Overview:
मानसून सीजन में वजाइनल इंफेक्शन होने का डर रहता है। पीरियड्स के दौरान इसकी आशंका और भी ज्यादा बढ़ जाती है।आपकी छोटी-छोटी सावधानियां आपको कई परेशानियों से बचा सकती हैं।
Period Hygiene During Monsoon: मानसून सीजन एक ओर भीषण गर्मी से राहत दिलाता है, वहीं दूसरी ओर इस मौसम में कई प्रकार के इंफेक्शन होने का डर रहता है। ऐसे में पीरियड्स के दौरान आपको बहुत ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि इस मौसम में प्राइवेट पार्ट में नमी रहती है, जिससे कई प्रकार के बैक्टीरियल इंफेक्शन हो सकते हैं। हालांकि आपकी छोटी-छोटी सावधानियां आपको कई परेशानियों से बचा सकती हैं।
Also read : अगर बारिश में दर्द करने लगते हैं आपके हाथ-पैर-पीठ, तो अपनाएं ये उपाय
बढ़ जाता है वजाइनल इंफेक्शन का खतरा

मानसून सीजन में वजाइनल इंफेक्शन होने का डर रहता है। पीरियड्स के दौरान इसकी आशंका और भी ज्यादा बढ़ जाती है। इसलिए इस समय आपको बार-बार पैड और टैम्पोन चेंज करने चाहिए। डॉक्टर्स के अनुसार महिलाओं को हर 4 से 5 घंटे बाद पैड या टैम्पोन बदल लेने चाहिए। इससे वजाइना में नमी नहीं रहेगी और आपका संक्रमण से बचाव होगा।
हाइजीन का रखें खास ध्यान
वैसे तो हर मौसम में ही महिलाओं को वजाइनल हाइजीन पर पूरा ध्यान देना चाहिए, लेकिन मानसून सीजन में आपको हाइजीन का दोगुना ध्यान रखना चाहिए। आप वजाइना को हमेशा अच्छे से दिन में दो से तीन बार वॉश करें। इसके बाद किसी साफ टॉवल की मदद से इसे अच्छे से ड्राई करें। ध्यान रखें गीलापन नहीं रहना चाहिए।
नहीं करें साबुन का उपयोग
वजाइना को साफ रखना जरूरी है, लेकिन ध्यान रखें इसके लिए साबुन का यूज न करें। क्योंकि इससे पीएच लेवल बिगड़ने का खतरा रहता है। आजकल बाजार में वजाइनल हाइजीन के लिए कई असरदार प्रोडक्ट आते हैं, आप उन्हें यूज कर सकती हैं। हालांकि इनके केमिकल और पीएच लेवल की भी जांच जरूर करें। वजाइना को हमेशा गुनगुने पानी से ही वॉश करना चाहिए।
इस बात पर करें गौर
वैसे तो प्यूबिक हेयर हटाना हाइजीन के नजरिए से अच्छा माना जाता है, लेकिन मानसून सीजन के दौरान आपको इन अनचाहे बालों को नहीं हटाना चाहिए। जी हां, न ही शेव, न ही हेयर रिमूवल क्रीम और न ही वैक्स का उपयोग करना चाहिए। क्योंकि प्यूबिक हेयर अनचाहे बैक्टीरिया और डस्ट को यूरिन ट्रैक्स में जाने से रोकते हैं। ऐसे में इंफेक्शन का डर कम रहता है।
पब्लिक टॉयलेट करें संभलकर यूज
पीरियड्स के दौरान आपको पब्लिक टॉयलेट बहुत ही सावधानी से यूज करने चाहिए। अगर आपको मजबूरी में इन्हें यूज करना पड़ रहा है तो आपको सैनिटाइजर, डिस्पोजेबल टॉयलेट सीट या फिर टॉयलेट स्प्रे का उपयोग जरूर करना चाहिए।
सही कपड़ों का चुनाव जरूरी
बारिश के दिनों में आपको कपड़े सावधानी से चुनने चाहिए और अगर आप पीरियड्स के दौर से गुजर रही हैं तो यह और भी जरूरी हो जाता है। इस दौरान आपको हमेशा लूज फिटिंग वाले कपड़े वियर करने चाहिए। इतना ही नहीं अंडरगारमेंट्स भी बहुत टाइट फिटिंग के नहीं वियर करने चाहिए। दरअसल, इससे प्राइवेट पार्ट में पसीना जमने लगता है, जो कई बैक्टीरियल इंफेक्शन का कारण बनता है। साथ ही इससे रशेज, खुजली और जलन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। खासतौर पर यूरिनरी ट्रैक्स इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।
