बची हुई चाशनी का इस्तेमाल कैसे करें
चाशनी का उपयोग आप कई तरह से कर सकते हैं। कोई दूसरी मिठाई बनानी हो या घर में चीनी की जगह पर भी इसका उपयोग कर सकते हैं।
Reuse of Leftover Chashni: घर पर जब अक्सर गुलाब जामुन या कोई चाशनी वाली मिठाई बनवाते हैं या बाजार से लेकर आते हैं, तो मिठाई तो समय से पहले खत्म हो जाती है, लेकिन उसकी मीठी चाशनी हमेशा बच जाती है, जिसे ना चाहते हुए भी कई लोग फेंक देते हैं, क्योंकि शायद उन्हें इसके कई फायदों के बारे में नहीं पता है। दरअसल, इसी चाशनी का उपयोग आप कई तरह से कर सकते हैं। कोई दूसरी मिठाई बनानी हो या घर में चीनी की जगह पर इसका उपयोग किया जा सकता हैं। आज हम आपको ऐसे 9 तरीकों के बारे में बताने वाले हैं, जिससे आप बची हुई चाशनी को दुबारा इस्तेमाल कर सकती हैं।
मीठी दलिया

हम हमारे बच्चों के लिए घर में अक्सर मीठा दलिया बनाते हैं, जो उनकी सेहत के लिए फायदेमंद होता है। मीठा दलिया बनाते समय आप बची हुई चाशनी को शक्कर के बजाय उपयोग कर सकती हैं। ऐसा करने से दलिया के टेस्ट में कोई फर्क नहीं आएगा।
लड्डू

हम बची हुई चाशनी से कई तरह की मिठाइयां बना सकते हैं। जैसे बेसन की बर्फी, मीठे-मीठे लड्डू, शक्करपारे, मीठी मठरी, बालूशाही। इसके लिए आपको आटे में चाशनी को मिलाना होगा और फिर उसके छोटे-छोटे गोले बनाकर रखने होंगे। ऐसे में आपकी चासनी रीयूज हो जाएगी।
पुरनपोली

पूरनपोली महाराष्ट्र की फेमस डिश है, जिसकी स्टफिंग बनाते समय आप बची हुई चाशनी का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए मसाला तैयार करते समय चने की दाल में चाशनी डालकर गैस पर पकाएं और फिर उसे ड्राय होने तक भून लें। अब गुंधे हुए आटे में भरकर पूरनपोली बना लीजिए।
पैनकेक

पैनकेक वैसे इंग्लिश डिश है, लेकिन आप इसे भारतीय तरीके से भी बना सकती हैं। दरअसल, पुरानी पड़ी चाशनी में आप मैदा और मैश किया हुआ केला मिला लें और फिर उसके छोटे-छोटे पैन केक बना लीजिए। ऐसा करने से पैन केक का स्वाद बढ़ जाएगा।
केसरी पुलाव

हम सभी ने अपने घर में त्योहार के सीजन में केसरी चावल या शाही राइस जरूर बनाई है। इस बार आप बची हुई चाशनी से शाही राइस बनाइए। इसके लिए आप चावल को पानी में भिगोने के बजाय चाशनी में डुबोकर रखें, फिर पकाएं। ऐसा करने से आपको एक अलग स्वाद लगेगा।
शाही टुकड़ा

अगर आप अपने घर पर शाही टुकड़ा बना रही हैं, तो बची चाशनी को रियूज कर सकती हैं। इसके लिए आप नॉर्मल ब्रेड को पहले सुनहरा होने तक गैस पर तल लें, फिर बची हुई चाशनी में डुबोकर रखें। फिर मेहमानों को परोसे।
मीठी पूरी

आप बच्चों को नाश्ते में मीठी पूरी भी दे सकती हैं, जिसके लिए पहले आटे में चाशनी मिलाकर घोल बनाएं या फिर इसी चाशनी से आटा गूंथकर पूरी-पराठे बना लीजिए।
कैरेमल खीर

आप कैरेमल खीर बनाने के लिए भी चाशनी का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले बर्तन में दूध और चावल को अच्छी तरह से पकाएं और फिर उसमें चीनी के बजाय चाशनी डाल दीजिए। ऐसा करने से आपके खीर के स्वाद में कोई फर्क नहीं आएगा। बल्कि वह अधिक टेस्टी बनेगी।
शक्कर बूरा

आपने शक्कर बूरा के बारे में काफी सुना होगा, जिसे हम चीनी की जगह उपयोग करते हैं। इसे बनाने के लिए आप चाशनी को तब तक गैस पर पकाते रहिए, जब तक चाशनी सूख न जाए। अब इसे सुखाकर पाउडर बना कर रख लें। इसे आप बाद में कोई भी मिठाई बनाते समय यूज कर सकती हैं।
इन तरीकों से आप अपने घर में बची हुई चाशनी का दोबारा इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन एक बात का ध्यान रखना होगा कि आपने चाशनी पहले अच्छे से किसी साफ बर्तन में स्टोर करके रखी हो, तभी वह आपके काम आएगी।