Idol Vastu: पौराणिक काल से ही हिंदू घरों में मूर्तियों का विशेष स्थान रहा है। मूर्तियों में भगवान का वास माना जाता है। मान्यता है कि देवताओं की मूर्तियां और उनके प्रतीक चिह्न रखने से घर पर देवताओं की कृपा बनी रहती है और घर में बुरी आत्माएं प्रवेश नहीं कर पाती है। लेकिन वास्तुशास्त्र में मूर्तियों और देवताओं के प्रतीक चिन्हों को वास्तुदोष निवारण में सहायक माना गया है।
वास्तुशास्त्र के अनुसार, घर में कुछ मूर्तियों को रखने से घर का वास्तुदोष दूर होता है और हमें सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इन मूर्तियों से धन संपदा में बरकत होती है। साथ ही आय के साधन भी बढ़ जाते हैं, जिससे घर में धन की कमी दूर होती है। आज इस लेख के द्वारा हम उन मूर्तियों और प्रतीक चिन्हों के बारे में जानेंगे जिनसे घर में खुशहाली और सुख समृद्धि के साथ घर की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
Idol Vastu: गणेश जी और हाथी की मूर्ति

पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि प्रथम पूजनीय देव गणेश जी को विघ्नहर्ता माना गया है। हर शुभ और मंगल कार्य की शुरुआत गणेश जी की पूजा अर्चना से ही की जाती है। इसलिए घर में अष्टधातु से बनी गणेश जी की मूर्ति रखने से घर के सदस्यों के कार्यों में आने वाली सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं।
गणेश जी रिद्धि सिद्धि के दाता है इसलिए घर में हमेशा सुख शांति और समृद्धि बनी रहती है। घर के मुख्य द्वार पर गणेश जी की मूर्ति रखने से नकारात्मक शक्तियां घर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाती है। लक्ष्मी माता को धन की देवी कहा जाता है। गजलक्ष्मी के वाहन हाथी को धन और ऐश्वर्य का प्रतीक माना जाता है। इसलिए घर में धातु का हाथी रखने से धन की कमी नहीं होती।
कछुआ, गाय और मछली की मूर्ति

पद्म पुराण के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान विष्णु जी ने कछुए का रूप धारण कर मंदराचल पर्वत को अपनी पीठ पर संभाला था। इसलिए विष्णु जी के कछुए रूप की मूर्ति को घर की उत्तर दिशा में रखने से जीवन में संतुलन बना रहता है। जिससे मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहता है और व्यक्ति एकाग्रचित्त होकर काम करता है। जिससे व्यक्ति को सफलता और उन्नति मिलती है। गाय को हिंदू धर्म में बहुत ही पवित्र पशु माना गया है।
मान्यता है कि गाय में सभी देवी देवता निवास करते हैं। इसलिए गाय की मूर्ति घर में रखने से सभी देवी देवताओं का आशीर्वाद मिलता है। जिससे घर में सुख समृद्धि और सौभाग्य आता है। वास्तुशास्त्र के अनुसार, घर में मछली की मूर्ति या एक्वेरियम रखना बेहद शुभ होता है, क्योंकि मछली को भगवान विष्णु का मत्स्य अवतार माना जाता है। लक्ष्मी जी भगवान विष्णु की पत्नी है। इसलिए जिस घर में मछली की मूर्ति रखी जाती है, उस घर में मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।
