Overview: अगस्त में पड़ेंगे कई पर्व-त्योहर, हर दिन होगा शुभ
अगस्त 2025 में रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, हरतालिका तीज सहित कई व्रत-त्योहार पड़ेंगे। सावन-भाद्रपद के संयोग में यह महीना बेहद खास रहेगा।
August Vrat Festival List 2025: अगस्त अंग्रेजी कैलेंडर का आठवां महीना होता है। वहीं हिंदू कैलेंडर के अनुसार इस माह सावन और भाद्रपद माह का संयोग रहेगा। व्रत त्योहार की दृष्टि से अगस्त का महीना बहुत खास होने जा रहा है। इस महीने सावन पूर्णिमा, रक्षाबंधन, दही हांजी, 10 दिवसीय गणेशोत्सव, ऋषि पंचमी, जन्माष्टमी, हरतालिका तीज, बहुला चतुर्थी और कजरी तीज जैसे कई महत्वपूर्ण व्रत त्योहार पड़ेंगे। व्रत त्योहारों के अलावा ग्रह गोचर की दृष्टि से भी अगस्त का महीना बहुत ही महत्वपूर्ण रहेगा। इस महीने सूर्य, शुक्र जैसे बड़े ग्रह अपनी राशि बदलेंगे।
हिंदू धर्म में व्रत और त्योहारों का विशेष महत्व होता है। क्योंकि विशेष दिनों में विशेष पूजा की जाती है और व्रत भी रखे जाते हैं। अगर आप भी अगस्त महीने में पड़ने वाले त्योहारों में व्रत रखते हैं या विशेष पूजा-अनुष्ठान करते हैं, तो पहले से ही इसकी तैयारियों में जुट जाइए, जिससे की व्रत के दौरान किसी तरह की समस्या न हो। आइये जानते हैं अगस्त के महीने में पड़ने वाले व्रत-त्योहारों के नाम, तिथि और महत्व।
अगस्त 2025 में पड़ेंगे ये व्रत-त्योहार

1 अगस्त 2025, शुक्रवार:- मासिक दुर्गाष्टमी
4 अगस्त 2025, सोमवार:- सावन का चौथा या आखिरी सोमवार
5 अगस्त 2025, मंगलवार:- चौथा मंगला गौरी व्रत, पुत्रदा एकादशी, दामोदर द्वादशी
6 अगस्त 2025, बुधवार:- बुध प्रदोष व्रत
8 अगस्त 2025, शुक्रवार:- वरलक्ष्मी व्रत, हयग्रीव जयन्ती
9 अगस्त 2025, शनिवार- रक्षाबंधन, गायत्री जयन्ती, नारली पूर्णिमा, संस्कृत दिवस, सावन पूर्णिमा व्रत
10 अगस्त 2025, रविवार:- भाद्रपद महीना शुरू, गायत्री जापम
12 अगस्त 2025, मंगलवार:- कजरी तीज, बहुला चतुर्थी, हेरम्ब संकष्टी
14 अगस्त 2025, गुरुवार:- बलराम जयंती, रांधण छठ
15 अगस्त 2025, शुक्रवार:- जन्माष्टमी, शीतला सप्तमी
16 अगस्त 2025, शनिवार– दही हांडी, कालष्टमी
17 अगस्त 2025 रविवार:- सिंह संक्रांति, सूर्य गोचर, मलयालम नव वर्ष
19 अगस्त 2025, मंगलवार:- अजा एकादशी
20 अगस्त 2025, बुधवार:- बुध प्रदोष व्रत
21 अगस्त 2025, गुरुवार:- मासिक शिवरात्रि
22 अगस्त 2025, शुक्रवार:- पिठोरी अमावस्या
23 अगस्त 2025, शनिवार:– पोला, भाद्रपद अमावस्या
25 अगस्त 2025, सोमवार:- वराह जन्यती
26 अगस्त 2025, मंगलवार:- हरतालिका तीज, गौरी हब्बा
27 अगस्त 2025, बुधवार:- गणेश चतुर्थी, विनायक चतुर्थी
28 अगस्त 2025, गुरुवार:- ऋषि पंचमी, संवत्सरी पर्व
30 अगस्त 2025, शनिवार:– ललिता सप्तमी
31 अगस्त 2025, रविवार:- राधा अष्टमी, महालक्ष्मी व्रत प्रारंभ
अगस्त 2025 के महत्वपूर्ण व्रत-त्योहार

सावन आखिरी सोमवार:- सावन महीने का आखिरी सोमवार 4 अगस्त 2025 को है, जिसका धार्मिक दृष्टिकोण से काफी महत्व होता है। यह इसलिए भी विशेष होता है, क्योंकि सावन सोमवार व्रत के बाद ‘सावन’ समाप्ति की ओर होता है। इसलिए यह दिन भगवान शिव की कृपा पाने और पूजा-पाठ के लिए महत्वपूर्ण होता है।
रक्षाबंधन:- सावन पूर्णिमा के दिन 9 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। यह भाई-बहन के प्रेम का पर्व है। इस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। भाई भी बहन को उपहार और जीवनभर उसकी रक्षा का वचन देता है।

कजरी तीज:- कजरी तीज का पर्व 12 अगस्त 2025 को है. यह पर्व हरियाली तीज के बाद और हरतालिका तीज से पहले मनाय जाता है। खासकर यह उत्तर भारत का एक प्रमुख और पारंपरिक पर्व है, जिसे विवाहित महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए मनाती हैं।
जन्माष्टमी:- भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाता है। यह भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का विशेष पर्व है, जिसे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ पूरे भारत में मनाया जाता है।
दही हांडी:- महाराष्ट्र, गुजरात, और मुंबई समेत देश के कई स्थानों में दही-हांडी का उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं (माखन चोरी) की याद दिलाता है। जन्माष्टमी के अगले दिन दही-हांडी का त्योहार मनाया जाता है।

हरतालिका तीज:- भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज मनाई जाती है, जोकि 26 अगस्त को है. इस दिन सुहागिन महिलाएं और कुंवारी कन्याएं व्रत रखकर पूजा करती हैं। यह पर्व शिव और माता पार्वती के पावन मिलन की स्मृति के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
गणेश चतुर्थी:- 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत 27 अगस्त 2025 से हो जाएगी। यह पर्व भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। 10 दिनों तक चलने वाला यह पर्व श्रद्धा, भक्ति, संगीत, कला और समाज सेवा का संगम होता है।
