Wedding Shopping Tips: अपने देश में शादी किसी त्योहार से कम नहीं! स्वादिष्ट खाना, नाच, गाना, फैंसी ड्रेसे और उत्साह से भरे लोग मिलकर एक विवाह की पृष्ठभूमि तैयार करते हैं। शादी की तैयारी और उसको अमलीजामा पहनाना एक फुल टाइम जॉब है। शादी में सबसे जरूरी चीज होती है दुल्हन के कपड़े और उसके द्वारा पहनी जाने वाली ज्वेलरी। दुल्हन की ड्रेस सबसे अलग हो, इसके लिए बहुत सारा रिसर्च और कई बार ट्रैवल करने की भी जरूरत पड़ जाती है। अपने देश में कई ऐसी जगहें हैं, जहां पर शादी की ड्रेस का कलेक्शन इतना शानदार है कि आप चकित रह जाएं! इन जगहों पर यह सारा कलेक्शन बजट के भीतर मिल जाता है। आज इस लेख में हम ऐसी ही जगहों के बारे में जानेंगे, जहां शादी की मस्त शॉपिंग की जा सकती है।
हमारी दिल्ली
शादी की शॉपिंग के लिए दिल्ली एसबसे महत्वपूर्ण और नंबर वन हॉटस्पॉट है। फिर चाहे चांदनी चौक का जिक्र हो या करोल बाग का या अजमल खान रोड का ही सही! इन जगहों पर आपको कई तरह के और लेटेस्ट कलेक्शन वाले शादी के आउटफिट्स मिल सकते हैं। यहां आपको मनीष मल्होत्रा, सत्या पॉल, ऋतु कुमार, सब्यासाची जैसे बड़े डिजाइनर की वेडिंग आउटफिट की कॉपी आसानी से आपके बजट में मिल जाएगी। कीमत इतनी कम कि आप हैरान रह जाएंगी। यहां आपको सब्यसाची के लहंगे की कॉपी 20 हजार में मिल जाएगी। अगर आपका बजट थोड़ा ज्यादा है, तो आप ग्रेटर कैलाश, साउथ एक्स, हौज खास, शाहपुर जाट जैसी जगहों पर भी जाकर अपने लिए डिजाइनर लहंगा ले सकती हैं। यही नहीं, मीना बाजार, सत्या पॉल, फ्रंटियर बाजार जैसे स्पेशल ब्रांड भी दिल्ली में है। इन जगहों पर आप अपने बजट के अनुसार शादी की शॉपिंग कर सकती हैं। ज्वैलरी शॉपिंग के लिए भी ये सभी जगहें बेस्ट हैं।
आमची मुंबई
इस बात में कोई दो राय नहीं है कि मुंबई भारत का फैशन कैपिटल है। दिल्ली का चांदनी चौक और करोल बाग शादी की शॉपिंग के लिए फेमस है तो मुंबई में नटराज मार्केट और ज़वेरी बाजार की बात ही अलग है! नटराज मार्केट में आपको हर तरह की ड्रेस के साथ ज्वेलरी भी बहुत सही रेंज में मिल जाती है। यहां इतने खूबसूरत लोकेशन, स्वादिष्ट खाना और वेडिंग आउटफिट की रेंज आपको मिलेगी कि आप की वेडिंग शॉपिंग को देखकर लोग जल उठेंगे। फिर बात चाहे मनीष मल्होत्रा की हो या अनिता डोंगरे की, आपको लगभग हर फैशन डिजाइनर का डिजाइनर स्टोर मुंबई में मिल जाएगा। अगर आप बजट में अपनी शादी की शॉपिंग करना चाहती हैं, तो उसके लिए गांधी मार्केट, मसरानी स्टेट और भूलेश्वर परफेक्ट है।
यह भी पढ़ें | Sindoor DIY: जानिए घर पर लिक्विड सिंदूर बनाने का आसान तरीका
डायमंड सिटी सूरत
इंटरनेट का जमाना आते ही सूरत शहर का नाम शॉपिंग के मामले में ऊपर आ गया है। शादी की शॉपिंग के लिए यह जगह इसलिए परफेक्ट है क्योंकि, यहां आपको कम से कम बजट और अधिक से अधिक बजट में लहंगे और साड़ियों का जबरदस्त कलेक्शन मिल सकता है। शादी की शॉपिंग में लोगों को गिफ्ट देने के लिए भी आप यहां कपड़े खरीद सकती हैं। फिर चाहे आप को किसी बड़े डिजाइनर की कॉपी वाली वेडिंग ड्रेस लेनी हो या फिर परंपरागत गुजराती साड़ी, सूरत से बेहतरीन कोई और जगह नहीं है। अगर आप अपनी शादी के लिए डायमंड ज्वेलरी खरीदने का शौक रखती हैं, तो उसके लिए भी सूरत बेस्ट है। यूं ही सूरत को डायमंड सिटी नहीं कहा जाता, यहां डायमंड ज्वेलरी में जितनी वेरायटी मिल जाएगी, वह शायद ही देश के किसी अन्य शहर में मिल सके।
भालो कोलकाता
शादी की शॉपिंग के लिए अगर आप कोलकाता जाना चाहें, तो यह भी एक परफेक्ट प्लेस है। खासकर साड़ी की शॉपिंग के लिए कोलकाता की बराबरी कोई और शहर नहीं कर सकता। बनारसी साड़ी, बालूचरी साड़ी, कांथा थ्रेड वाली साड़ी किसी भी वेडिंग वार्डरोब को कंप्लीट करती है। अगर आप अपने लिए या अपने घर में किसी और के लिए खूबसूरत साड़ियां लेना चाहती हैं, तो उसके लिए कोलकाता का गरिया हाट और बड़ा बाजार परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां लहंगे भी इतनी खूबसूरत और क्लासी मिलते हैं कि उन्हें पहनकर आप खुद को किसी रानी से कम नहीं समझेंगी। अगर आप की ख्वाहिश हाई एंड वेडिंग शॉपिंग करने की है, तो आप यहां के सब्यसाची फ्लैग शिप स्टोर से अपने लिए ड्रीम लहंगा ले सकती हैं। यहां आपको ट्रेडिशनल बांग्ला ज्वेलरी मिल जाएंगी, जो आपको भारत के किसी ओर शहर में मुश्किल से ही मिलेंगी।
नम्मा बेंगलुरु
भारत का इलेक्ट्रॉनिक सिटी कहा जाने वाला शहर बैंगलोर वेडिंग आउटफिट का बढ़िया कलेक्शन प्रदान करता है। अगर आपको सिल्क की साड़ी पहनने का शौक है या आप अपने लिए एक शानदार कांजीवरम साड़ी लेना चाहती हैं, तो बेंगलुरु से बढ़िया कोई और जगह आपको नहीं मिलेगी। अंगाड़ी गैलरिया जैसे हाई एंड फैशन स्टोर से आप अपने लिए ड्रीम वेडिंग साड़ी ले सकती हैं। अगर आपका इरादा डिजाइनर स्टोर से शॉपिंग करने का है, तो उसके लिए इंदिरा नगर बेस्ट है। और अगर आप बजट शॉपिंग करना चाहती हैं तो कमर्शियल स्ट्रीट से बढ़िया और कौन सी जगह हो सकती है! गोल्ड की ज्वेलरी के लेटेस्ट और ट्रेडिशनल डिजाइन भी आपको यहां मिल जाएंगे।