jangal ka raakshas story in Hindi
jangal ka raakshas

jangal ka raakshas story in Hindi : बादशाह अकबर को बीरबल से मजाक करने की सूझी। उन्होंने एक दाँता बनवाया और उसे इस तरह का रूप दिया कि पता न चले कि वह दाँता है और जो भी उसमें हाथ डाले उसका हाथ फँस जाए। बादशाह ने उसमें एक सेब रख दिया। जब बीरबल आए तो उन्होंने वह सेब उनसे मँगवाया। बीरबल ने जैसे ही सेब की तरफ हाथ बढ़ाया उनका हाथ उस दाँते में फँस गया। बादशाह अकबर जोर-जोर से हँसने लगे। बीरबल समझ गए कि यह बादशाह की चालाकी है।

बादशाह ने बीरबल के हाथ को दाँते से छुड़ाते हुए कहा, ‘कहो बीरबल कैसी रही?’

बीरबल चुप रहे किंतु मन-ही-मन बादशाह को इसका जवाब देने’ का पक्का इरादा कर लिया।

बीरबल ने दरबार से कुछ दिन की छुट्टी ले ली और घर पर ही रहने लगे, पर वे दरबार की सारी खबर रखते थे।

एक दिन बादशाह अकबर शिकार खेलने निकले। बीरबल भी साधु के भेष में उनके पीछे-पीछे हो लिए। कुछ देर बाद एक शिकार का पीछा करते-करते बादशाह घने जंगल में निकल आए। उनके सभी साथी पीछे छूट गए थे।

शाम भी घिर आई थी। अकला होने के कारण बादशाह को कुछ डर भी लग रहा था। फिर भी वे रास्ता खोजते हुए चले जा रहे थे। तभी अचानक भयंकर अट्टहास सुनाई दिया।

‘क…क… कौन है?’ बादशाह अकबर ने पूछा।

‘मैं इस जंगल का राक्षस हूँ और तम्हारी खबर लेने आया है।’

‘मेरा क्या कसूर है?’ बादशाह ने डरते हुए पूछा।

‘तू यहाँ का शासक होकर प्रजा पर जुल्म करता है, इसकी सजा तुझे जरूर मिलेगी।’

‘मुझे इस बार माफ कर दो, अगली बार आपको शिकायत नहीं मिलेगी।’

‘माफी मिल सकती है, अगर तू मेरा जूता अपने सिर पर रखकर चलेगा।’

‘मुझे मंजूर है, आप जूते दे दें।’

तभी बादशाह के सामने एक जोड़ी जूते आकर गिर पड़े, बादशाह ने उन जूतों को उठाया और सिर पर रखकर चल दिए। जंगल से बाहर निकलकर बादशाह ने उन जूतों को फेंका और बिना पीछे देखे महल की तरफ दौड़ पड़े। जैसे-तैसे वे महल में पहुँचे, तब कहीं जाकर जान में जान आई।

अगले दिन जब दरबार लगा तो बीरबल भी दरबार में उपस्थित थे। बीरबल को देखकर बादशाह को फिर मजाक सूझा। उन्हें चिढ़ाने के उद्देश्य से बोले, ‘कहो बीरबल, दाँते का सेब मिला?’

‘हुजूर, जंगल के राक्षस ने क्या कहा?’ बीरबल ने जवाब दिया।

यह सुनकर बादशाह अकबर झेंप गए। वे समझ गए कि जंगल की घटना बीरबल की बुद्धि का ही कारनामा था।

Top 10 Panchantantra Stories in Hindi-पंचतंत्र की कहानियां

पंचतंत्र की कहानियां:नीति, ज्ञान और मनोरंजन का अनमोल खजाना हैं पंचतंत्र एक प्राचीन भारतीय साहित्यिक कृति है जो जानवरों की…