Summary: हनी सिंह का खुलासा, बताया नशे की लत छोड़ने में लगे कितने साल
बॉलीवुड सिंगर हनी सिंह ने अपने नशे के बारे में खुलकर बताया। उन्होंने कहा कि नशे की लत ने उनकी जिंदगी को बहुत नुकसान पहुंचाया और इसे छोड़ने में उन्हें कई साल लग गए।
Honey Singh Drug Addiction: नशे की लत इतनी खतरनाक होती है कि यह एक अच्छे इंसान की जिंदगी को पूरी तरह बर्बाद कर सकती है। इसका ताजा उदाहरण बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह हैं। हनी सिंह ने कई बार अपनी नशे की लत के बारे में खुलकर बात की है और हाल ही में एक बार फिर उन्होंने यह साझा किया कि उन्हें इससे पूरी तरह ठीक होने में 8 साल लगे। उन्होंने बताया कि नशे की वजह से उनकी जिंदगी में कितने नुकसान हुए। आइए जानते हैं कि हनी सिंह ने अपने इस कठिन सफर के बारे में क्या-क्या कहा।
ड्रग्स छोड़ने की मुश्किल
अपने इन्टरव्यू में हनी सिंह ने बताया कि उन्होंने सूखे नशे की लत 2014 के आसपास छोड़ दिया। उस दौरान डॉक्टर्स ने उनका इलाज किया और कुछ समय तक वे रिहैब सेंटर में भी रहे। हनी ने खुलकर बताया कि उनके ठीक होने में पूरे आठ साल लग गए, क्योंकि ड्रग्स का असर उनके शरीर और दिमाग से जल्दी नहीं हट रहा था। उन्होंने कहा कि वे कभी भी नहीं चाहते कि कोई, यहां तक कि उनका दुश्मन भी, उनके जैसी मुश्किलों का सामना करे।
फैंस को हनी सिंह की सलाह
हनी सिंह ने अपने इंटरव्यू में बताया कि ड्रग्स ने उनकी ज़िंदगी और काम दोनों को बहुत नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ भी करो, लेकिन नशे की आदत मत लगाओ, क्योंकि यह आपकी ज़िंदगी को इतना बर्बाद कर देता है कि आप इसके नतीजे भी संभाल नहीं सकते। इसलिए हमेशा नशे से दूर रहना चाहिए।
नशे की वजह से टूटी थीं हनी सिंह की शादी
जिन लोगों को पता नहीं है, उनके लिए बता दें कि हनी सिंह शादीशुदा थे, लेकिन उनका तलाक हो गया। उन्होंने खुद एक पुराने इंटरव्यू में बताया कि उनके तलाक की बड़ी वजह नशा था। हनी सिंह ने कहा था कि, “2011 में शालिनी से शादी के बाद हम लगभग 9–10 महीने ठीक से साथ रहे। उसके बाद मेरी अचानक सफलता आई, और मैं घर की तरफ लौटता ही नहीं रहा। मम्मी-पापा, गुड़िया और शालिनी को मैंने छोड़ दिया था। मैंने बहुत बुरा किया।”
नशा छोड़ने के लिए क्या करें
- ड्रग्स की लत छोड़ने के लिए अकेले रहना ठीक नहीं है। दोस्त बनाएं और उनके साथ समय बिताएं। इससे जब भी आपके दिमाग में नशे के ख्याल आएंगे, आप उस पर ध्यान नहीं देंगे।
- तनाव में ड्रग्स की ओर जाना आसान हो जाता है। इसलिए अपने तनाव को कम करने के लिए पॉजिटिव और हेल्दी तरीका अपनाएं। आप योग, मेडिटेशन, टहलना या गाना सुनना जैसे काम कर सकते हैं।
- अगर आप पहले से नशे के चक्कर में हैं, तो काउंसलर या डॉक्टर की मदद लें। ये आपको सही डायरेक्शन देंगे और नशे की आदत छोड़ने में मदद करेंगे।
- कई बार नशा दोस्तों के साथ ही शुरू होता है। इसलिए यदि कोई आपको ड्रग्स लेने के लिए दबाव डाल रहा है, तो सख्ती से न कहना सीखें।
