माना जाता है कि हफ्ते में 5 दिन एक्सरसाइज करना हेल्दी और फिट बॉडी के लिए जरूरी है। लेकिन हाल ही में हुए एक अध्ययन के अनुसार आप मात्र दो दिन वॉक करके भी निरोगी काया पा सकते हैं। जी हां, हफ्ते में केवल दो दिन अकेले, दोस्तों या परिवार के साथ वॉक करने से हार्ट डिजीज, ब्रेन डिजीज, डायबिटीज और हाई बीपी जैसी समस्याओं को नियंत्रित किया जा सकता है। जो लोग हफ्ते में दो दिन प्रतिदिन 8 हजार कदम चलते हैं, वे हार्ट को मजबूत कर, मृत्यु के जोखिम को कम कर सकते हैं। इसका मतलब ये है कि आप हफ्तेभर बिजी रहने के बावजूद खुद को फिट बना सकते हैं। हफ्ते में दो दिन चलने के कई हेल्थ बेनिफिट्स हैं जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। चलिए जानते हैं इसके बारे में।
Also read: वजन घटाने के लिए अपनाएं भारतीय खाना, महीनेभर में दिखेगा असर: Indian Food for Weight Loss
हार्ट हेल्थ

हार्ट हेल्थ के लिए पैदल चलना सबसे आसान और कारगर तरीका माना गया है, जिसे आप दिन के दौरान कभी भी कर सकते हैं। अपने शरीर को मूव करने से हार्ट को मजबूत बनाने और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करने में मदद मिल सकती है। ये कॉलेस्ट्रॉल और हाई ब्लड प्रेशर को भी कम करता है, जिससे हार्ट संबंधित समस्याओं का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है। वॉक करने से आयु भी लंबी होती है।
डेमेंशिया का कम खतरा
वीकेंड पर चलने से डेमेंशिया जैसी समस्या का खतरा भी काफी हद तक कम हो सकता है। पैदल चलने से शरीर और दिमाग को लाभ पहुंचता है। अध्ययन के अनुसार जो लोग वीकेंड पर एक्सरसाइज करते हैं, उनकी तुलना में जो बिल्कुल भी एक्सरसाइज नहीं करते, उनमें डेमेंशिया, स्ट्रोक, पार्किंसंस, चिंता और अवसाद का खतरा कम हो जाता है। ऐसे लोगों को बेहतर नींद आती है और दिमाग बखूबी काम करता है।
मसल्स और बोन हेल्थ
अधिक देर तक बैठे रहना, वॉक या एक्सरसाइज न करना आपकी मसल्स या बोन हेल्थ को प्रभावित कर सकता है। बोन और मसल्स हेल्थ को मेंटेन करने के लिए वॉक एक बेहतरीन एक्सरसाइज में से एक है। इसे अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना लें। पैदल चलना एक वेट बियरिंग एक्सरसाइज है जो बोन डेनसिटी को बनाए रखने में मदद कर सकती है। साथ ही शरीर में मौजूद विभिन्न मसल्स को लचीला बनाने का काम भी कर सकती है।
उम्र बढ़ाए

हफ्ते में मात्र दो दिन पैदल चलने से उम्र की बढ़ती समस्याओं, हार्ट प्रॉब्लम और स्ट्रेस लेवल को कम करने में मदद मिल सकती है। जब आपका डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और कॉलेस्ट्रॉल लेवल नियंत्रित होता है तो आप कई पुरानी बीमारियों को आसानी से दूर कर सकते हैं। पैदल चलने से मांसपेशियों की चोटों और तनाव को रोकने में भी मदद मिलती है। पैदल चलने के अलावा आप वॉर्म-अप, कूल-डाउन एक्सरसाइज, स्ट्रेचिंग और जॉगिंग भी कर सकते हैं।
Also Read: पीसीओएस से पीड़ित महिलाएं नाश्ते में इन चीजों को करें शामिल: Healthy Breakfast Ideas for Pcos
तनाव कम करे
हफ्ते में दो दिन पैदल चलने से चिंता और तनाव को कम करने में मदद मिल सकती है। पैदल चलने से नींद की क्वालिटी में सुधार होता है, जिससे तनाव अपनेआप ही कम होने लगता है। सूर्य की रोशनी में वॉक करने से आपके सर्कैडियन रिदम में बदलाव आता है, जिससे हॉर्मोन मेलाटोनिन को रिलीज करने में मदद मिलती है। इसके अलावा तनाव के वक्त सैर करने से दिमाग की मांसपेशियों को रिलेक्स करना आसान होता है।
