सासू माँ के फैसलों पर उंगली उठाना हो सकता है नुकसानदायक
बहुओं को अपनी सासू माँ के इन 5 फैसलों पर कभी भूलकर भी उंगली नहीं उठाना चाहिए। अगर वे ऐसा करती हैं तो इसमें उनका ही नुकसान होता है।
Relationship With Mother-in-Law: बहुओं को हमेशा अपनी सासू माँ का हर फैसला गलत लगता है। वे हमेशा यही सोचती हैं कि उनकी सासू माँ उन्हें कंट्रोल में रखने के लिए ऐसा कहती हैं। लेकिन बहुओं का ऐसा सोचना बिलकुल भी गलत है, उनकी सासू माँ उनपर राज करने के लिए नहीं बल्कि उनकी भलाई के लिए ऐसा सोचती हैं और कुछ जरूरी फैसले लेती हैं। इसलिए बहुओं को भी अपनी सासू माँ के इन 5 फैसलों पर कभी भूलकर भी उंगली नहीं उठाना चाहिए। अगर वे ऐसा करती हैं तो इसमें उनका ही नुकसान होता है।
घर खर्च में से पैसे बचाना

जब आपकी सासू माँ आपको घर खर्च में से पैसे बचाने के लिए कहती हैं तो आपको उनकी बातें सुनकर नाराज होने के बजाए उनकी बातें माननी चाहिए, क्योंकि वे ऐसा अपने अनुभव के आधार पर आपसे कहती हैं। इसमें उनका अपना कोई स्वार्थ नहीं होता है और ना ही वे आपको खर्चा करने से रोकती हैं, बल्कि वे आपको ऐसा इसलिए कहती हैं ताकि आपमें बचत करने की आदत विकसित हो सके और आप भविष्य के लिए कुछ पैसे जोड़ कर रख सकें।
रिश्तेदारों के साथ अच्छा व्यवहार करना

जीवन के अनुभव के आधार पर सासू मां अच्छे से जानती हैं कि खुशहाल परिवार के लिए मजबूत रिश्तों की जड़ बहुत जरुरी होती है। रिश्तेदार ही जरूरत के समय काम आते हैं, इसलिए वे आपको रिश्तेदारों के साथ अच्छा व्यवहार करने के लिए कहती हैं और उनका सम्मान करने पर जोर देती हैं।
घर की परंपराओं का पालन करना

सासू माँ घर की परंपराओं और रीति-रिवाजों की संरक्षक होती हैं। चाहे वह कोई त्योहार हो या घर का कोई पारिवारिक रीति-रिवाज, वे ही होती हैं जिन्हें परिवार की खुशी और सुरक्षा से जुड़ी सारे रिवाजों के बारे में अच्छे से पता होता है। ऐसे में अगर वे आपको इन रिवाजों को मानने के लिए कहती हैं तो आप उनकी बातों को अपनाने में आनाकानी बिलकुल ना करें, क्योंकि वे ऐसा परिवार और आपकी ही सुख व समृधि के लिए कहती हैं।
सही समय पर बच्चा करने का निर्णय

आपकी सासू माँ आपको बच्चा करने के लिए कहती हैं तो आपको उनपर जरूर गुस्सा आता होगा और आप उन्हें लेकर नकारात्मक बातें भी सोचती होंगी। लेकिन ऐसी बातें अपने दिमाग में लाने के बजाए आपको उन्हें समझने की कोशिश करनी चाहिए कि वे आपको ऐसा क्यों कह रही हैं। दरअसल आपकी सासू माँ चाहती हैं कि आप सही समय पर बच्चा कर लें ताकि आपको प्रेग्नेंट होने में किसी तरह की कोई परेशानी ना हो और आप आसानी से अपने बच्चे का पालन-पोषण कर सकें।
देर रात तक बाहर नहीं घूमना चाहिए

अगर आपकी सासू माँ आपको देर रात तक बाहर घूमने पर टोका-टाकी करती हैं और आपको उनकी इस आदत पर गुस्सा आता है तो आप अपनी इस आदत को बदलिए क्योंकि वे ऐसा आपकी सुरक्षा को देखकर कहती हैं। वे नहीं चाहती कि आपके साथ कोई दुर्घटना हो, इसलिए वे आपको देर रात तक बाहर घूमने से रोकती हैं।
