Summary: मल्टी टैलेंटेड है ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ के मेजर इकबाल की ऑनस्क्रीन बेटी
‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ में मेजर इकबाल की बेटी का किरदार निभाकर अहिदा सरमई ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। डाउन सिंड्रोम से जुड़ी होने के बावजूद उन्होंने अपने टैलेंट और आत्मविश्वास के दम पर एक खास पहचान बनाई है।
Who is Ahida Sarmai: ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का बड़ा स्केल, बड़े स्टार्स और शानदार प्रस्तुति के बीच एक नया चेहरा चुपचाप दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा है। फिल्म में मेजर इकबाल की बेटी का किरदार निभाने वाली अहिदा सरमई इस फिल्म की सबसे प्यारी खोज बनकर उभर रही हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि असरदार एक्टिंग के लिए हमेशा बड़े नामों की जरूरत नहीं होती।
कौन हैं अहिदा सरमई?
फिल्म में अहिदा सरमई ने मेजर इकबाल की बेटी का किरदार निभाया है, जो कहानी में एक भावनात्मक गहराई जोड़ता है। भले ही फिल्म में रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े स्टार्स इस फिल्म में मौजूद हैं, लेकिन अहिदा की मासूमियत और सहज एक्टिंग ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस इतनी प्रभावशाली है कि वह अपनी छोटी सी भूमिका में भी एक अलग पहचान बनाने में सफल रही हैं।
डाउन सिंड्रोम बच्ची हैं अहिदा
अहिदा की सबसे खास बात यह है कि वह डाउन सिंड्रोम से जुड़ी हैं, लेकिन उन्होंने इसे कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उन्होंने अपने कॉन्फिडेंस और मेहनत के दम पर यह साबित किया है कि अगर जुनून सच्चा हो, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। उनकी परफॉर्मेंस में जो ईमानदारी और सच्चाई नजर आती है, वही उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है।
मल्टी टैलेंटेड हैं अहिदा
सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं, अहिदा का सफर कला के कई रूपों से जुड़ा हुआ है। वह एक एक्टिव थिएटर आर्टिस्ट भी हैं और ‘रामायण’, ‘आशा की किरण’ और ‘वो खुला आसमान’ जैसे स्टेज प्रेजेंटेशन का हिस्सा भी रह चुकी हैं। इसके अलावा, अहिदा एक प्रतिभाशाली पेंटर भी हैं। उनकी बनाई पेंटिंग्स देश के प्रतिष्ठित स्थानों पर प्रदर्शित हो चुकी हैं, जिनमें राष्ट्रपति भवन और मुंबई का नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स शामिल हैं।
अहिदा की उपलब्धियां यहीं तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने ‘मिस इंडिया (डाउन सिंड्रोम) 2022’ में रनर-अप का खिताब जीता और ‘मिस दिल्ली (स्पेशल चिल्ड्रन) 2024’ में भी रनर-अप रहीं।
अहिदा के एक्टिंग करियर की शुरुआत
‘धुरंधर 2’ से पहले भी अहिदा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कर दी थी। वह ‘मकतूब’ और ‘बेबक़ाईन’ जैसी शॉर्ट फिल्मों में काम कर चुकी हैं, जो अभी रिलीज होना बाकी हैं। धीरे-धीरे वह इंडस्ट्री में अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं और उनका यह सफर आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
अहिदा की कहानी सिर्फ एक कलाकार की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह हौसले, मेहनत और सपनों को सच करने की प्रेरणा भी है। उनके माता-पिता भी उनके इस सफर पर गर्व महसूस करते हैं और बताते हैं कि अहिदा की मेहनत और चुनौतियों से लड़ने की क्षमता सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने ‘धुरंधर 2’ की टीम से मिले सहयोग को भी सराहा, जिसने उन्हें एक चुनौतीपूर्ण माहौल में आगे बढ़ने में मदद की।

