Overview:
बुखार, हाथ-पैरों में दर्द, गले में इंफेक्शन, खराश, थकान जैसी तकलीफें हर किसी को हो रही हैं। ऐसे में सबसे बड़ी समस्या आती है गर्भवती महिलाओं के सामने। क्योंकि गर्भावस्था में महिलाएं दवाएं भी नहीं ले सकती हैं। ऐसे में आयुर्वेदिक ड्रिंक और घरेलू नुस्खे गर्भवतियों के बहुत काम आ सकते हैं।
Flu during Pregnancy: मौसम में बदलाव के इस दौर में हर कोई बीमारियों की चपेट में आ रहा है। बुखार, हाथ-पैरों में दर्द, गले में इंफेक्शन, खराश, थकान जैसी तकलीफें हर किसी को हो रही हैं। ऐसे में सबसे बड़ी समस्या आती है गर्भवती महिलाओं के सामने। क्योंकि गर्भावस्था में महिलाएं दवाएं भी नहीं ले सकती हैं। ऐसे में आयुर्वेदिक ड्रिंक और घरेलू नुस्खे गर्भवतियों के बहुत काम आ सकते हैं। इनसे न सिर्फ आपका बुखार उतरेगा, बल्कि गले को भी आराम मिलेगा और बंद नाक तुरंत खुल जाएगी। खास बात यह है कि ये सभी उपाय बहुत ही आसान है। हाल ही में आयुर्वेदिक डॉक्टर डॉ. दीक्सा भावसार सावलिया ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर ऐसी ही होम रेमेडीज शेयर की हैं।
ऐसे बनाएं चमत्कारी ड्रिंक

इस साल फ्लू और वायरल फीवर बहुत ही भयानक रूप से आया है। अगर आप गर्भवती हैं और जल्द से जल्द ठीक होना चाहती हैं तो यह ड्रिंक आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। आप दिनभर में 1 से 2 गिलास इस ड्रिंक को पी सकती हैं। इसे बनाना भी बहुत आसान है। सबसे पहले आप करीब 1 लीटर पानी लें। अब इसमें 1/4 टीस्पून सूखी अदरक यानी सोंठ पाउडर डालें। इस पानी को आधा होने तक उबालें। पानी आधा होने के बाद गैस बंद कर दें। इस ड्रिंक का गुनगुना सेवन करें। हालांकि दिनभर में आपको दो गिलास से ज्यादा इसे नहीं पीना है।
सादा नहीं, इस जादुई पानी से लें भाप
डॉ. सावलिया के अनुसार सुबह उठने के बाद सबसे पहले आपको भाप यानी स्टीम लेनी चाहिए। आमतौर पर सभी सादा पानी से भाप लेते हैं। लेकिन अगर आप इस भाप को और भी असरदार बनाना चाहती हैं तो इसमें कुछ चीजें शामिल करें। सबसे पहले 1 लीटर पानी लें। इसमें 1 टीस्पून मेथी दाना, करीब 10 तुलसी के पत्ते और 10 पुदीना के पत्ते डालें। साथ में 1 टीस्पून हल्दी, 1 टीस्पून अजवाइन, 1 टिक्की कपूर डालें। अब पानी को करीब 10 मिनट तक उबालें, फिर इससे भाप लें। पहली ही बार में आपको आराम मिलेगा। आप दिन में दो से तीन बार भाप ले सकती हैं। बेहतर है कि आप सुबह उठने के तुरंत बाद भाप लें। फिर शाम को 4 से 5 बजे के बीच और इसके बाद रात में सोने से पहले स्टीम लेकर सोएं। इससे आपकी नाक खुल जाएगी और नींद भी आसानी से आएगी।
इस सूप से मिलेगा तुरंत आराम
गर्भावस्था के दौरान आपको अपनी डाइट का पूरा ध्यान रखना होता है। ऐसे में अगर फ्लू का शिकार हो गई हैं तो आपको मूंग दाल का सूप पीना चाहिए। आधा कप मूंग दाल लें और इसे अच्छे से धो लें। फिर इसे 2 लीटर पानी में 3 से 4 घंटे के लिए भिगो दें। अब मध्यम आंच पर आधे ढके हुए बर्तन में तब तक पकाएं, जब तक कि यह अच्छे से गल न जाएं। ध्यान रखें बीच-बीच में ऊपर आए झाग हटा दें। जब दाल पूरी तरह से गल जाए तो इसमें एक चुटकी काली मिर्च, थोड़ा का धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, सूखी अदरक पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। अच्छी तरह मिलाएं और 1-2 मिनट तक उबलने दें। इसके बाद इस हीलिंग सूप का गर्म गर्म सेवन करें। इससे आपके गले को काफी आराम मिलेगा।
हल्दी के पानी से करें गरारे
अगर कफ की समस्या बहुत ज्यादा है तो आपको हल्दी के पानी से गरारे करने चाहिए। इसके लिए एक गिलास पानी लें, उसमें 1 चम्मच हल्दी डालें। अब इस पानी को 3 से 5 मिनट तक उबालें। सुबह और रात में भाप लेने के बाद इस पानी से गरारे करें।
