Raj Kapoor Facts: जब भी बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों की चर्चा होती है, राज कपूर का नाम जरूर सामने आता है। वह हिंदी सिनेमा के ऐसे सितारे हैं, जिन्हें शोमैन के नाम से पहचाना जाता है। जब वह अपने किरदार को पर्दे पर पेश करते थे तब पूरी तरह से उसमें डूबे हुए नजर आते थे। वो केवल एक्टर ही नहीं बल्कि बेहतरीन निर्देशक भी थे। जब तक उन्हें अपनी फिल्म के लिए मन मुताबिक शॉट नहीं मिलता था वह ना खुद उठते थे और ना ही पैकअप होने देते थे। एक्टिंग के लिए उनके इसी समर्पण के कारण दर्शकों ने हमेशा उनके काम को सराहा।
अपने पूरे फिल्मी करियर में राज कपूर ने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया। उनके कुछ गाने ऐसे हैं, जो आज भी लोगों के बीच बहुत फेमस है। कई सारे फिल्मी प्रोजेक्ट में ‘मेरा नाम जोकर’ एक ऐसी फिल्म है जिसकी चर्चा आज भी लोगों के बीच होती है। यह फिल्म राज कपूर की वजह से वैसे तो बहुत फेमस है लेकिन यह 1970 की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों से एक है। चलिए आज हम आपको बताते हैं कि आखिरकार इतने बड़े सितारे की फिल्म बड़े पर्दे पर कैसे फ्लॉप हो गई।
6 साल में बनी मेरा नाम जोकर
इंडियन सिनेमा की क्लासिक कल्ट फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ 1970 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को बनाने में पूरे 6 साल का समय लगा था। यह राज कपूर का ड्रीम प्रोजेक्ट था और इसके लिए उन्होंने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था। हालांकि, तमाम मेहनत के बावजूद भी यह सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म साबित हुई।
क्यों लगा इतना समय
इस फिल्म में एक या दो नहीं बल्कि कई सारे कलाकार थे। आरके बैनर के तले इस फिल्म की कहानी से लेकर निर्देशन तक का काम पूरा हुआ था। राज कपूर को लीड कैरेक्टर राजू के रूप में देखा गया था। ऋषि कपूर ने उस समय राज के बचपन का किरदार निभाया था। इसके अलावा धर्मेंद्र, सिमी ग्रेवाल, दारा सिंह, ओम प्रकाश, अचला सचदेव, मनोज कुमार, पद्मिनी, राजेंद्र नाथ जैसे कलाकारों को भी फिल्म में देखा गया था। फिल्म की स्टार कास्ट का इतना बड़ा होना ही इसे बनाने में लगे 6 साल का कारण था। सभी का शेड्यूल और एक वक्त पर शूटिंग संभव नहीं थी। जिस वजह से टाइम मैच करते-करते इसकी शूटिंग पूरी की गई।
गिरवी रख दी थी प्रॉपर्टी
यह राज कपूर का ड्रीम प्रोजेक्ट था और जब इसे बनने में बहुत समय लग रहा था। तब कई लोगों ने एक्टर को सलाह दी कि उन्हें शायद रुक जाना चाहिए, लेकिन एक्टर ने किसी की एक भी बात नहीं मानी। यह भी बताया जाता है कि इस फिल्म के लिए उन्होंने अपनी प्रॉपर्टीज को गिरवी रख दिया था। नतीजा ये हुआ कि आखिरकार फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई और एक्टर कर्ज में डूब गए। जब फिल्म फ्लॉप हुई तो उन्हें गहरा झटका लगा और उन्होंने लंबे समय तक खुद को सबसे दूर कर लिया।

क्यों हुई फ्लॉप
इस फिल्म के जरिए राज अपने दर्शकों को कुछ अलग परोसने चाहते थे लेकिन उनका ये मिशन कामयाब नहीं हुआ। जब यह फिल्म फ्लॉप हुई तो किसी ने कहा कि यह 4 घंटे से ज्यादा बड़ी थी इसलिए नहीं चली तो किसी का कहना था कि डबल इंटरवल ने इसे फ्लॉप कर दिया। राज कपूर के बेटे रणधीर कपूर ने बताया था कि लोगों के लिए जोकर हंसते-हंसाने का नाम है। फिल्म में कॉमेडी ना होने की वजह से वह निराश थे और मूवी के गहरे पहलुओं को समझ नहीं सके इसलिए फिल्म फ्लॉप हुई। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भले ही कमाल नहीं दिखा पाई लेकिन मशहूर किसी हिट फिल्म की तरह ही है।
