Maut ke Deewane by James Headley Chase hindi novel - Grehlakshmi
Maut ke Deewane by James Headley Chase

टोनी बासवर्थ और मैं रायल पाम होटल में दाखिल हुए, तो सबसे पहले मुझे दो वर्दी वाले सिपाही दिखाई दिये…एक लिफ्ट के पास खड़ा था और दूसरा सीढ़ियों के निकट।

मैंने लॉबी क्लर्क से पूछा‒‘पेरीगार्ड होटल में है क्या?’

‘जी हां…वह मैनेजर के ऑफिस में बैठे हैं।’

मौत के दीवाने नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1

मैंने मैनेजर के कमरे में प्रवेश किया, वह फोन पर किसी से बात कर रहा था। जब वह बात कर चुका, तो मुझसे कहने लगा‒‘अब आप बताइए‒आप फोन पर क्या कहना चाहते थे?’

मैंने कहा‒‘वह बाद में बताऊंगा…पहले तुम यहां से इन वर्दी वाले सिपाहियों को चलता करो। इन्हें देखकर कैरास्को डर जायेगा और खिसक जाएगा।’

‘वह तो खिसक चुका मिस्टर मेगन।’ पेरीगार्ड ने कहा।

‘यह कैसे हुआ…?’ मैंने आश्चर्य भरे स्वर में वाकर से पूछा।

‘वह अच्छा-भला खाना खा रहा था कि उठकर बाथरूम में गया और फिर वापस ही नहीं आया। राड्रिग्ज का विचार है कि वह बाथरूम की खिड़की से कूदकर फरार हुआ है।’

‘हो सकता है वह समुद्र तट की ओर गया हो और वहां पर पहले से कोई स्टीम बोट उसका इन्तजार कर रही हो।’ मैंने वाकर से कहा।

वाकर ने कोई उत्तर नहीं दिया और टेलीफोन के निकट जाकर कोई नम्बर घुमाने लगा।

पेरीगार्ड मेरे पास आ गया और टोनी की ओर इशारा करते हुए बोला‒‘यह महोदय कौन हैं?’

‘यह डॉक्टर बासवर्थ हैं‒इन्होंने ही इस बीमारी का पता लगाया था।’

पेरीगार्ड ने कुछ सोचते हुए मुझसे कहा‒‘तुम्हारा ख्याल है कि कैरास्को इतना मतिभ्रष्ट है कि वह होटलों के पानी के टैंकों में जहर मिलायेगा।’

‘वह किसी पागलपन की वजह से ऐसा नहीं कर रहा…वह तो रॉबिन्सन के निर्देशों पर ऐसा कर रहा है।’

‘परन्तु क्यों?’

‘क्योंकि रॉबिन्सन को यह वहम हो गया है कि मैं उसकी योजनाओं से परिचित हो गया हूं और वह अपने विरुद्ध समस्त प्रमाणों को नष्ट करना चाहता है।’

‘रॉबिन्सन को यह वहम कैसे पैदा हुआ कि आप उसकी योजनाओं से परिचित हैं। आखिर उसके वहम की भी कोई न कोई बुनियाद तो होगी ही?’ पेरीगार्ड ने मुझसे पूछा।

‘रॉबिन्सन के इस वहम की बुनियाद कैलिस के द्वारा बताई गई बातों से है।’

‘कैलिस ने क्या बातें बताई थीं रॉबिन्सन को?’

‘मेरी और सैम फोर्ड के आपसी वार्तालाप की।’

‘कैलिस ने ये बातें कब बताई थीं?’

‘जब मैं और सैम फोर्ड कैलिस को पकड़ने उसके पीछे गये थे।’

‘तो आपको पता भी नहीं चला कि वह आप दोनों के वार्तालाप की सुनगुन ले रहा है।’

‘हम समझे थे कि वह हमारी पिटाई से बेहोश हो गया है।’

‘आप एवं सैम फोर्ड के बीच किस विषय पर बातचीत हुई थी?’

‘यहां की दुर्घटनाओं पर, जैसे नासाऊ में गोरों-कालों का दंगा, यहां के पर्यटक बाजार में आगजनी की वारदात जिसमें समूचा बाजार नष्ट हो गया था‒मेरे पार्कवे होटल में महामारी की बीमारी फैलने वाला मामला, उन पर्यटकों के समूह का सामान बदल जाना जिन्होंने मेरे होटल में ठहरना था। तत्पश्चात जब कैलिस हमें गुल देकर वहां से भाग गया तो उसने रॉबिन्सन के पास जाकर उसे ये बातें बता दीं। इससे रॉबिन्सन को यह शक पैदा हो गया कि यदि मुझे इन घटनाओं का विवरण पता है, तो मुझे उसकी आगामी योजनाओं के बारे में भी ज्ञात होगा‒इससे अधिक उसे यह भय था कि वह सब मैंने आपको बता दिया होगा।’

‘मिस्टर मेगन, आपके कहने का मतलब है कि इन वारदातों के पीछे रॉबिन्सन का हाथ था।’

‘मैं तो इसी नतीजे पर पहुंचा हूं।’

‘आप किस आधार पर इस परिणाम में पहुंचे हैं?’

‘जब रॉबिन्सन मुझसे पूछताछ कर रहा था, तो उसने अपने मुंह से यह स्वीकारा था कि उसने मेरी हत्या करने के लिए मेरे विमान में बम रखवाया था, लेकिन उसके दुर्भाग्य से मैं बच गया और चार अमरीकन यात्री मारे गए।’

‘मिस्टर मेगन, यदि रॉबिन्सन का उद्देश्य आपकी हत्या करना था, तो आप इस परिणाम पर कैसे पहुंचे कि उन दिनों यहां हुई वारदातों के पीछे रॉबिन्सन का हाथ है। अगर एक आदमी की किसी अन्य से दुश्मनी हो और वह उसकी हत्या करना चाहता हो, तो इसका यह अर्थ नहीं कि वह अपनी दुश्मनी निकालने के लिए जातीय दंगे करवाये या बाजारों में आग लगवाता फिरे।’

‘मैं आपको संक्षिप्त रूप में बताता हूं…जब मैंने चार्ल्स कारपोरेशन के साथ मिल कर यहां पर थीटा कारपोरेशन स्थापित की थी, तो साझेदारी करने से पहले बिली चार्ल्स ने यहां के पर्यटन मंत्री बटलर से सम्पर्क किया था। बटलर ने उसे बताया था कि बाहामा की दो तिहाई अर्थव्यवस्था पर्यटन उद्योग पर निर्भर है और बिली ने यह आपत्ति की थी कि अगर कल को यहां पर राजनीतिक अस्थिरता उत्पन्न हो गई, तो यहां कोई भी पर्यटक नहीं आएगा और हमारा काम ठप्प हो जाएगा। इसके साथ ही हमारा सरमाया बर्बाद हो जाएगा। मैंने उसे समझाया था…कि ऐसा होना असम्भव है।’

‘मैं समझा नहीं‒आप साफ-साफ कहिए।’ पेरीगार्ड ने मुझसे कहा।

‘साफ-साफ यह कि रॉबिन्सन बाहामा द्वीप समूह की अर्थव्यवस्था का सत्यानाश करना चाहता है। आप पर्यटक मंत्रालय से मालूम कीजिये…वह आपको बताएंगे कि बाहामा आने वाले पर्यटकों की संख्या किस गति से गिर रही है और यह उन वारदातों के बाद से हुआ है।’

पेरीगार्ड ने कोई उत्तर नहीं दिया और टोनी बासवर्थ को सम्बोधित करते हुए बोला‒‘क्यों डॉक्टर साहब, आपको परीक्षणों में कितने दिन लग जाएंगे?’

‘मिस्टर पेरीगार्ड, यह जीवाणु बहुत ही भ्रांतिजनक प्रकार का रोगाणु है।’

‘पहले इसे सफेद चूहों पर टेस्ट किया जाएगा। फिर इसका जीवाणु समूह बनाया जाएगा। तत्पश्चात….।’

‘डॉक्टर बासवर्थ मुझे इन तकनीकी बातों में कोई दिलचस्पी नहीं है…आप मुझे यह बताइए कि यह टेस्ट चार दिन में सम्पन्न हो जाएंगे?’

‘वह तो हो ही जाएंगे, मिस्टर पेरीगार्ड।’ टोनी ने उत्तर देते हुए कहा‒‘मैं आप को यह विदित करना चाहता हूं कि यदि इन टेस्टों के परिणाम सकरात्मक हुए, तो इसका अर्थ होगा कि जिसने भी इस रोग का जीवाणु-समूह तैयार किया है उसके पास एक सुसज्जित जीव-विज्ञानी-सम्बन्धी प्रयोगशाला है। इस बीमारी का जीवाणु समूह किसी छोटी-मोटी प्रयोगशाला में तैयार नहीं किया जा सकता।’

पेरीगार्ड बहुत ध्यान से सुनता रहा।

तभी वाकर ने कहा‒‘मैं आप लोगों को एक बात बतानी भूल गया था‒आज सुबह मेरे आदमी ने कैरास्को को ऐसी जगह देखा था, जहां उसके जाने का कोई मतलब नहीं था। वह स्टाफ के इस्तेमाल की पिछली सीढ़ियों पर खड़ा हुआ इधर-उधर देख रहा था। मेरे आदमी ने जब उससे पूछा, तो कहने लगा कि मैं रास्ता भूल गया था।’

मैंने मेज पर मुक्का मारते हुए पेरीगार्ड से कहा, ‘अब बताओ-अब तुम्हें और क्या प्रमाण चाहिए।’

पेरीगार्ड ने मुझसे कहा‒‘यदि तुम्हारी यह दलील स्वीकार कर ली जाये कि रॉबिन्सन बाहामा द्वीप समूह की अर्थव्यवस्था को मटियामेट करना चाहता है, तो इससे उसे-क्या लाभ होगा?’

‘पेरीगार्ड, यह तो तुम जानते हो कि कई देश दूसरे देशों की मुश्किलों में अपना स्वार्थ खोजते हैं…वास्तव में तो बहुधा ऐसा होता है कि कुछ देश अपने स्वार्थ के लिए दूसरे देशों में अस्थिरता उत्पन्न करने में लगे रहते हैं जैसे अमरीका।’

‘बाहामा द्वीप में अस्थिरता उत्पन्न करने में अमरीका का क्या स्वार्थ हो सकता है?’ पेरीगार्ड ने मुझसे पूछा।

‘क्योंकि क्यूबा के साथ हमारे बहुत अच्छे सम्बन्ध हैं‒और फिदेल कास्ट्रो से अमरीका को चिढ़ है। अमरीका हर समय इस ताक में रहता है‒कि किस देश को कब अस्थिर किया जाए।’

उसी समय वाकर के टेलीफोन की घंटी बजने लगी।

टेलीफोन सुनते ही वाकर ने मुझसे कहा‒‘आपका अनुमान बिल्कुल सही था। कैरास्को यहां से पलायन करने के पश्चात सीधा समुद्र तट पर गया था। वहां से एक स्टीम बोट द्वारा समुद्र में गया था। अब वह वापस आ गया है और होटल की बार में बैठा-ह्विस्की पी रहा है…मेरे आदमियों ने उसे चारों ओर से घेर रखा है।’

पेरीगार्ड ने वाकर से कहा‒‘तुम अपने आदमियों को वहां से हटा लो। मैं उस पर अपने आदमी नियुक्त कर रहा हूं।’

तत्पश्चात मैं और पेरीगार्ड होटल की लॉबी में चले आये। इस समय रात के साढ़े ग्यारह बजना चाहते थे।

मैंने पेरीगार्ड से कहा‒‘कैरास्को बार में तो अधिक से अधिक आधा घंटा और रुक सकता है, क्योंकि बार सेवा बारह की सुई पर बन्द हो जाती है। इसके पश्चात कैरास्को को अपने कमरे में जाना पड़ेगा।’

‘कमरे की चाबी उसके पास है…?’ पेरीगार्ड ने मुझसे पूछा।

‘नहीं।’ मैंने कहा‒‘हर मेहमान को होटल से बाहर जाने से पहले अपने कमरे की चाबी लॉबी डेस्क क्लर्क के पास छोड़नी पड़ती है।’

‘तो चलो लॉबी डेस्क के पास खड़े होते हैं।’

फिर मैं और पेरीगार्ड लॉबी डेस्क पर चले आये और बारह बजने की प्रतीक्षा करने लगे। वहीं पर पेरीगार्ड ने मुझे बताया कि कल नासाऊ का पुलिस आयुक्त यहां आ रहा है और मुझे उससे भेंट करनी होगी। हम यही बातें कर रहे थे कि कई आदमी आये और लॉबी क्लर्क से अपने-अपने कमरों की चाबियां लेकर अपने कमरों की ओर ऊपर चले गए।

‘कमरा नम्बर दो सौ पैंतीस।’

‘कैरास्को!’

‘जब उसने चाबी मांगी थी, तो मुझे उस ओर नहीं देखना चाहिए था पर अनायास मेरी दृष्टि उसकी ओर चली गई थी। वह अपनी चाबी लेकर मुड़ा ही था कि हम दोनों की नजरें आपस में मिल गयीं…उसने मुझे पहचान लिया था, क्योंकि मुझ पर दृष्टि पड़ते ही उसके चेहरे का रंग बदल गया था। उसे भी यह सन्देह हो गया था कि मैंने भी उसे पहचान लिया है। उसने अपनी चाबी वहीं फेंकी और विद्युत गति से प्रवेश द्वार की ओर लपका।

‘रोको। इसे रोको।’ मैं जोर से चिल्लाया।

कैरास्को मेरी ओर पीछे मुड़ा और जेब से अपना रिवाल्वर निकाल कर मुझ पर फायर कर दिया। उसने लिबलिबी दबाई ही थी कि मैंने अपने आपको जमीन पर गिरा दिया। उसकी गोली न जाने कहां जा लगी थी। तभी मेरी पीठ की ओर से दो गोलियां और चली थीं। जब मैंने अपना सर ऊपर उठा कर देखा तो…कैरास्को आगे की ओर जमीन पर गिर रहा था। मेरे पीछे की ओर पेरीगार्ड खड़ा था। कैरास्को पर गोलियां उसी ने चलाई थीं।

तभी पेरीगार्ड ने मुझे सहारा देकर सीधा खड़े करते हुए पूछा, ‘तुम्हें चोट तो नहीं आई?’

‘नहीं। मैं सुरक्षित हूं।’

अब चारों ओर शोर होने लगा था और लोग कैरास्को की लाश के इर्द-गिर्द जमा होने शुरू हो गए थे। राड्रिग्ज, वाकर और डॉ. टोनी बासवर्थ भी वहां पहुंच गए थे। टोनी बासवर्थ ने नीचे झुककर कैरास्को की नब्ज देखी और पेरीगार्ड से कुछ कहा था। तब पेरीगार्ड ने मुझे बताया था कि कैरास्को मर चुका है।

तत्पश्चात पेरीगार्ड ने वहां पर जमा हुई भीड़ को तितर-बितर किया और नीचे झुककर कैरास्को के शरीर की तलाशी लेने लगा। उसकी जेबों से अन्य चीजों के अतिरिक्त एक शीशे का सिलेंडर मिला। जिसमें वैसा ही लेसला पदार्थ था जैसा मुझे न्यू प्रोविडेन्स में अपने होटल के पानी के टैंक के पास पड़ा मिला था।

पेरीगार्ड ने मुझे सम्बोधित करते हुए कहा‒‘कैरास्को के विरुद्ध आपका आरोप निराधार नहीं है।’

Leave a comment