Summary: राजामौली की मेगा फिल्म में डांस ट्विस्ट, प्रियंका ने रखी मजेदार शर्त
राजामौली की फिल्म वाराणसी साइन करने से पहले प्रियंका चोपड़ा ने सिर्फ एक शर्त रखी—उन्हें फिल्म में डांस करना है।
Priyanka Conditions for Varanasi: एसएस राजमौली की फिल्म आरआरआर (RRR) की सफलता के बाद से ही फैंस उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। इसी बीच निर्देशक ने अपना नया बड़ा प्रोजेक्ट वाराणसी अनाउंस किया, जिसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन नजर आएंगे। रिलीज़ में अभी समय है, लेकिन फिल्म की चर्चा अभी से तेज़ हो गई है, खासकर प्रियंका चोपड़ा की एक दिलचस्प शर्त के कारण।
फिल्म साइन करने से पहले प्रियंका की मांग

एक इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने फिल्म साइन करने से पहले एक खास रिक्वेस्ट रखी थी कि उन्हें फिल्म में डांस करने का मौका दिया जाए। उन्होंने कहा कि मैंने लगभग छह साल से कोई भारतीय फिल्म नहीं की थी। जब राजामौली ने मुझे यह किरदार ऑफर किया, तो मैंने उनसे कहा, “मेरी एक ही रिक्वेस्ट है… मुझे डांस करने दीजिए, क्योंकि मैंने बहुत समय से डांस नहीं किया।” “ओह माय गॉड, बहुत ज्यादा है। और बेचारे महेश कह रहे थे सिर्फ तुम्हारी वजह से… तुम्हारी वजह से मुझे भी यह करना पड़ रहा है।”
डांस सीक्वेंस की शूटिंग के अपने अनुभव साझा करते हुए महेश बाबू ने कहा, “हमने एक गाने की शूटिंग कर ली है और वह लगातार हमारे दिमाग में चलता रहता है। प्रियंका उसे हर समय गुनगुनाती रहती हैं। और वह गाना सिर्फ इसलिए बना क्योंकि वह डांस करना चाहती थीं और राजामौली ने उन्हें खूब डांस करवाया।”
हॉलीवुड फिल्मों में डांस का नहीं मिलता मौका
इंटरव्यू के दौरान महेश बाबू ने मजाक में कहा कि प्रियंका का डांस करने का उत्साह राजमौली की फ़िल्म नाटू नाटू के ऑस्कर जीतने से भी जुड़ा था। हालांकि प्रियंका ने तुरंत साफ किया कि असली वजह कुछ और थी। प्रियंका आगे कहती हैं, “मैं हिंदी फिल्मों की अभिनेत्री रही हूं, जहां डांस बहुत अहम हिस्सा होता है। हॉलीवुड फिल्मों में मुझे डांस करने का मौका नहीं मिला, इसलिए मैं इसे लेकर बेहद उत्साहित थी।”
कैसी होगी वाराणसी?
पिछले साल नवंबर में मेकर्स ने हैदराबाद में हुए ग्लोबट्रॉटर इवेंट में फिल्म का आधिकारिक टाइटल जारी किया था। वाराणसी के टीज़र की शुरुआत प्राचीन शहर के शानदार एरियल शॉट से होती है। इसके बाद एक बहुत ही ड्रामेटिक दृश्य दिखता है, जिसमें एक विशाल एस्टेरॉयड पृथ्वी की ओर बढ़ता नजर आता है। टीज़र का अंत महेश बाबू के शक्तिशाली अवतार ‘रुद्र’ की झलक से होता है, जहां वे बैल पर सवार होकर त्रिशूल धारण किए दिखाई देते हैं। फिल्म को एक ग्लोब-ट्रॉटिंग एडवेंचर बताया जा रहा है, जिसकी कहानी भारतीय संस्कृति से जुड़ी है और अलग-अलग समयरेखाओं में चलती है, 2000 ईसा पूर्व से लेकर 2027 तक। कुल मिलाकर, राजामौली की यह फिल्म रिलीज़ से पहले ही चर्चा में है और प्रियंका की एक छोटी-सी मांग ने इसे और दिलचस्प बना दिया है। फ़िल्म 7 अप्रैल 2027 को रिलीज़ होने वाली है।
