कहने को तो मिट्टी बेकार की वस्तु मानी जाती है लेकिन आज के समय में मिट्टी बहुत कीमती चीज हो गई है। कहीं-कहीं बाजार में आपको यह मिट्टी मिलेगी भी नहीं चाहे आप कितने पैसे खर्च कर लें। अत: आप सोच रहे होंगे कि ऐसी कौन-सी मिट्टी है जिसका उपयोग अधिक होता है, इस कारण बाजार में नहीं मिल पाती। इस मिट्टी का नाम है मुल्तानी।

मुल्तानी मिट्टी का उपयोग आज विभिन्न सौंदर्य प्रसाधनों में अधिक हो रहा है। इस कारण इसकी अधिक खपत हो रही है। यह मिट्टी राजस्थान के इलाकों में अधिक पाई जाती है। बाजार में भी मुल्तानी मिट्टी खरीदी जा सकती है। हर छोटे या बड़े शहर में मुल्तानी मिट्टी आपको मिल जाएगी। मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग विभिन्न तरीके से कर सकते हैं। मुल्तानी मिट्टी का पॉउडर, एक चम्मच खीरे का रस, कच्चे आलू का रस मिलाकर आंखों के नीचे लगाएं। आंखों के नीचे का कालापन दूर होगा। शहद व ग्लिसरीन मिलाकर कुछ दिन प्रयोग से काला हिस्सा साफ होगा।

मुल्तानी मिट्टी, चंदन पॉउडर, हल्दी, कपूर का तेल मिलाकर लगाने से चेहरे के दाग-धब्बे दूर होंगे। अगर चेहरे का रंग निखारना है, तो एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी का पॉउडर, एक चम्मच खीरे का रस, नींबू के रस की कुछ बुंदें व टमाटर का रस मिलाकर पेस्ट बना लें। कुछ महीने ऐसा पेस्ट बनाकर लगाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाने के बाद अपने आप सूखने दें। मौसम के अनुसार गुनगुने या ठंडे पानी से चेहरा साफ करें। इस पेस्ट का प्रयोग करने से रंग निखरेगा, साथ ही चेहरे की त्वचा आमामय हो जाएगी।

चेहरे पर लाए चमक

चेहरे पर चमक लाने के लिए विभिन्न तरह के फेस पैक बाजार में उपलब्ध है। अगर आप घर पर भी बनाना चाहे, तो घर पर भी तैयार कर सकते हैं। मुल्तानी मिट्टी का पॉउडर, चंदन का पॉउडर, नींबू का रस बराबर मात्रा में लेकर एक शीशी में भर कर रख लें। जब भी फेस पैक लगाना हो, कच्चा दूध, गुलाब जल, नींबू का रस मिलाकर उसमें मिट्टी का पॉउडर मिलाकर चेहरे पर लगाएं। बड़ी उम्र की महिलाएं सप्ताह में दो बार इस फेस पैक को लगाएं। छोटी उम्र की महिलाएं महीने में दो बार इस फेस पैक का प्रयोग कर सकती हैं।

त्वचा को सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए भी मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग कर सकते हैं। मुल्तानी मिट्टी से त्वचा खुश्क नहीं होती। गर्मियों के मौसम में इसका प्रयोग काफी लाभकारी है क्योंकि गर्मी के मौसम में घमौरियां काफी हो जाती है। घमौरियों को दूर करने के लिए मुल्तानी मिट्टी के पॉउडर में दही मिलाकर साबुन की टिक्की की तरह प्रयोग करें। घमौरियों से राहत मिलेगी। सप्ताह में एक बार नींबू का रस व खीरे का रस मिलाकर हाथ-पैर पर लगाएं।

बालों को सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए भी मुल्तानी मिट्टी को प्रयोग में ला सकते हैं। बालों को धोते समय, साफ करते समय दही, छाछ, मट्ठे में मुल्तानी मिट्टी मिलाकर लगाएं। बालों में रुसी हो गई हो, तो मुल्तानी मिट्टी में नमक, तेल मिलाकर बालों की सफाई करें। बालों जड़ों को मजबूत करने के लिए नींबू का रस बालों की जड़ों में लगाएं। उसके पश्ताच मुल्तानी मिट्टी से बाल धोएं।

यह भी पढ़ें