Summary: दिल्ली मेट्रो में रीलबाजी पर बैन, DMRC ने लगाए सख्त नियम
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रील शूटिंग, स्टंट और डांस वीडियो बनाने पर सख्त पाबंदी लगा दी है। नियम तोड़ने वालों पर अब भारी जुर्माना वसूल किया जाएगा।
Delhi Metro Shooting Ban: दिल्ली मेट्रो, जिसे कभी उसकी अनुशासन और सफाई के लिए सराहा जाता था, अब सोशल मीडिया के लिए कंटेंट शूट करने वालों का हॉटस्पॉट बनती जा रही है। चलती मेट्रो में डांस करना, स्टंट करना या अजीबोगरीब एक्ट्स करना कई बार यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। इन घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाया है। अब अगर कोई यात्री मेट्रो में रील बनाते हुए पकड़ा गया, तो उसे भारी जुर्माना भरना पड़ेगा।
मेट्रो में रीलबाजी पर बैन: हर कोच में होगा ऐलान
DMRC ने हाल ही में सभी मेट्रो स्टेशनों और कोचों में नए अनाउंसमेंट शुरू किए हैं। इन अनाउंसमेंट्स में साफ-साफ कहा जा रहा है। फिल्मिंग रील्स, डांस वीडियो या किसी भी प्रकार की शूटिंग सख्त मना है। ये मैसेज यात्रियों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सुनाए जा रहे हैं ताकि किसी को समझने में दिक्कत न हो। इसके अलावा मेट्रो में जोर-जोर से गाना बजाने, फर्श पर बैठने और कोच के अंदर खाने पर भी प्रतिबंध की घोषणा की गई है।
कानून क्या कहता है?
मेट्रो रेलवे एक्ट 2002 में रील बनाने का सीधा जिक्र नहीं है। लेकिन DMRC अधिकारियों का कहना है कि इस एक्ट के “न्यूसेंस क्रिएट करने” वाले प्रावधान के तहत ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है। अर्थात, अगर कोई यात्री ऐसी गतिविधि करता है जिससे बाकी यात्रियों को असुविधा हो या मेट्रो का माहौल बिगड़े, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।
DMRC के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन हेड अनुज दयाल ने कहा, “यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि मेट्रो में सफर कर रहे यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। हमारा उद्देश्य है कि हर यात्री को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिले।”
Speak Kindly, Ride Calmly!
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) September 11, 2025
Speaking gently keeps the metro peaceful for everyone. A little mindfulness goes a long way in making travel more enjoyable.#DelhiMetro #DelhiMetroRules pic.twitter.com/A2EHBLrAsV
सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव
आजकल सोशल मीडिया का क्रेज इतना बढ़ गया है कि कई लोग सिर्फ कंटेंट बनाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। कोई हैंडरेल पकड़कर डांस करता है, कोई स्टंट करता है, तो कोई जोर-जोर से गाने बजाकर डांस वीडियो शूट करता है। ऐसी हरकतें न सिर्फ अन्य यात्रियों को परेशान करती हैं, बल्कि कई बार हादसों का कारण भी बन सकती हैं।
हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक यात्री कोच के अंदर शराब पीते और उबला अंडा खाते हुए दिखा। एक और क्लिप में दो यात्रियों के बीच शर्टलेस लड़ाई हुई थी। इन घटनाओं ने DMRC की चिंता और बढ़ा दी।
2023 में भी की गई थी सख्ती, लेकिन…
पिछले साल DMRC ने अपने फ्लाइंग स्क्वॉड्स को यह जिम्मेदारी दी थी कि वे न सिर्फ महिलाओं के कोच में पुरुषों की एंट्री रोकें, बल्कि रील बनाने वालों पर भी नजर रखें। फिर भी रीलबाजों की हरकतें कम नहीं हुईं। इस बार DMRC ने जुर्माने की सख्त चेतावनी देकर संकेत दे दिया है कि अब इस समस्या को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर चलाया गया जागरूकता अभियान
Plug in your earphones, enjoy your playlist and let the metro ride stay peaceful for all!#DelhiMetro #SayNoToLoudMusic #AvoidLoudMusic pic.twitter.com/K3KT8Uv3GI
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) September 13, 2025
DMRC ने सिर्फ जुर्माने की घोषणा ही नहीं की है, बल्कि सोशल मीडिया कैंपेन भी शुरू किया है। इस कैंपेन में यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने फोन पर तेज आवाज में गाने न बजाएं, रील्स या डांस वीडियो शूट न करें और यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाए रखें।
