Homebound makes it to 2026 Oscars shortlist
Homebound makes it to 2026 Oscars shortlist

Summary: ऑस्कर में शॉर्टलिस्ट हुई ‘होमबाउंड’ ने बढ़ाया देश का मान

नीरज घायवान निर्देशित फिल्म होमबाउंड को 98वें अकादमी अवॉर्ड्स की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिससे भारतीय सिनेमा को ग्लोबल पहचान मिली है। ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर इस फिल्म में हैं।

Homebound Oscar Entry: निर्देशक नीरज घायवान की फिल्म “होमबाउंड” ने इंटरनैशनल लेवल पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 98वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2026) की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट में जगह बना ली है। इस खबर के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में खुशी की लहर दौड़ पड़ी, खासतौर पर फिल्म के निर्माता करण जौहर के लिए यह पल बेहद खास और भावुक कर देने वाला रहा। फिल्म के एक्टर विशाल जेठवा ने भी इमोशनल होकर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। 

“होमबाउंड” उन 15 फिल्मों में शामिल हो गई है, जिन्हें इस कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। अब इन 15 में से सिर्फ 5 फिल्में फाइनल नॉमिनेशन तक पहुंचेंगी, जिसकी घोषणा 22 जनवरी 2026 को की जाएगी। ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन 15 मार्च 2026 को होगा, जिसे एक बार फिर कॉमेडियन कॉनन ओ’ब्रायन होस्ट करेंगे। इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी धर्मा मूवीज के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की गई है। फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए टीम ने लिखा है, “होमबाउंड को 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। दुनिया भर से मिले बेपनाह प्यार और सपोर्ट के लिए हम बहुत आभारी हैं।”

करण ने इंस्टाग्राम पर होमबाउंड की पूरी यात्रा को याद करते हुए लिखा कि वह अपने इमोशन्स को ठीक से शब्दों में नहीं लिख पा रहे हैं। उन्होंने लिखा है, “मुझे नहीं पता कि मैं यह कैसे बताऊँ कि मैं #HOMEBOUND की यात्रा से कितना गौरवान्वित, खुश और एक्साइटेड हूं… हम सभी @dharmamovies को इस गौरवान्वित  और जरूरी फिल्म को अपनी फिल्मोग्राफी में पाकर बहुत अच्छा लग रहा है… हमारे इतने सारे सपनों को सच करने के लिए @neeraj.ghaywan आपको धन्यवाद… कान्स से लेकर ऑस्कर शॉर्टलिस्ट तक, यह एक बहुत ही शानदार यात्रा रही है! इस खास फिल्म की पूरी कास्ट, क्रू और टीम को बहुत सारा प्यार!!!!!!!! आगे बढ़ते रहो।” विशाल जेठवा ने “थैंक यू भगवान, ऑस्कर्स” लिखकर अपने इमोशन्स को जाहीर किया है। 

“होमबाउंड” की कहानी दो बचपन के दोस्तों शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन (विशाल जेठवा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका सपना पुलिस फोर्स में शामिल होना है। उनकी दोस्ती, संघर्ष और हालात से जूझते हुए आगे बढ़ने की कहानी आज के युवा भारत की हकीकत को दर्शाती है। फिल्म में जान्हवी कपूर की मौजूदगी कहानी को भावनात्मक गहराई देती है। उनका किरदार रिश्तों, उम्मीदों और जिम्मेदारियों के उस पहलू को सामने लाता है, जिससे महिलाएं खास तौर पर जुड़ाव महसूस कर सकती हैं। 

होमबाउंड 21 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी और तभी से इसे दर्शकों और आलोचकों से भरपूर सराहना मिल रही है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ था और इसके बाद इसे टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाया गया। इंटरनैशनल स्टेज पर मिली वाहवाही इस बात का सबूत है कि भारतीय कहानियां अब सीमा से परे अपनी पहचान बना रही हैं। यह फिल्म मशहूर पत्रकार बशारत पीर के लेख Taking Amrit Home से प्रेरित है।

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...