Workplace Relationship: ऑफिस में काम करने के लिए जरूरी है कि आपका अपने को-वर्कर के साथ अच्छा रिश्ता हो। अमूमन ऑफिस में किसी भी प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अक्सर को-वर्कर्स का साथ भी जरूरी होता है। लेकिन अगर उनके साथ आपके रिलेशन अच्छे ना हो तो इससे ऑफिस में काम करना काफी कठिन हो जाता है। को-वर्कर आपके पास ही बैठते हैं और अगर आपके उनके साथ तनावपूर्ण रिश्ते होते हैं तो ऐसे में आपको हरवक्त एक नेगेटिविटी का अहसास होता है। जो आपको हरदम परेशान करता है। इसलिए, यह जरूरी होता है कि आपके अपने को-वर्कर के साथ अच्छे रिश्ते हों। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपने को-वर्कर के साथ अपने रिश्ते को बेहतर बना सकते हैं
1) स्माइल के साथ मिलें

अगर आप अपने को-वर्कर के साथ एक अच्छा रिलेशन बनाना चाहते हैं तो ऐसे में सबसे आसान व अच्छा तरीका है कि आप हर किसी के साथ स्माइल के साथ मिले। जब आप ऑफिस में जाएं तो अपने को-वर्कर को स्माइल के साथ हैलो बोलें। आपका एक छोटा सा अभिवादन उनके चेहरे पर भी स्माइल ले आता है। इससे आपका और उनका दोनों का दिन एक पॉजिटिव नोट के साथ शुरू होता है। इतना ही नहीं, यह छोटा सा बदलाव आपके आपसी प्रोफेशनल रिश्तों को बेहतर बनाने में मदद करता है।
2) साथ में करें लंच
अगर आप अपने को-वर्कर के साथ एक अच्छा रिश्ता बनाना चाहते हैं तो ऐसे में लंच टाइम में साथ भोजन करना एक अच्छा विचार हो सकता है। यूं तो पूरा दिन आप सभी काम में व्यस्त रहते हैं और ऐसे में अगर उस समय आप बातचीत में समय बिताते हैं तो इससे आपकी प्रोफेशनल इमेज पर नेगेटिव असर पड़ता है। लेकिन अगर आप लंच टाइम या कॉफी टाइम में साथ में टाइम स्पेंड करते हैं तो इससे आपके बीच का बॉन्ड बेहतर होता है।
3) मांगे मदद
कई बार लोग अपने को-वर्कर के साथ मदद मांगने से हिचकिचाते हैं। लेकिन अगर आप को-वर्कर के साथ एक अच्छा रिलेशन बनाना चाहते हैं तो जरूरत पड़ने पर उनसे मदद मांगने से ना हिचकिचाएं। इतना ही नहीं, अगर जरूरत हो तो अपने को-वर्कर का भी पूरा सहयोग करें। एक-दूसरे की मदद करने से ना केवल काम बेहतर तरीके से कंप्लीट होता है, बल्कि वह अधिक आसान भी बन जाता है। इतना ही नहीं, इसके कारण को-वर्कर के साथ रिलेशन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है।
4) सभी से लें राय
अगर आपको किसी प्रोजेक्ट में टीम हेड बनाया है तो ऐसे में आप सारे फैसले खुद अकेले ही ना लें। इसके स्थान पर आप टीम के सभी मेंबर्स से भी राय लें। हो सकता है कि आपकी राय अपने कलीग्स से मेल ना खाती हो। लेकिन फिर भी उनकी बात को पूरे ध्यान से सुनें और उसका सम्मान करें। जब सभी लोग अपनी राय आपको देंगे तो इससे आपके पास कई बेहतरीन आइडियाज होंगे और आप सबसे बेस्ट निर्णय ले पाएंगे। इतना ही नहीं, इससे कंपनी के सभी वर्कर के बीच रिश्ता भी सुधरता है।
