Self Love: वैलेंटाइन डे एक ऐसा अवसर है, जब हर व्यक्ति अपने प्यार के साथ समय बिताना चाहता है और उसे बेहद ही स्पेशल फील करवाना चाहता है। लेकिन हर साल आप वैलेंटाइन डे को इसी तरह सेलिब्रेट करें, यह जरूरी नहीं है। जब बात प्रेम की हो तो यह बेहद जरूरी है कि व्यक्ति सबसे पहले खुद को प्यार करे। फिर भले ही आप सिंगल हों, किसी रिलेशनशिप में हों या फिर शादीशुदा हो, इस खास दिन पर खुद को प्यार करना और सीखना बेहद जरूरी होता है। आखिरकार, आपका सबसे लंबा रिश्ता खुद के साथ ही होता है।
यकीनन आप अपने पार्टनर के साथ इस दिन कुछ खास करने का मन बनाते हैं, लेकिन साथ ही साथ खुद पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए। याद रखें कि आप अपने साथ वैसा ही व्यवहार करें, जैसा आप अपने साथी से चाहते हैं। यहां पर आपको यह भी समझने की जरूरत है कि सेल्फ लव सिर्फ़ स्पा डे के बारे में नहीं है, बल्कि यह उन चीज़ों को करने के बारे में है जो आपको खुश, सहज और आत्मविश्वासी बनाती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि वैलेंटाइन डे पर आप खुद को किस तरह प्यार कर सकती हैं-
खुद को दें लाड़-प्यार

खुद की केयर करना हर किसी के लिए एक जरूरत होनी चाहिए। इसलिए, वैलेंटाइन डे के दिन आप खुद को थोड़ा लाड़ जरूर दें। मसलन, आप घर पर या फिर बाहर स्पा डे आजमाएं। इस दौरान कुछ मोमबत्तियां जलाएं। इससे आपको काफी अच्छा लगेगा। अगर आप बजट फ्रेंडली तरीके की तलाश में हैं तो घर पर ही फेशियल करें, जिसमें आप होममेड आइटम्स की मदद से एक्सफोलिएशन व हाइड्रेटिंग मास्क का इस्तेमाल करें। इसके अलावा, मैनीक्योर व पेडीक्योर करवाया जा सकता है। अगर आप कुछ नया लुक चाहते हैं तो ऐसे में नए हेयरस्टाइल के साथ एक्सपेरिमेंट करें। आप अपनी पसंदीदा चाय या हॉट चॉकलेट पीते हुए खुद को लाड़-प्यार दे सकते हैं।
अपने फेवरिट फूड को करें एन्जॉय
जब बात खुद को प्यार करने की हो तो खाने के बिना आपका सेलिब्रेशन अधूरा ही माना जाता है। वैलेंटाइन डे पर जब आप खुद का थोड़ा ज्यादा ख्याल रखना चाहते हैं तो ऐसे में अपने पसंदीदा फूड्स का लुत्फ़ उठाएं। मसलन, आप सोलो फेस्ट को एन्जॉय करने के लिए अपने पसंदीदा फूड्स को पकाएं या फिर आप इसे ऑर्डर भी कर सकते हैं। अगर आप कुछ मीठा खाना चाहते हैं तो पसंदीदा चॉकलेट, ब्राउनी, कपकेक या कुकीज़ खा सकते हैं।
करें कुछ क्रिएटिव
जब आप कुछ क्रिएटिव करते हैं तो इससे आपको काफी अच्छा लगता है। यह भी खुद को पैम्पर करने का एक बेहतरीन तरीका है। वैलेंटाइन डे पर आप किसी नई हॉबी को आजमाएं। आप पेंट करें, ड्रा करें या फिर क्राफ्ट करें। ऐसे गानों की प्लेलिस्ट बनाएं जो आपको खुश करें। इन प्लेलिस्ट पर डांस करें। अगर आप चाहें तो खुद के लिए भी एक लव लेटर लिख सकते हैं। यह भी खुद को प्यार करने और खुद को अपनी खूबियां जताने का एक बेहतरीन तरीका है।
अपनी पसंदीदा जगहों पर जाएं

वैलेंटाइन डे पर अगर आप खुद को प्यार देना चाहते हैं तो ऐसे में आप अपनी पसंदीदा जगहों पर जाने की प्लानिंग करें। आप किसी कैफ़े, आर्ट गैलरी या म्यूज़ियम में जाने का मन बना सकते हैं। अगर आपको अपना समय प्रकृति के बीच बिताना पसंद है तो ऐसे में आप किसी पार्क या बीच पर जाएं और कुछ वक्त बिताएं। इसके अलावा, आप कोई अच्छी फिल्म, रोमांटिक कॉमेडी या फिर अपने पसंदीदा जोन की फिल्म की टिकट बुक करें।
करें सोशल मीडिया डिटॉक्स

जब भी सेल्फ केयर की बात होती है तो हम केवल खुद को बाहरी तौर पर ही पैम्पर करते हैं, लेकिन डिजिटल सेल्फ-केयर भी उतना ही जरूरी है। यकीनन कभी-कभी, खुद से प्यार करने का सबसे अच्छा तरीका विचलित करने वाली चीज़ों से ब्रेक लेना होता है। इसलिए, वैलेंटाइन डे पर आप कुछ घंटों के लिए अनप्लग करें और अनावश्यक तुलनाओं से बचने के लिए सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग से ब्रेक लें। जब आप डिजिटल शोर के बिना कुछ सुकून के पल बिताते हैं तो इससे आपको खुद को एक अलग तरह से जानने का मौका मिलता है। जब आप डिजिटल डिटॉक्स करते हैं तो उस दौरान खुद के लिए कुछ सकारात्मक कथन लिखें। जैसे’ “मैं स्वयं के लिए पर्याप्त हूं।“ “मैं बाहर और भीतर से मजबूत और सक्षम हूं।“ इस तरह की बातें लिखकर उन्हें अपने आईने या जर्नल पर चिपकाएं। जब आप सोशल मीडिया से दूर होते हैं तो आपके पास खुद के लिए बिताने के लिए पर्याप्त समय होता है। ऐसे में आप खुद के साथ सोलो डेट पर जाएं और अपनी शर्तों पर दुनिया का पता लगाएं।
खुद से कहें “आई लव यू“
अमूमन हम वैलेंटाइन पर अपने पार्टनर को तो आई लव यू कहते हैं, लेकिन खुद का प्यार करना भूल जाते हैं। जबकि सेल्फ लव की शुरुआत खुद को, अपनी खूबियों व खामियों के साथ स्वीकार करने से होती है। इसलिए, वैलेंटाइन डे पर खुद को भरपूर प्यार दें और इसके लिए मिरर टॉक करना अच्छा विचार हो सकता है। कोशिश करें कि आप आईने के सामने खड़े होकर खुद के प्रति अधिक दयालु शब्द कहें। अपनी मुस्कुराहट को देखें और उस खुशी का अहसास करें। ध्यान रखें कि आत्म-स्वीकृति बहुत अधिक शक्तिशाली होती है। इसके अलावा, अगर आप चाहें तो अपने विकास, संघर्षों और शक्तियों की सराहना करते हुए खुद को एक पत्र लिखें। इसे किसी सुरक्षित जगह पर रखें और जब भी आपको आत्मविश्वास बढ़ाने की आवश्यकता हो, इसे पढ़ें।
