bhootnath-novel-by-devkinandan-khatri-2
bhootnath by devkinandan khatri

आधी रात का समय है चारों तरफ अँधकार छाया हुआ है। शहर के गली-कूचों में अच्छी तरह सन्नाटा हो रहा है और सिवाय पहरा देने वालों के और किसी आने-जाने वाले की सूरत दिखाई नहीं पड़ती। निश्चय है कि मकानों के अन्दर रहने वाले भी गहरी नींद में पड़े हुए खुर्राटा भर रहे होंगे। मगर तिलिस्मी दारोगा की आँखों में नींद नहीं है। वह अपने खास कमरे में एक गावत किये के सहारे बैठा हुआ तरह-तरह की चिंता कर रहा है। सामने एक मोमी शमादान जल रहा है और लिखे तथा सादे बहुत-से कागज फैल रहे हैं, कभी-कभी वह उठाकर किसी कागज को देख लेता है और फिर जमीन पर रख तकिये के सहारे लुढ़क जाता है। इसी समय दरबार ने आकर इत्तिला दी कि ‘गदाधरसिंह आए हैं और आपसे मिलना चाहते हैं।’

भूतनाथ नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1

“उन्हें मेरे पास ले आओ” कहकर दारोगा चैतन्य होकर बैठ गया, फैले हुए कागजों में से कई कागज उठा कर उसने गद्दी के नीचे दबा दिये और भूतनाथ के आने का इंतजार करने लगा।

थोड़ी देर में भूतनाथ भी आ पहुँचा जिसे देखते ही दारोगा साहब उठ खड़े हुए। साहब-सलामत के बाद बड़ी खातिर से भूतनाथ को अपने पास बैठाया और बातचीत करने लगे।

भूतनाथ : आपने मुझे ‘बसन्त बाग’ में बुलाया था मगर बुखार आ जाने के कारण मैं समय पर न आ सका, क्षमा कीजिएगा। कहिए क्या काम था?

दारोगा : (आश्चर्य से) मैंने तो आपको बसन्त बाग में नहीं बुलाया था!

भूतनाथ : तो क्या जैपाल ने अपनी तरफ से यह बात कही थी?

दारोगा : जैपालने! मगर जैपाल आपके पास क्यों गया?

भूतनाथ : (मुसकुराता हुआ) वही बेहोशी की दवा से भरी हुई अनूठी डिबिया सुँघाने के लिए! मगर यह आपको भला क्या सूझी? वह डिबिया किस मतलब से आपने भेजी थी?

दारोगा : (आश्चर्य से) आप क्या कह रहे हैं सो कुछ भी मेरी समझ में नहीं आता! न मैंने जैपालको आपके पास भेजा था और न कोई डिबिया ही भेजी। यह कब की बात है?

भूतनाथ : यह अभी परसों का ही जिक्र मैं कर रहा हूँ जब यहाँ से जमना, सरस्वती और इन्दुमति को ले गया था।

दारोगा : नहीं कदापि नहीं!

भूतनाथ : (घबराहट के साथ) तब मालूम होता है किसी ऐयारी ने मुझे धोखे में डाला या खुद जैपाल ने मुझसे छेड़खानी आरम्भ की है।

दारोगा : पहिले आप अपना खुलासा हाल बयान कर जाइए तब मैं कुछ सोचूँ और राय दूँ।

दारोगा की बात सुन भूतनाथ ने वह कुल हाल बयान कर दिया जो कि हम ऊपर लिख आये हैं अर्थात् जमना, सरस्वती और इन्दुमति को मारते समय यकायक जैपाल का जा पहुँचना और भूतनाथ को खून करने से रोक दारोगा की तरफ से संदेशा और बेहोशी की डिबिया देना जिसे सूंघकर भूतनाथ का बेहोश हो जाना और होश में आने के बाद जमना, सरस्वती और इन्दुमति को मार कर गड्ढ़े में दबा देना और फिर यकायक कई सवार आते हुए दिखाई देने के कारण खुद भाग जाना और जैपाल को भी भगा देना इत्यादि जिसे सुनकर दारोगा घबड़ा गया और काँपती हुई आवाज में भूतनाथ से बोला, “यह बड़ा गजब हुआ। किसी गहरे ऐयार ने तुम्हें धोखा दिया और ताज्जुब नहीं कि जमना, सरस्वती और इन्दुमति का भेद भी उसने मालूम कर लिया हो! (ऊँची साँस लेकर) हाय, मैं बड़ी मुसीबत में फँस गया हूँ! भूतनाथ, बेशक तुम्हारी बदौलत मैं मुसीबत का शिकार हुआ चाहता हूँ। यहाँ जो कुछ दुर्घटना हो गई है वह तुम्हारी घटना से भी बढ़कर भयानक है! मालूम होता है कि हम और तुम दोनों ही किसी मुसीबत में फँसा चाहते हैं और नि:सन्देह वह सब तुम्हारी ही बदौलत है!

दारोगा का यह कहना कि ‘यह सब तुम्हारी ही बदौलत है’ भूतनाथ को बहुत ही बुरा मालूम हुआ मगर अभी बिगड़ने का मौका न देखकर वह तरह दे गया और बोला, “भला कहिए तो सही, यहाँ क्या मामला हुआ?”

दारोगा : जब तुम जमना, सरस्वती और इन्दुमति को ले गये तो मैंने भैया राजा को मार डालना तय किया परन्तु जब मैंने उन्हें यह मकान में ढूँढ़ा तो एक ठिकाने मुर्दा पाया। उन्होंने अपने हाथ से कलेजे में छुरी मार कर जान दे दी थी। खैर मैं उन्हें उठाकर वहाँ से ले गया और एक ठिकाने जमीन के अन्दर गाड़ कर निश्चिन्त हो गया। उसके बाद रात को मैंने भूत की सूरत में देखा और उसी रात हमारे महाराज को भी वे दिखाई दिये।

भूतनाथ : अरे यह तो आश्चर्य की बात आप कह रहे हैं!

दारोगा: हाँ मैं खुलासा कहता हूँ सुनो।

इतना कहकर दारोगा ने जो कुछ रात के समय खुद देखा था और महाराज ने उन्हें बुलाकर जो कुछ कहा था वह सब पूरा-पूरा बयान किया जिसे बड़े आश्चर्य के साथ भूतनाथ ने सुना और अन्त में कहा।

भूतनाथ : दारोगा साहब, कम-से-कम मुझे तो इस बात का विश्वास नहीं होता कि भैया राजा ने भूत होकर आप दोनों के साथ यह दिल्लगी की है।

दारोगा : तो क्या मैं झूठ कह रहा हूँ?

भूतनाथ : यह तो मैं नहीं कह सकता कि आप झूठ कह रहे हैं मगर…

दारोगा : मगर क्या?

भूतनाथ : अच्छा आप पहिले यह बताइए कि आपने भैया राजा को कहाँ गाड़ा था?

दारोगा : सो तो मैं नहीं बता सकता, क्योंकि यह बड़ा ही नाजुक मामला है।

भूतनाथ : ऐसा, मगर इससे तो मालूम होता है कि आप मुझसे कपट रखते हैं।

दारोगा : नहीं-नहीं, सो बात नहीं है, सिर्फ इतना ही है कि ऐसे नाजुक मामले को मैं किसी दूसरे पर प्रकट नहीं किया चाहता।

भूतनाथ : ठीक ही है, खैर जब मुझे गैर की पदवी मिली तो मुझे भी आपसे हर वक्त चौकन्ना ही रहना चाहिए। अच्छा तो अब आप जैपालको बुलवाइए ताकि मैं अपने विषय के आपके सामने ही उससे बातचीत करूँ।

इसी समय आहट देता हुआ दरबान हाजिर हुआ और बोला, जैपाल सिंह जी आए हैं और हाजिर हुआ चाहते हैं।”

दारोगा : लो जैपाल भी आ ही गया। अच्छा उसे जल्दी आने दो।

बात-की-बात में जैपाल आ पहुँचा और दारोगा तथा भूतनाथ को सलाम कर बैठ गया।

भूतनाथ : (जैपाल सिंह से) कहो मिज़ाज तो अच्छा है?

जैपाल सिंह : ईश्वर की कृपा से अच्छा है।

भूतनाथ : उस दिन तो मुझे अच्छा धोखा दिया, डिबिया सुँघाकर सब चौपट ही कर चुके थे।

जैपाल सिंह : (आश्चर्य से) कैसी डिबिया!

भूतनाथ : वही जो दारोगा साहब की तरफ से तुम मेरे पास ले गये थे, जिसे सूंघ कर हम दोनों बेहोश हो गये।

जैपाल सिंह : मेरी समझ में नहीं आता कि आप क्या कह रहे हैं! मैं कोई डिबिया ले के आपके पास नहीं गया! (दारोगा की तरफ देखकर) ये क्या कह रहे हैं आपने कुछ समझा?

दारोगा : मैं सब-कुछ सुन चुका हूँ, इनको किसी ऐयार ने उल्लू बनाया है और उसकी जलन से हम लोगों पर निकाला चाहते हैं।

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी दाल, हर कोई चाटता रह जाएगा उंगलियां: Dal Fry Recipe

इतना कहकर दारोगा ने सब हाल बयान किया जो भूतनाथ ने जैपाल के विषय में उससे बयान किया था। जैपाल को सुनकर बड़ा ही दु:ख हुआ और झुंझला कर कहा, “उस कमबख्त ऐयार को मेरी ही सूरत बना कर गदाधरसिंह को धोखा देना था! फिर जहाँ तक मैं समझता हूँ उसने इतना ही नहीं किया होगा कि गदाधरसिंह को सिर्फ बेहोश करके चला जाए, बल्कि उसने और भी कोई गहरी कार्रवाई जरूर की होगी।”

भूतनाथ : अब तो मुझे भी ऐसा ही खयाल होता है।

इसके बाद बहुत देर तक उन तीनों में बातचीत हो रही और अंत में दारोगा साहिब ने चौबदार को हुक्म दिया कि अस्तबल में से तीन घोड़े तैयार करा कर बहुत जल्द मँगावे। थोड़ी ही देर में घोड़े भी आ गए और दारोगा साहब, जैपाल तथा भूतनाथ उन घोड़ों पर सवार होकर उत्तर की तरफ रवाना हुए। उस समय रात अनुमान घंटे भर के बाकी रह गई थी।

शहर से बाहर निकल जाने के बाद तीनों ने अपने-अपने घोड़ों की चाल बढ़ाई और बड़ी तेजी के साथ जंगल की तरफ जाने लगे, यहाँ तक कि सवेरा होते-होते तीनों आदमी वहाँ जा पहुँचे जहाँ भूतनाथ ने जमना, सरस्वती और इन्दुमति का खून किया था या जहाँ पर नकली जैपाल भूतनाथ से जाकर मिला था।

तीनों आदमी घोड़े से नीचे उतर पड़े और अपने-अपने घोड़े लंबी बागडोरों के सहारे पेड़ों के साथ बाँधकर चरने के लिए छोड़ दिये। इसके बाद भूतनाथ दारोगा और जैपाल को साथ लिए हुए उस जगह पहुँचा जहाँ उसने जमना, सरस्वती और इन्दुमति की लाश गड्डे के अन्दर डाल कर मिट्टी और कतवार से ढाँक दी थी। तीनों ने मेहनत कर मिट्टी हटाई और उसके अन्दर से उन तीनों लाशों को निकाल कर बाहर किया। यद्यपि वे लाशें अभी तक सड़ी न थी तथापि फूल गई थीं और उनमें बू पैदा हो गई थी। उन तीनों लाशों के सर भी जो उन्हीं के साथ गाड़ दिए गये थे और अब लाशों के साथ बाहर निकल गये थे अपनी असली हालत में न थे अर्थात् चेहरे पर का रंग-रोगन जो ऐयारी के ढंग पर चढ़ाया हुआ था जगह-जगह से बिगड़ कर नीचे से असली रंग झलक मार रहा था जिसे देखते ही भूतनाथ चौंका और उसके मुँह से बेतहाशा ये शब्द निकल पड़े, “हाय, क्या गजब हो गया!!”

तीनों घोड़ों के तोशेदान में पानी की बोतल भरी हुई मौजूद थी जिसे भूतनाथ ने निकाला और उससे तीनों मुर्दों के चेहरे साफ करने के बाद एक लंबी साँस के साथ दारोगा की तरफ देखकर कहा, “ये ही जमना, सरस्वती और इन्दुमति तुमने मेरे हवाले की थी?”

दारोगा : (घबराहट और आश्चर्य के साथ) मैं खुद ताज्जुब कर रहा हूँ कि यह क्या मामला है! मैंने जो कुछ किया उसमें तो बराबर तुम भी शरीक ही थे।

भूतनाथ : हाय-हाय, मेरे इन होनहार नौजवान शागिर्दों को तुम्हें मेरे ही हाथ से मरवाना था!

दारोगा : इसमें मेरा क्या कसूर है है? मुझे तुम क्यों बदनाम करते हो?

भूतनाथ : तुम्हारा नहीं तो और किसका कसूर है? तुम्हीं ने तो जमना, सरस्वती और इन्दुमति को मेरे हवाले किया!!

दारोगा : अगर इस बारे में मैंने धोखा खाया तो तुमने क्यों नहीं पहिचान लिया कि वास्तव में जमना, सरस्वती और इन्दुमति नहीं है बल्कि तुम्हारे ही शागिर्द हैं। इसके अतिरिक्त इस बात को सोचो कि तुम्हारे इन शागिर्दों को जमना, सरस्वती और इन्दुमति बनने की क्या जरूरत थी? और अगर उन्होंने ऐसा किया भी था तो तुम पर यह भेद क्यों नहीं खोल दिया ? या जिस समय तुम इनका सर काटने लगे थे उस समय ही तुमको क्यों नहीं कह दिया कि हम लोगों को मत मारो हम तुम्हारे शागिर्द हैं।

भूतनाथ : मेरी समझ में नहीं आता कि उन लोगों ने ऐसा क्यों नहीं किया, मगर संभव है कि इसमें भी कुछ तुम्हारी ही कारीगरी हो!!

दारोगा : बड़े अफसोस की बात है कि तुम इतने बड़े होशियार ऐयार होकर ऐसी बात जुबान से निकालते हो!

भूतनाथ : (अपना माथा पीटकर) हाय मैं क्या कहूँ और क्या करूँ! मैं तो बर्बाद हो गया हूँ! इन बेचारे नौजवान शागिर्दों का मुझे बड़ा ही भरोसा था। अच्छा खैर तुमने नहीं तो इस मामले में इस (उँगली से इशारा करके) जैपाल सिंह सिंह ने जरूर कोई कार्रवाई की है।

जैपाल सिंह : ठीक है, तुम्हें अपनी बेवकूफी की झुंझलाहट निकालने के लिए मैं तो मौजूद ही हूँ!

भूतनाथ ने जैपालकी बात का कुछ भी जवाब न दिया और इन लाशों के पास बैठ सर पर हाथ रख के कुछ सोचने लगा। इस समय उसकी आँखों से आँसू की बूंदें टपाटप गिर रही थीं।

बहुत देर तक सोचने और गौर करने के बाद भूतनाथ ने सर उठाया और रूमाल से आँखें पोंछने के बाद दारोगा की तरफ देखकर कहा, “हाँ, कुछ-कुछ बात समझ में आती है।”

दारोगा : (उत्कंठा के साथ) सो क्या? जरा मैं भी सुनूँ!

भूतनाथ : सो अभी मैं कुछ भी न कहूँगा।

दारोगा : तब कब कहोगे?

भूतनाथ : जब मैं भैया राजा के लाश की जाँच करके देख लूँगा कि उसमें भी तो धोखा नहीं है।

भूतनाथ की बात ने दारोगा के दिल और दिमाग में खलबली पैदा कर दी और वह सोचने लगा कि ईश्वर न करे अगर उस लाश में भी कहीं इसी तरह का धोखा निकला तो बड़ा ही अँधेर हो जाएगा।

भूतनाथ ने दारोगा के चेहरे का रंग उड़ा हुआ और उसे कुछ सोचते हुए देखकर फिर कहा, “दारोगा साहब, आश्चर्य नहीं कि भैया राजा की लाश में भी इसी तरह का धोखा हो, और अगर वास्तव में ऐसा ही निकला तब मैं आपको बताऊँगा कि इस समय क्या सोचता था और क्या निश्चय किया। अब मैं अपने दिल पर पत्थर रखकर इन लाशों को गाड़ देता हूँ पर फिर देख लूँगा, जिसने मेरे साथ ऐसी चालाकी की है उसे मैं छठी का दूध न याद दिला दूँ तो मेरा नाम गदाधरसिंह नहीं!!

इतना कह कर भूतनाथ ने दारोगा और जैपाल की मदद लेकर उन लाशों को पुन: उसी गड्हे में दबा दिया और ऊपर में अच्छी तरह मिट्टी वगैरह डाल कर दारोगा से कहा, “अब चलिए मैं भी आपके साथ आपके घर चलता हूँ जहाँ मुझे आप भैया राजा की लाश दिखाइए।”

दारोगा : घर चलने में तो कोई हर्ज नहीं, आप उसे भी अपना ही घर समझकर खुशी से चल सकते हैं, मगर मैं फिर कहता हूँ कि आपको उस जगह नहीं ले जा सकता जहाँ भैया राजा को गाड़ा है।

भूतनाथ : जैपाल सिंह को आप उस जगह ले जा सकते हैं?

दारोगा : हाँ, क्योंकि जैपाल सिंह को मैं अपने गुप्त कार्यों में बराबर साथ रखता हूँ। मगर आपके लिए तरबुद न कीजिए, बेहतर होगा कि आप आज का दिन दूसरे काम में बताइए और कल मेरे पास आइए, इसी बीच मैं भैया राजा की लाश को अच्छी तरह देख और जाँच लूँगा।

दारोगा की बात से भूतनाथ बहुत ही चिढ़ गया मगर उसने अपने दिल का भाव प्रकट न किया, फिर भी उसमें और दारोगा में जो दोस्ती थी आज एक मामूली पेंच पड़ जाने के कारण जाती रही और दोनों ही के दिल में एक तरह की गाँठ पड़ गई। भूतनाथ ने मान लिया कि इस धोखेबाजी के मामले में दारोगा जरूर शरीक है या यह बिलकुल ही दारोगा का काम है, और इसी तरह दारोगा समझने लगा कि भूतनाथ हमसे चालबाजी खेल कर अपना कोई काम निकलना चाहता है या ताज्जुब नहीं कि इसी कारण मेरे साथ दुश्मनी का बर्ताव करके मेरा भेद खोल दे। खैर वह सब जो कुछ भी हो इस समय तो भूतनाथ ने अपने दिली जोश को दबाकर दारोगा की बात मान ली और पैदल ही उत्तर की ओर रवाना हो गया। दारोगा और जैपाल भी घोड़े पर सवार होकर शहर की तरफ चले और खाली घोड़े की लगाम थामे हुए जैपाल उसे अपने घोड़े के साथ ले चला।

Leave a comment