Parenting
Finger Food Credit: Istock

Overview: छह महीने बाद बच्चे को दें ये फिंगर फूड्स, सेहत में होगा इजाफा

फिंगर फूड्स बच्चे के फाइन मोटर स्किल्स और आंख-हाथ समन्वय को बेहतर बनाते हैं। 8-9 महीने की उम्र में बच्चे खुद खाने के संकेत देने लगते हैं।

Baby Finger Food: बच्चे अपने आसपास की हर चीज को उठाकर उसे मुंह में डालने की कोशिश करते हैं। जब वे किसी को खाते हुए देखते हैं तो उसे छीनने का पूरा प्रयास करते हैं। जब बच्‍चा खाने को देख ऐसी प्रतिक्रिया देने लगे तो समझ जाइए कि अब आपका बच्‍चा खाने के लिए तैयार है। छह महीने की आयु के बच्‍चों को हल्‍का आहार दिया जाता है। इस उम्र में आप अपने नन्हे-मुन्ने को अपने आप खाने की आदत डाल सकते हैं। इससे न केवल बच्‍चे खाने को पहचानना सीखते हैं बल्कि उनका पेट भी लंबे समय तक भरा रहता है। ऐसे में आप बच्‍चे को फिंगर फूड्स दे सकते हैं। फिंगर फूड क्‍या होते हैं और इसे कैसे तैयार किया जाता है चलिए जानते हैं इसके बारे में।

क्‍या है फिंगर फूड्स

बच्‍चों को जरूर दें फिंगर फूड्स
What are finger foods

फिंगर फूड्स ऐसे आसान खाद्य पदार्थ या छोटे टुकड़े हैं, जिन्हें बच्चे स्वयं उठाकर खा सकते हैं।  जो हमेशा इधर-उधर घूमते रहते हैं, अक्सर खुद से खाना खाने की कोशिश करते हैं। फिंगर फूड्स उनके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं, जो उनके छोटे पेट को भरने और एनर्जी प्रदान करने में मदद करते हैं।

किस उम्र में शुरू करें फिंगर फूड्स

कुछ माता-पिता छह महीने की उम्र में बच्चों को फिंगर फूड्स देना शुरू करते हैं। आमतौर पर 8 से 9 महीने की उम्र के बीच, बच्चा संकेत देना शुरू करता है कि वह खुद से खाने के लिए तैयार है। शुरुआत में यह चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि फिंगर फूड्स के साथ बच्चों को समन्वय बनाने में परेशानी आ सकती है। साथ ही थोड़ी गंदगी भी होती है। लेकिन धीरे-धीरे, वह अपनी अंगुलियों और अंगूठे का उपयोग करके भोजन को पकड़ना सीखेगा। इस प्रक्रिया को पिंसर ग्रास्प कहा जाता है, जो एक महत्वपूर्ण फाइन मोटर स्किल है।

ऐसे करें शुरुआत

खाने की शुरुआत करने के लिए, आप हाई चेयर का उपयोग कर सकते हैं और अपने बच्चे को एक प्लेट या कटोरी में कुछ फिंगर फूड्स दे सकते हैं। शुरुआत में उसे बहुत कम मात्रा में भोजन दें। बच्‍चा शुरुआत में खाना फैलाता है इसलिए हाइजीन का विशेष ध्‍यान रखें। 

शिशुओं के लिए बेस्‍ट फिंगर फूड्स

फल: केला, आम, पपीता, खरबूजा, तरबूज, कटे हुए अंगूर, कीवी और सेब के टुकड़े स्वस्थ फिंगर फूड्स हैं।

उबली सब्जियां: हरी मटर, फूलगोभी, बीन्स, गाजर और कद्दू में एक चुटकी नमक डालकर दें।

पकी हुए सब्जियां: आलू और शकरकंद को बेक करके और घी में हल्का भूनकर दे सकते हैं। यह एक साल के बच्चे के लिए बेस्‍ट फिंगर फूड है।

टमाटर और खीरे के टुकड़े: ये कच्ची सब्जियों का स्वाद प्रदान करते हैं।

बेबी कॉर्न: आप अपने बच्चे को ये भी दे सकते हैं। लेकिन ध्‍यान रखें कि कॉर्न अधिक गर्म न हो।

सब्जी परांठा: नरम सब्जी पराठों को छोटे टुकड़ों में काटकर दे सकते हैं।

टोस्ट किया हुआ ब्रेड: बच्चे इसे चबाना पसंद करेंगे।

टोफू के क्यूब्स: ये चबाने में नरम होते हैं।

उबले या स्क्रैम्बल्ड एग: इसे छोटे टुकड़ों में काटकर दें। अंडे की जर्दी 8 महीने में दी जा सकती है, जबकि सफेदी एक साल बाद।

इन फिंगर फूड्स को करें अवॉइड

बच्‍चों को जरूर दें फिंगर फूड्स
Avoid these finger foods

– फल और सब्जियों के बड़े टुकड़े, जो गले में अटक सकते हैं।

– आलू बुखारा, आड़ू और तरबूज के बीज निकालें। कद्दू के बीज और सूरजमुखी के बीज देने से बचें।

– बच्‍चे को नट्स न दें। ये गले में फंस सकता है।

– पॉपकॉर्न और प्रेट्ज़ेल से बचें।

– मार्शमैलो और कैंडी से बचें।

– मूंगफली का मक्खन चिपचिपा होता है इसलिए न दें।

– किशमिश देने से बचें।

– मीठे खाद्य पदार्थों से बचें।

– आलू चिप्स और अन्य तैलीय नमकीन से बचें।

फिंगर फूड्स खिलाते समय इन बातों का रखें ख्‍याल

– सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा हाई चेयर में ठीक से बैठा हो।

– बच्चे के खाने के दौरान पास बैठें और उसके साथ खाना खाएं।

– शुरू में स्वयं खाना गंदगी भरा हो सकता है, लेकिन धीरे-धीरे बच्चा सीख जाएगा।

– धैर्य रखें और कम मात्रा में भोजन दें।

– सभी बीज निकालें और फलों को छीलें।

– नमक और चीनी कम से कम उपयोग करें.