World Ocean Day: लहरों के साथ उछलता-कूदता समुद्र का पानी जब किनारों से टकराता है तो मानों अपने साथ सारी परेशानियां भी समुद्र की गहराइयों में समेट लेता है। जरा सोचिए अगर समुद्र का यही पानी नीली रोशनी से जगमग दिखे तो नजारा कितना खूबसूरत होगा। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए आपको विदेशों में जाने की कोई जरूरत नहीं है। भारत में ही ऐसे कई शानदार बीच हैं, जो रात होते ही चमक उठते हैं। चलिए वर्ल्ड ओसियन डे पर जानते हैं इन खास बीचेज के बारे में-
बेतालबातिम बीच, गोवा

गोवा अपने शानदार, खूबसूरत बीचेज के लिए दुनियाभर में मशहूर है। इसे बीच सिटी कहा जाता है। वैसे तो यहां का हर बीच खास है, लेकिन सबसे अलग है बेतालबातिम बीच। दक्षिण गोवा में कोलवा और मजोर्दा के बीच स्थित यह साफ बीच आपका मन मोह लेगा। सफेद रेत से टकराती नीली लहरें, इसे एक परफेक्ट हॉलिडे डेस्टिनेशन बनाती है। यहां आप डॉल्फिन भी देख सकते हैं। खास बात यह है कि रात होते ही यह बीच चमकने लगता है। यहां मौजूद एल्गी इसका कारण है। अपनी इसी खासियत के कारण यह बीच दुनियाभर में मशहूर है।
मट्टू बीच, कर्नाटक

प्रकृति के खजाने से धनवान कर्नाटक पर्यटकों का मशहूर ट्रेवल डेस्टिनेशन है। वैसे तो यहां कई समुद्री बीच हैं, लेकिन सबसे खास है मट्टू बीच। उदुपी से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित इस बीच को देखना किसी सपने जैसा है। रात होते ही समुद्र के पानी पर मानों रोशनी से भरे चमकीले बुलबुले तैरने लगते हैं। इसका मुख्य कारण सी स्पार्कल नामक समुद्री जीव है। इस चमत्कार को देखने के लिए यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
तिरुवनमियूर बीच, चेन्नई

चेन्नई अपने साफ सुथरे बीचेज के लिए मशहूर है। लेकिन यहां का सबसे मशहूर बीच है तिरुवनमियूर। दरअसल, यह बीच कुछ साल पहले तक अन्य बीचेज की तरह ही सामान्य था। लेकिन साल 2019 में यहां का पानी रात में चमकने की बात सामने आई। शोध में पता चला कि बायोल्यूमिनिसेंस के कारण इस बीच का पानी चमकता है। जिसके बाद यह काफी चर्चा में आ गया। आज यह पर्यटकों का फेवरेट बीच है।
हैवलॉक आइलैंड, अंडमान
अंडमान के बीच इतने साफ हैं कि यहां का समुद्र तल तक आपको नजर आता है। वैसे तो यहां का हर एक बीच खास है लेकिन सबसे स्पेशल है हैवलॉक आइलैंड। यह बीच शाम ढलने के साथ ही चमकता है। यह नजारा नवंबर से फरवरी के बीच और भी अद्भुत नजर आता है। यह चमत्कार देखने के लिए यहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं।
क्यों मनाया जाता है वर्ल्ड ओसियन डे
लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण समुद्रों और महासागरों को काफी नुकसान हो रहा है। इसका सीधा असर समुद्री जीवों पर भी पड़ता है। महासागर हमारी जिंदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इनकी सुरक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से हर साल 8 जून को वर्ल्ड ओसियन डे मनाया जाता है। साल 2023 में इसकी थीम रखी गई है “प्लैनेट ओशन: टाइड्स आर चेंजिंग”।