अपने शहर में शादी की बड़ी सहूलियतें मिलती हैं क्योंकि वो शहर आपके जान पहचान का होता है। वहां की चीजों के बारे में आपको जानकारी रहती है। फिर चाहे वो शॉपिंग की जगह हो, बैंक्वेट हो, होटल हो, वेडिंग प्लानर, केटरर हो। लेकिन अगर यही सारे काम आपको दूसरे शहर में करने पड़ें तो इसके लिए एक बेहतर प्लान हर बाराती या घराती को करना चाहिए।

कैसा है शहर :-  अगर शहर छोटा है तो आपको ज्यादा मशक्कत करनी पड़ेगी। क्योंकि हो सकता है कि वहां आपको वो सुविधाएं ना मिल पाएं, जिसकी आपको जरूरत है। मसलन बढिय़ा शॉपिंग प्लेस, बढिय़ा बैक्वेट या फिर वो सारी सुविधाएं जो एक शादी में जरूरत होती हैं। ऐसे में कम से कम शॉपिंग तो अपने शहर से ही करके जाएं, ताकि वहां पहुंचकर बेस्ट जगह को चुनने का टाइम रहे।

पैकेज का ध्यान रखें :-  अगर आप किसी छोटे शहर से बड़े शहर में शादी की प्लानिंग कर रहे हैं तो वहां के बजट का ध्यान जरूर रखें। वहां का ऐसा मार्केट ढूढें जो आपके बजट में फिट हो। बड़े शहरों के बड़े प्लानर शायद आपका बजट बिगाड़ सकते हैं। ऐसे में ध्यान रहे कि इन जगहों में ऐसे कौन-कौन से वेडिंग प्लानर हैं जो आपके वेडिंग बजट में सूट करते हैं इसकी लिस्ट बनाएं।

15-20 दिन पहले पूरी तैयारी :-  अगर शादी आपके ही शहर में है तो फिर चिंता की कोई बात नहीं। आप अपने काम के बीच में समय निकालकर उसे निबटाते रहेंगे, तो भी ठीक है, लेकिन अगर ये शादी दूसरे शहर में है तो ध्यान रहे कि शादी वाले शहर में 15-20 दिन का कम से कम समय लें। इससे आप जल्दबाजी से बच जाएंगे।                                                

                                  
 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कौन-कौन से होटल्स हैं बजट में :- रिश्तेदारों को ठहराने के लिए होटल का इंतजाम करना जरूरी है। ऐसे में कौन से होटल आपके बजट में सूट करते हैं, लिस्ट बनाकर विजिट करें। देंखें वहां क्या क्या सुविधाएं हैं। वहां सिर्फ रुकने की व्यवस्था है या खाने पीने की भी, क्योंकि जहां रहना और खाना पीना सब मिले, वो होटल आपके लिए बढिय़ा होगा क्योंकि यहां आप निश्चिंत रहेंगे।

चेकलिस्ट बनाएं :- शादी आपके शहर में हो या किसी दूसरे शहर में, जरूरी है कि आप अपनी चेकलिस्ट बनाएं। उस चेकलिस्ट में सारे सामान, बुकिंग, से लेकर हर छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी चीजें शामिल हों। ये चेकलिस्ट आपके लिए सुविधाजनक रहेगी। जब भी आप परेशान होंगे तो एक बार अपनी चेकलिस्ट से मिलान कर लें।

 

लोकेशन ऐसी जहां मिले सब कुछ :- बैक्वेट हॉल हो या होटल उस शहर में ये दोनों चीजें ऐसी लोकेशन पर होनी चाहिए जहां से सारी सुविधाएं जैसे आने जाने का साधन मिलें। इसके अलावा आसपास का एरिया ऐसा हो जहां मार्केट से जरूरत पडऩे पर सामान मिल सके।

अच्छे केटरर का चुनाव :-  शादी की सबसे महत्वपूर्ण चीज है केटरिंग, क्योंकि यह आपके पूरे फंक्शन के लिए बहुत जरूरी है। कुछ दिन पहले ही उस शहर जाकर केटरर से मिल लें और उसके बनाए खाने को टेस्ट जरूर कर लें। खाने का जरूरी मेन्यू ही रखें। खाने का हिसाब किताब अच्छी तरह तय करें।

लोकल खाना भी मेन्यू में रखें :-  जिस शहर में आप वेडिंग प्लान कर रहे हैं वहां के लोकल स्ट्रीट फूड को शादी के मेन्यू का हिस्सा जरूर बनाएं। हर शहर में स्ट्रीट  फूड की अपनी खासियत होती है और शहर छोटा हो या बड़ा सभी में कुछ खास जायका जरूर होता है तो उन डिशेज को मेन्यू में जरूर शामिल करें।

लोकल रिश्तेदारों की मदद लें :- 

                       
अगर आप दूसरे शहर में वेडिंग प्लान कर रहे हैं तो वहां के अपने रिश्तेदारों की मदद लें। जैसे कौन सी जगह है शॉपिंग की। होटल्स के बारे में पूछताछ, वहां का हॉट लोकेशन, वहां का बजट, खानपान से लेकर सजावट और छोटे से छोटे और बड़ी से बड़ी चीजों की पूरी जानकारी आपको लोकल रिश्तेदारों से मिल जाएगी।

दुल्हन के लिए हो बढिय़ा सैलून :- अगर शहर बड़ा है तो सैलून भी बेस्ट मिलेंगे लेकिन अगर शहर छोटा है और वहां आपके मन मुताबिक सैलून नहीं तो सबसे अच्छा ऑप्शन है कि आप अपने शहर से बढिय़ा मेकअप आर्टिस्ट लेकर जाएं। क्योंकि शादी में मेकअप अच्छा होना जरूरी है, आखिर ये स्पेशल डे है।

फोटोग्राफर और वीडियो प्लानिंग :- हर कोई अपने इस खास दिन को कैमरे में कैद करना चाहता है। फिर चाहे वो खूबसूरत फोटोज हों या फिर उन खास लम्हों की वीडियो। ऐसे में आपका फोटो और वीडियो सबसे स्पेशल बने, इसके लिए दोनों का प्रोफेशनल होना जरूरी है। वहां के फेमस फोटो और वीडियो वाले से संपर्क करें। 

शॉपिंग प्लेस की जानकारी :- शादी के घर में हर दिन किसी ना किसी चीज की तब तक जरूरत पड़ती ही रहती है जब तक कि शादी संपन्न ना हो जाए। आप अपने घर के स्पेशल फंक्शन के लिए उस शहर के शॉपिंग प्लेस के बारे में पूरी जानकारी रखें। लोकल मार्केट से लेकर मॉल्स या फिर बड़े मार्केट के बारे में पता कर लें।

उस शहर का आइडिया ले लें :- किसी दूसरे शहर में अगर शादी की प्लानिंग है तो वहां के बारे में जानकारी रखें। मसलन कि आपके वेडिंग डेस्टिनेशन से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का रास्ता क्या है, कितनी दूरी है। इससे शादी में शामिल होने वाले रिश्तेदारों को समझाने में आसानी रहेगी।

                                                   

मौसम का रखें ध्यान :- शादी  की प्लानिंग करते वक्त मौसम का ध्यान रखें। अगर गर्मी है तो एसी का इंतजाम जरूरी होगा। अगर शादी ठंड में है तो रजाई, कंबल का इंतजाम करना होगा। अगर उस शहर का तापमान सामान्य है तो आपके ये खर्चे बच जाएंगे।

कुछ कारगर आइडियाज :- दूसरे शहर में शादी करना एक बड़ा टास्क होता है क्योंकि आप उस शहर से अंजान होते हैं। शादी वाले घर के लिए कुछ जरूरी आइडियाज- 

  • खास-खास लोगों को बुलाएं
  • सजावट सिंपल और सोबर रखें
  • मेन्यू सीजन के हिसाब से रखें
  • पर प्लेट का सिस्टम ना रखें
  • सजावट पर बहुत ज्यादा खर्च ना करें