Summary: तीन टैटू की खबर से हनी सिंह के फैन दीवाने हो गए

हनी सिंह ने यह नहीं बताया कि एक रात में तीन टैटू क्यों बनवाए और दूसरा आखिर किसको डेडीकेट किया है....

Honey Singh New Tattoo: रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर यो यो हनी सिंह ने हाल ही में एक रात में एक साथ तीन टैटू बनवाकर सबको चौंका दिया। हालांकि उन्होंने अपने पहले और तीसरे टैटू को दुनिया के सामने शेयर किया, लेकिन दूसरे टैटू को शेयर करने से मना कर दिया और उसे ‘बहुत पर्सनल’ बताया।

हनी सिंह ने अपने पहले टैटू को अपनी मां को समर्पित किया। उन्होंने अपनी मां के सिग्नेचर को टैटू के रूप में अपनी स्किन पर बनवाया और इसके साथ लिखा, मेरा पहला टैटू बन गया है, यह मेरी मां के सिग्नेचर हैं, मां … मैं आपसे प्यार करता हूं… I love you mummy, shoutout to my blood.”

हनी सिंह की इस पोस्ट पर इंटरनेट यूज़र्स ने भी खूब प्यार लुटाया। एक यूज़र ने लिखा, “आपने कर दिखाया!! मां के पैरों के नीचे ही जन्नत है।” वहीं दूसरे ने लिखा, “इंक्रेडिबल।”

हनी सिंह ने बताया कि उन्होंने तीन टैटू एक ही रात में बनवाए, इसमें दूसरा टैटू उनके लिए बहुत पर्सनल है, इसलिए उसे शेयर नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि यह टैटू किसके नाम पर है या इसका क्या महत्व है। उनके फैंस भी इस टैटू के बारे में जानने को उत्सुक हैं, लेकिन हनी सिंह ने इस पर गोपनीयता बनाए रखी है।

हनी सिंह ने तीसरा टैटू भारतीय संगीत के लीजेंड एआर रहमान के नाम समर्पित किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह टैटू बनवाते समय रहमान की फिल्म ‘बॉम्बे’ का लोकप्रिय गाना ‘तू ही रे’ गाते नजर आए। वीडियो शेयर करते हुए हनी सिंह ने लिखा, मेरा तीसरा टैटू है एआर रहमान सर के लिए !!! आई लव यू सर… आपके संगीत के लिए शुक्रिया। दूसरा टैटू तो नहीं दिखाऊंगा, वो बेहद पर्सनल है”। वीडियो में हनी सिंह ने कहा, “यह टैटू मेरे प्यार और सम्मान के लिए है जो मैं लवली लेजेंड रहमान सर के लिए महसूस करता हूं। आप ही की वजह से मैं आज म्यूज़िशियन बना हूं। मैं आपको हमेशा प्यार करूंगा। धन्यवाद आपके संगीत के लिए।”

हनी सिंह पहले भी कई बार कह चुके हैं कि उनका सपना रहमान के साथ कोलेबोरेशन करने का है। उन्होंने कहा था कि वह रहमान के साथ मिलकर एक ग्रैमी विनिंग ट्रैक बनाने की ख्वाहिश रखते हैं। इस टैटू के जरिए हनी सिंह ने एक बार फिर अपने आदर्श रहमान के प्रति अपना सम्मान और प्यार जताया है।

हाल ही में हनी सिंह ने ‘तेरी यादें’ म्यूजिक वीडियो रिलीज किया था, जिसमें नरगिस फाखरी और इंटरनेशनल आर्टिस्ट ग्रिनी नजर आए थे। यह ट्रैक उनके एल्बम ‘ग्लोरी’ का हिस्सा है, जो उनके म्यूजिक प्रोड्यूसर के रूप में लौटने का प्रतीक है। इस एल्बम में 10 अलग-अलग भाषाओं में गाने हैं, जिससे हनी सिंह ने अपनी वापसी को मजबूती दी है। बता दें कि हनी सिंह ने अपने करियर में ‘ब्लू आइज़’, ‘लुंगी डांस’, ‘देसी कलाकार’ जैसे हिट गाने दिए हैं। इसके अलावा नेटफ्लिक्स सीरीज़ ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ में उन्होंने अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव, शराब की लत, मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं और फेम के संघर्ष के बारे में खुलकर बात की थी।

हनी सिंह की इस पोस्ट के बाद उनके फैंस में खुशी की लहर है। फैंस ने रहमान और मां के प्रति उनके सम्मान और भावनाओं की सराहना की है। सोशल मीडिया पर फैंस ने लिखा, “आपका ये कदम दिखाता है कि सच्चे आर्टिस्ट अपने आदर्श और मां के प्रति सम्मान नहीं भूलते।” एक ने लिखा, “ये देखकर दिल खुश हो गया, आप हमेशा ऐसे ही मोटिवेट करते रहिए।” सही भी है, इस कदम ने एक बार फिर हनी सिंह को उनके फैंस के दिल में और करीब ला दिया है और उनके करियर और पर्सनल लाइफ में एक नए चैप्टर की शुरुआत की है।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...