प्रकृति प्रेमियों का स्वर्ग हिमालय
इस बात में कोई दो राय नहीं कि हिमालय उन लोगों के लिए स्वर्ग है जो प्रकृति प्रेमी हैं, जो लोग शांति और सकून की खोज के लिए पहाड़ों पर जाना चाहते हैं।
Camping Sites in India: हिमालय में इतने रहस्य छुपे हुए हैं जिसका पता लगाना मुश्किल है। इस जगह को कोई पर्यटन की दृष्टि से देखता है तो कोई धर्म की दृष्टिकोण से, इस जगह पर कोई सिर्फ़ घूमने के लिए आता है तो कोई तरह तरह की साहसिक गतिविधियों का हिस्सा बनने के लिए। वहीं इस जगह पर कोई रोमांच के लिए आता है, तो कोई शांति के लिए। जिस रूप में हिमालय को एक्सप्लोर किया जाए वह उसी रूप में हमारे सामने आता है। लेकिन इस बात में कोई दो राय नहीं कि हिमालय उन लोगों के लिए स्वर्ग है जो प्रकृति प्रेमी हैं, जो लोग शांति और सकून की खोज के लिए पहाड़ों पर जाना चाहते हैं। ऐसी जगहों को देखने और जानने समझने का मजा तब और बढ़ जाता है जब यहां पर कैम्पिंग और ट्रेकिंग जैसी गतिविधियाँ की जाती है।
कैम्पिंग के दौरान रात किसी पहाड़ अथवा नदी के किनारे पर बिताना। रात की असीम शांति में आसमान में बिखरे चाँद तारों को देखना आपको किसी और ही दुनिया में ले जाता है। आपका कभी कैम्पिंग का विचार बने तो एक बार इन ख़ूबसूरत जगहों पर ज़रूर जायें और कैम्पिंग का मज़ा लेना बिल्कुल भी नहीं भूलें।
भीमताल, उत्तराखंड में कैम्पिंग

भीमताल को भीमताल झील की वजह से जाना जाता है। यह ख़ूबसूरत पर्यटन स्थल नैनीताल के पास स्थित है और अपने मंत्रमुग्ध कर देने वाले नज़ारों के लिए जाना जाता है। यह जगह काफ़ी ख़ूबसूरत और शांत है जिसकी वजह से लोग इस जगह पर कैम्पिंग करना भी पसंद करते हैं। समुद्र तल से 1370 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ये स्थान कई पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसकी वजह से शांत और सुखद वातावरण मिलता है। इस जगह पर जाकर आप कैम्पिंग के दौरान चांद सितारों को बेहद करीब से देख सकते हैं।
कैम्पिंग के साथ साथ इस जगह पर इससे जुड़ी तमाम तरह की एक्टिविटी भी कर सकते हैं, इस जगह पर आप घूमने के साथ साथ नेचर वॉक और मछली पकड़ने जैसी एक्टिविटी भी चुन सकते हैं। इसी जगह पर भगवान शिव को समर्पित प्राचीन भीमेश्वर महादेव मंदिर भी स्थित है जो भीमताल का प्राथमिक आकर्षण है।
धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश में कैम्पिंग

हिमाचल प्रदेश में स्थित धर्मशाला को तिब्बती संस्कृति का केंद्र कहा जाता है। इस जगह पर तमाम तरह के बौद्ध मठ और मंदिर स्थित हैं। साथ ही साथ यह जगह तमाम तरह की गतिविधियों के लिए भी जानी जाती है। इस जगह पर लोग विपासना, ध्यान, नैचरल थरेपी और पंचकर्म के लिए आते हैं। यह स्थान अपने यहाँ आने वाले सैलानियों को एक बहुत ही ख़ूबसूरत वातावरण प्रदान करता है जिसमें शांति और सकून दोनों है। यह जगह प्राकृतिक रूप से भी काफ़ी समृद्ध है जो कैम्पिंग का ख़ूबसूरत विकल्प देती है। दूर-दूर से आकर लोग इस जगह पर शांति और सकून के साथ कुछ समय व्यतीत करना चाहते हैं। इस जगह पर ट्रेकिंग के भी कई विकल्प हैं और यह पूरा रास्ता बर्फ से ढकी धौलाधार पर्वत श्रृंखला से होकर जाता है। इसी जगह से हिमालय में ट्रैकिंग मार्गों का द्वार खुलता है।
फूलों की घाटी, उत्तराखंड में कैम्पिंग

गढ़वाल हिमालय में 88 वर्ग किमी के विस्तार में फैली फूलों की घाटी को अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है। यह जगह इतनी ख़ूबसूरत है कि दुनिया भर से लोग इस जगह पर आकर प्रकृति के इस अद्भुत चमत्कार को देखने के लिए आते हैं। हम जैसे ही ट्रेक करके इसके दायरे में पहुंचते हैं ऐसा लगता है कि किसी और ही दुनिया में आ गए हैं। हमारे चारों तरफ़ सैकड़ों तरह के फूल ही फूल दिखाई देते हैं। इस जगह पर सबसे ज़्यादा आपको अल्पाइन के फूल दिखाई देंगे।
अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाने वाली यह जगह घास के मैदानों, झरनों, वनस्पतियों और जीव जंतुओं की तमाम किस्मों के लिए जानी जाती है। यदि आप इसके आसपास के क्षेत्रों में कैम्पिंग करने का मन बनाते हैं तो आप जुलाई के मध्य से अगस्त के अंत तक आएँ। इस दौरान घाटी अपने अलग ही रंग में होती है। हालांकि, फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के अंदर शिविर लगाने की अनुमति नहीं है, लेकिन इसके निकटतम कैम्पिंग साइट घांघरिया गांव में आप रुक सकते है।
सांगला घाटी, हिमाचल प्रदेश में कैम्पिंग

हिमाचल की सांगला घाटी कम लोकप्रियता के बावजूद किसी को निराश नहीं करती है। इस जगह पर प्रकृति के अद्भुत रहस्य शामिल हैं। इस जगह पर सबसे प्रसिद्ध कैंपिंग स्थलों में से एक सांगला घाटी समुद्र तल से तक़रीबन 2600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि इस घाटी की पृष्ठभूमि में राजसी किन्नर कैलाश शिखर है जिसकी ख़ूबसूरती को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। यह पूरी घाटी चीड़, देवदार, सेब, अखरोट और खूबानी के पेड़ों से घिरी हुई है जो कैम्पिंग करने वाले लोगों के अंदर रोमांच भर देती है।
ऐसे में यदि आप यहां कैंपिंग का अनुभव करने की योजना बना रहे हैं, तो यहां आपको वो सब चीज मिलेगी जो आपके अनुभव को और मजेदार बना देगी। इस जगह पर कैम्पिंग के दौरान आप बोन फ़ायर के साथ साथ स्टार गेजिंग का भी भरपूर मज़ा ले सकते हैं।
कुल्लू, हिमाचल प्रदेश में कैम्पिंग

कुल्लू हिमाचल प्रदेश का एक ऐसा गंतव्य है जहां पर हर तरह का पर्यटन मौजूद है। इस जगह पर आकर आप आप इस जगह की जैव विविधता को देखने साथ कैम्पिंग और ट्रेकिंग का भी लुत्फ़ सकते हैं। कुल्लू में ट्रेकिंग के दौरान आपको तरह तरह के प्राकृतिक नज़ारे देखने को मिलेंगे। दिन भर ट्रेक कीजिए और रात को जब शरीर थक जाए तो शाम को अपना टेंट लगाकर कैम्पिंग कर सकते हैं। सर्दियों में तो इस चीज़ का और भी ज़्यादा मज़ा है।
सर्दियों में कुल्लू में कैम्पिंग का एक अलग ही बात है। इस जगह पर आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ आकर अच्छा समय व्यतीत कर सकते हैं। कुल्लू को अपने यहाँ मौजूद विभिन्न मार्गों के लिए भी जाना जाता है, तो कम से कम एक जगह को एक्सप्लोर तो जरूर करें। कुल्लू को जानना एक तरह से सौ दो सौ साल पुराने पहाड़ को जानना होता है।
