Overview: व्हाट्सऐप से करें होम मैनेजमेंट आसान
घर को मैनेज करना इतना भी आसान काम नहीं है। लेकिन व्हाट्सऐप की मदद से आप इसे बेहद आसान बना सकती हैं।
WhatsApp for Home Management: व्हाट्सऐप एक ऐसा ऐप है, जो आज हर किसी के फोन में बेहद जरूरी ऐप बन चुका है। ऑफिस के काम को करने से लेकर दोस्तों से बात करने या फिर जरूरी मैसेज भेजने तक में व्हाट्सऐप बेहद ही काम आता है। लेकिन क्या आपको पता है कि व्हाट्सऐप होम मैनेजमेंट में भी आपका हाथ बंटा सकता है। जी हां, घर संभालना सुनने में जितना आसान लगता है, यह वास्तव में उतना आसान नहीं है। घर के जरूरी बिल्स को समय पर भरने से लेकर राशन का हिसाब-किताब रखने तक, हमें दिनभर में कई कामों को करना होता है। ऐसे में हमारी कोशिश होती है कि कोई व्यक्ति इस होम मैनेजमेंट में हमारी मदद कर दे। लेकिन जब आपके फोन में व्हाट्सऐप है तो ऐसे में आपको टेंशन लेने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
आपको शायद अंदाजा ना हो, लेकिन व्हाट्सऐप एक बेहद ही काम का ऐप है और आप इसे अपने पर्सनल होम असिस्टेंट की तरह भी इस्तेमाल कर सकती हैं। हो सकता है कि अब तक आप इसे चैटिंग या कॉलिंग के लिए इस्तेमाल करती आई हों। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि व्हाट्सऐप आपके होम मैनेजमेंट के काम को किस तरह आसान बना सकता है-
घर मैनेजमेंट के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप्स का लें सहारा

व्हाट्सऐप आपको ग्रुप बनाने की सुविधा देता है। आपने अपने ऑफिस या प्रोजेक्ट से रिलेटिड शायद व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए होंगे। अब आप इस फीचर का इस्तेमाल अपने होम मैनेजमेंट के लिए भी करें। कोशिश करें कि आप हर काम के लिए अलग-अलग ग्रुप बनाएं। जब हर काम के लिए अलग ग्रुप होगा तो मैसेज क्लियर रहेंगे और कोई कंफ्यूजन नहीं होगी। मसलन, फैमिली ग्रुप में बर्थडे, रिमाइंडर, मीटिंग्स या घर के छोटे-मोटे अपडेट शेयर करें। इससे आप और घर के बाकी सदस्य जरूरी चीजों को बिल्कुल भी नहीं भूलेंगे। इसी तरह, अगर आपके घर में नौकर हैं तो ऐसे में एक स्टाफ ग्रुप बना लें, जिसमें मेड से लेकर कुक, ड्राइवर या माली आदि के लिए रोज़ाना या हफ्तेभर का काम लिख सकते हैं। इससे आपको उनकी चीजों को भी याद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, घर के सामान के लिए शॉपिंग ग्रुप बनाएं। इसमें घर के लिए कौन-सी चीज़ें लानी हैं, कौन-सी आ गई हैं, इन सब चीजों से रिलेटिड अपडेट करें। यह ग्रुप आपके होम मैनेजमेंट से जुड़े कई कामों को बेहद ही आसान बना देगा और इससे आपका काफी सारा समय भी आसानी से बच जाएगा।
पिन करें मैसेज
अक्सर ग्रुप में काफी मैसेज हो जाते हैं, ऐसे में जरूरी मैसेज कई बार मिस हो जाता है। इससे बचने के लिए पिन फीचर की मदद लें। मसलन, अगर आपने शॉपिंग लिस्ट बनाई है तो उस मैसेज को पिन कर दें, ताकि कोई भी उस मैसेज तक आसानी से पहुंच सके। वहीं, स्टाफ खरीदने के बाद उसे ✔️ कर सकते हैं। इससे होम मैनेजमेंट यकीनन काफी आसान हो जाएगा।
ज़रूरी नोट्स रखें अपने पास

जिस तरह आपने दूसरों के लिए ग्रुप बनाया है, ठीक उसी तरह खुद के लिए भी अकेले का ग्रुप बनाइए। आप इस ग्रुप में बिल, रसीदें, डॉक्यूमेंट्स या रिमाइंडर सेव कीजिए। चाहें तोबाकी ग्रुप से मैसेज फॉरवर्ड करके भी रख सकते हैं। इससे आपके पास हमेशा के लिए एक रिकॉर्ड होगा और ऐेसे में आपको अलग से कुछ भी डायरी में लिखने या फिर याद रखने की जरूरत महसूस नहीं होगी।
