आपने खाई है मुगलई अंदाज में बेसन की रोटी, 5 तरह की चटनियों के साथ लगती है लाजवाब: Besan ki Roti or Chutney
Besan Ki Roti or Chutney

Besan ki Roti or Chutney: हर मौसम का अपना एक खानपान और पहनावा होता है। बारिश के मौसम की बात करें तो बहुत से घरों में बेसन की रोटी बनने का रिवाज रहा है। बेसन की रोटी को अमूमन लहसुन की चटनी के साथ खाया जाता है लेकिन रॉयल मुगलिया स्टाइल में बनने वाली इस रोटी और इसके लवाजमों की बात ही अलग है। बेसन की रोटी को तरह-तरह की चटनियों के साथ खाया जाता है। इसमें चटनियों के अलावा कैरी का अचार और सादा दही शामिल होता है। इन तमाम लवाजमों के साथ बेसन की रोटी को खाने का अपना एक अलग मजा है। इस बरसात आप बेसन की रोटी को पांच तरह की चटनियों के साथ खाकर देखें, यक़ीनन आपको ये स्वाद बेहद पसंद आएगा।

बेसन की रोटी

सामग्री

  • बेसन-1 कप
  • गेहूं का आटा-1 कप
  • जीरा-1 चम्मच
  • नमक-1 चम्मच
  • बारीक कटी हरी मिर्च-1
  • लाल मिर्च पाउडर-1 चम्मच
  • हींग-1 चुटकी
  • अजवाइन-1/2 छोटा चम्मच
  • घी या मक्खन- जरुरत के अनुसार

ऐसे बनाएं

  • सबसे पहले गेहूं और आटे को एक सार कर लें। इसके बाद इसमें हरी मिर्च, जीरा, नमक और दूसरे मसाले मिलाकर आटे को गूंथ लें।
  • आपको आटा न बहुत टाइट रखना है और न ही नर्म गूंथना। आटा लगाने के बाद आप इसे पंद्रह मिनट सैट होने के लिए रख दें।
  • अब इस आटे की रोटिया बेलकर देसी घी या मक्खन जो भी आपको पसंद हो लगा लें।
  • यह रोटी गर्म ही अच्छी लगती है। इसे हल्की आंच पर करारी सेंकें।

आम की चटनी

सामग्री

  • आम पके-2 मीडियम साइज के
  • जीरा-पिसा और भुना 1 चम्मच
  • काला नमक- 1 चुटकी
  • घी-1 छोटा चम्मच बघार के लिए

ऐसे बनाएं

  • सबसे पहले एक कटोरी में आम के रस को निकाल लें।
  • चम्मच की सहायता से इसे फेंट लें।
  • अब गैस पर कढ़ाही रख दें। इसमें घी गर्म कर आम रस को डालें।
  • इस आम रस में नमक और जीरा डालकर मिलाएं।
  • तैयार है आपकी आम की चटनी। इसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें और गर्मागर्म बेसन की रोटी के साथ इसका लुफ्त उठाएं।

केले की चटनी

सामग्री

  • पके केले-2
  • जीरा-पिसा और भुना 1 चम्मच
  • पिसी शक्कर-2 चम्मच
  • नमक-1 चुटकी
  • काली मिर्च- 1 चुटकी

ऐसे बनाएं

  • सबसे पहले दोनों केले को गोल-गोल मोटा कटा लें।
  • अब इसमें शक्कर, नमक, काली मिर्च और जीरे को मिलाएं। तैयार है आपकी केले की चटनी।
  • आपको बस यह याद रखना है कि केले अच्छे से पके हुए होने चाहिए वरना इसमें स्वाद नहीं आता।

लहसुन की चटनी

Chutney Recipe
Chutney Recipe

सामग्री

  • लहसुन की कलियां-6 से 8
  • पानी में भीगी साबुत लाल मिर्च-6
  • नमक-स्वादानुसार
  • खटाई-2 चम्मच

ऐसे बनाएं

  • हालांकि लहसुन की चटनी का मजा सिलबट्‌टे पर ही आता है। लेकिन आप इसे मिक्सी में भी पीस सकते हैं।
  • लहसुन और लाल मिर्च को पानी डालकर चटनी पीस लें। मिर्च के ऊपर के डंठल को भी इसमें डालें।
  • इससे चटनी की खुशबू बहुत अच्छी होती है। पेस्ट तैयार होने के बाद इसमें खटाई डालें। खटाई डालने से चटनी का तीखापन कम हो जाता है।

हरे धनिए और पुदीने की चटनी

सामग्री

  • हरा धनिया- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा
  • पुदीना-1 बड़ा चम्मच बारीक कटा
  • हरी मिर्च-4
  • कैरी-1
  • नमक-स्वादानुसार

ऐसे बनाएं

  • आप सबसे कैरी को कद्दूकस कर लें।
  • इसे मिक्सी में हरे धनिए, हरी मिर्च और पुदीने को डालकर चला दें। इस मिक्स को इसमें डालें।
  • ऊपर से बारीक कद्दूकस की हुई कैरी को डालें। इस पर नमक डालें। आपकी हरे धनिए की चटनी तैयार है।
  • अगर आपको लहसुन बहुत पसंद है तो आप इसमें लहसुन की 4 से 5 कलियां भी डाल सकते हैं।

हरी मिर्च प्याज की चटनी

Chutney Recipe
Green Chili Chutney Recipe

सामग्री

  • प्याज-2
  • हरी मिर्च-2
  • सरसों का तेल-1 बड़ा चम्मच
  • खटाई-1 चम्मच
  • नमक-स्वादानुसार
  • हरा धनिया- बारीक कटा सजावट के लिए

ऐसे बनाएं

  • सबसे पहले प्याज के मोटे-मोटे स्लाइस काट लें। अब हरी मिर्च को भी गोल और मोटा काट लें।
  • आप सरसों का तेल लें। इसे गर्म करने के बाद इसमें प्याज को डाल दें।
  • आपको प्याज को ब्राउन नहीं करना। जैसे ही प्याज ट्रासपेरेंट सी होने लगे इसमें हरी मिर्च डाल दें।
  • दो मिनट चलाने के बाद इसे आंच से उतार दें। इसमें नमक और खटाई डालें।
  • ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया सजावट के लिए डालें। तैयार है आपकी प्याज और हरी मिर्च की चटनी।

नोट- माना कि इतनी सारी चटनियों को बनाने मे मेहनत और समय दोनों बहुत लगेगा। आप अपने बच्चों और पति की मदद लेकर इसे बनाएं। आपका पेट तो भर जाएगा लेकिन आपका मन इसे खाने से नहीं भरेगा। इस स्वाद के आगे आपको अपनी थकान भी छोटी लगेगी।