Raj Kapoor AND Rishi Kapoor
Raj Kapoor AND Rishi Kapoor

Summary : रातें डराती थीं ऋषि कपूर को

ऋषि ने बताया कि बचपन में उनके लिए रातें डरावनी होती थीं। राज कपूर अक्सर देर रात घर लौटते थे और नशे में होते थे।

Rishi Kapoor Night Shoot Fear: बॉलीवुड में पिता–पुत्र की जोड़ी की बात हो और राज कपूर–ऋषि कपूर का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। ‘मेरा नाम जोकर’, ‘बॉबी’ और ‘प्रेम रोग’ जैसी फिल्मों में दोनों साथ दिखे और इतिहास रच दिया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसी फिल्म भी थी, जिसे ऋषि कपूर ने पिता राज कपूर के साथ करने से मना कर दिया था? वजह न स्क्रिप्ट थी, न किरदार… बल्कि कारण सिर्फ रात की शूटिंग था।

इस दिलचस्प किस्से का खुलासा किया है फिल्ममेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने, जो ‘रंग दे बसंती’, ‘अक्स’ और ‘दिल्ली 6’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। मेहरा ने बताया कि जब वह ‘दिल्ली 6’ की स्क्रिप्ट लेकर ऋषि कपूर के पास पहुंचे, तो ऋषि को कहानी बहुत पसंद आई। लेकिन एक समस्या थी… फिल्म की ज्यादातर शूटिंग रात में होनी थी।

मेहरा को पहले से पता था कि ऋषि कपूर को रात की शूटिंग बिल्कुल पसंद नहीं थी। इसी बात पर ऋषि कपूर ने उन्हें एक मजेदार किस्सा सुनाया। ऋषि ने हंसते हुए कहा, “एक डायरेक्टर थे… राज कपूर। उन्होंने मुझे एक फिल्म सुनाई और बताया कि उसमें 2-3 दिन रात की शूटिंग करनी होगी। मैंने सिर्फ तीन रातों की वजह से वो फिल्म छोड़ दी। और अब तुम कह रहे हो कि पूरी फिल्म ही रात में है?” यह सुनकर मेहरा भी मुस्कुरा दिए, लेकिन उन्होंने अपनी बात साफ रखी। उन्होंने ऋषि से कहा कि कहानी और माहौल के लिए रात की शूटिंग जरूरी है और इसमें कोई समझौता नहीं हो सकता। मेहरा ने ईमानदारी से कहा, “मुझे आपकी मदद चाहिए, इसके बिना फिल्म बन ही नहीं सकती।” थोड़ा सोचने के बाद ऋषि कपूर मान गए। खास बात ये रही कि ‘दिल्ली 6’ ऋषि कपूर के करियर की पहली फिल्म बनी, जिसमें उन्होंने बड़े पैमाने पर रात की शूटिंग की। मेहरा बताते हैं कि ऋषि ने पूरी ईमानदारी और प्रोफेशनलिज़्म के साथ काम किया और कभी शिकायत नहीं की।

 Rishi Kapoor in Delhi 6 And Rakyesh OP Mehra
Rishi Kapoor in Delhi 6 And Rakyesh OP Mehra

ऋषि कपूर को ‘दिल्ली 6’ की कहानी से एक भावनात्मक जुड़ाव भी महसूस हुआ। उन्होंने मेहरा से कहा था कि यह फिल्म उन्हें राज कपूर की क्लासिक ‘जागते रहो’ की याद दिलाती है। ऋषि का मानना था कि ‘दिल्ली 6’ में भी गहरी सामाजिक टिप्पणी है और यही बात उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आई। ऋषि कपूर ने अपने आत्मकथात्मक किताब ‘खुल्लम खुल्ला: ऋषि कपूर अनसेंसर्ड’ में अपने पिता के साथ रिश्ते को लेकर कई कड़वी-मीठी बातें भी लिखी हैं। उन्होंने बताया कि बचपन में उनके लिए रातें डरावनी होती थीं। राज कपूर अक्सर देर रात घर लौटते थे और नशे में होते थे।

ऋषि लिखते हैं कि जैसे ही उनके पिता घर आते, वह डर के मारे रजाई के नीचे छिप जाते थे। पिता की आवाज धीमी पड़ते ही और उनके कमरे में चले जाने के बाद ही ऋषि को चैन मिलता था। शायद यही वजह थी कि रातें उनके मन में एक अजीब डर छोड़ गईं और वही डर आगे चलकर रात की शूटिंग से दूरी का कारण बना।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...