पहली भारतीय महिला WWE रेसलर कविता देवी पर बनेगी बायोपिक: Kavita Devi Biopic
Kavita Devi Biopic

Kavita Devi Biopic: कविता देवी दुनियाभर में एक ऐसी महिला के तौर पर पहचानी जाती हैं, जिन्होंने पहली भारतीय महिला रेसलर के रूप में WWE में हिस्सा लिया और अपने जज़्बे और लड़ने‌ की क़ाबिलियत के बूते साबित किया था कि भारतीय महिलाएं किसी भी मामले में कम नहीं है। हरियाणा के जींद जिले के छोटे से गांव मालवी में पैदा हुई 36 साल की इस महिला रेसलर के सपने बहुत बड़े थे। हालांकि शादी के बाद एक ऐसा मोड़ आया जब उन्हें लगा था कि उन्हें अपना प्रोफेशन छोड़ देना चाहिए लेकिन यहां उनके पति एक मोटिवेटर के तौर पर खड़े रहे और कविता देवी आगे बढ़ती रहीं।

कविता सलवार सूट पहनकर WWE की रिंग में उतरी थीं, जिसके बाद वे खूब चर्चा में आई थीं। हरियाणा के एक छोटे से गांव से WWE तक पहुंचने वाली कविता का यह दिलचस्प सफर अब पर्दे पर नजर आएगा। कविता देवी के जीवन पर फ़िल्म बनाने से संबंधित अधिकार निर्माता प्रीति अग्रवाल ने खरीद लिए हैं। वे फिल्म निर्माता जीशान अहमद के साथ इस फिल्म को बनाएंगी। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे कविता के बड़े भाई संजय दलाल ने उनका बचपन में साथ दिया और इस मुकाम तक पहुंचाने में उनकी मदद की।

Kavita Devi Biopic
Kavita Devi

द ग्रेट खली से भी है खास रिश्ता

36 साल की कविता देवी और दुनिया भर में एक भारतीय रेसलर के तौर पर मशहूर द ग्रेट खली का भी ख़ास रिश्ता रहा है। एक वक्त महाबली खली ने कविता देवी को WWE के लिए ट्रेनिंग भी दी थी। कविता देवी WWE की खिलाड़ी बनने से पहले स्वतंत्र रूप से कविता और हार्ड केडी के नाम से रेसलिंग किया करती थीं।

Kavita Devi-The Great Khali
Kavita Devi-The Great Khali

प्रेरणादायक है जिंदगी

निर्माता प्रीति अग्रवाल कहती हैं कि कविता देवी की पूरी ज़िंदगी बेहद प्रेरणादायक रही है। सबसे बड़ी बात कितनी भी बाधाएं क्यों न आईं, उन्होंने कभी हार नहीं मानी। WWE हमेशा से मर्दों का खेल माना जाता रहा है, लेकिन कविता देवी ने दिखाया कि भारतीय महिलाओं में कितना दम है।