Anurag Kashyap Controversy: अनुराग कश्यप को उनकी बेबाक कहानियों, अनोखी सिनेमाई शैली और फिल्म इंडस्ट्री पर खुलकर राय रखने के लिए जाना जाता है।
हाल ही में वह उन अफवाहों को लेकर भड़क उठे, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया है।
दरअसल, मार्च 2025 में अनुराग ने मुंबई छोड़कर किसी अन्य शहर में अपना नया ठिकाना बनाया, जिसके बाद यह अटकलें तेज हो गईं कि उन्होंने फिल्म मेकिंग से संन्यास ले लिया है। इस खबर ने सोशल मीडिया से लेकर इंडस्ट्री में हलचल मचा दी।
हालांकि अब अनुराग ने इन सभी अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उन्होंने सिर्फ अपना लोकेशन बदला है, न कि अपना पेशा।
एक्स पर दिया करारा जवाब
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने बेबाकी भरे अंदाज़ में प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग कश्यप ने लिखा, “मैंने सिर्फ शहर बदला है, फिल्म मेकिंग नहीं छोड़ी।
जो लोग सोचते हैं कि मैं हताश होकर चला गया, उन्हें बता दूं कि मैं यहीं हूं और शाहरुख खान से भी ज्यादा व्यस्त हूं। मेरे पास 2028 तक की डेट्स बुक हैं।
इस साल मेरी पांच फिल्में रिलीज हो सकती हैं, या शायद तीन इस साल और दो अगले साल आने की उम्मीद है। मैं हर दिन तीन प्रोजेक्ट्स को मना करता हूं।
” उनकी इस तीखी और आत्मविश्वास से भरी प्रतिक्रिया ने न सिर्फ अफवाहों पर विराम लगाया, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि अनुराग कश्यप अब भी इंडस्ट्री के सबसे सक्रिय और व्यस्त फिल्ममेकरों में शामिल हैं।
छोड़ चुके हैं मुंबई
इस साल की शुरुआत में ‘द हिंदू’ को दिए एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने मुंबई छोड़ने की वजह खुलकर बताई थी। उन्होंने कहा था, “फिल्म इंडस्ट्री का माहौल अब बहुत जहरीला हो गया है।
हर कोई 500 या 800 करोड़ की फिल्म बनाने की होड़ में है। रचनात्मकता कहीं खो गई है। शहर सिर्फ इमारतों से नहीं, बल्कि वहां के लोगों से बनता है। लेकिन यहां लोग आपको नीचे खींचते हैं।
” इस बयान से साफ झलकता है कि अनुराग सिर्फ भौगोलिक दूरी बना रहे हैं, न कि अपने सिनेमा से। वे अब भी नए और साहसी कंटेंट के साथ फिल्ममेकिंग की दुनिया में सक्रिय हैं—बिना किसी समझौते और डर के।
सीबीएफसी से हैं इस बात पर नाराज
हाल ही में अनुराग कश्यप सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) पर जमकर बरसे थे। अनंत महादेवन की बायोग्राफिकल ड्रामा ‘फुले’ की रिलीज में हो रही देरी को लेकर वह काफी नाराज नजर आए।
इस फिल्म में प्रतीक गांधी और पत्रलेखा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CBFC ने फिल्म पर जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कई कट्स लगाने के निर्देश दिए, जिसके चलते फिल्म की 25 अप्रैल को होने वाली रिलीज अब अनिश्चित हो गई है।
अनुराग ने इस कार्रवाई को सेंसरशिप का गलत इस्तेमाल बताया और कहा कि यह रचनात्मक स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज के दौर में फिल्मकारों की आवाज़ को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी के लिए खतरे की घंटी है।
अभिनेता के तौर पर भी छोड़ी छाप
मुंबई से दूर जाने के बावजूद अनुराग कश्यप न सिर्फ निर्देशन में सक्रिय हैं, बल्कि अभिनय के क्षेत्र में भी लगातार अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
वह जल्द ही एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘डकैत’ में इंस्पेक्टर स्वामी की दमदार भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
अनुराग का यह किरदार उनके प्रशंसकों के लिए एक नया और दिलचस्प सरप्राइज साबित हो सकता है, क्योंकि इससे पहले भी वह ‘युध’, ‘लियो’ और ‘महाराजा’ जैसी फिल्मों में अपने संजीदा और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को चौंका चुके हैं।
