ने मुझसे कहा‒‘चलो टॉम, तुम मेरे घर चलो। तुम वहीं आराम करना।’

Leave a comment