Overview:जानिए किस तरह नुकसानदायक है थ्रोनिंग डेटिंग ट्रेंड
थ्रोनिंग डेटिंग ट्रेंड इन दिनों काफी पॉपुलर हो रहा है, लेकिन वास्तव में यह आपको खुशी नहीं, बस दुख ही दुख देता है।
Throning Dating Trend: बदलते जमाने में प्यार का स्वरूप भी बदलने लगा है। आज के समय में लॉन्ग टर्म रिलेशनशिप से लेकर सिचुएशनशिप तक, कई ट्रेंड बेहद आम हो गए हैं। डेटिंग की इस दुनिया में हर बार नए-नए ट्रेंड वायरल होते रहते हैं। ऐसा ही डेटिंग ट्रेंड है थ्रोनिंग। थ्रोनिंग के बारे में अभी बहुत से लोग अनजान हैं, लेकिन फिर भी अनजाने में इस ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं। इसमें आप भले ही एक रिलेशन में हैं, लेकिन उस रिलेशन में प्यार नहीं, बस दिखावा ही होता है। यह एक टॉक्सिक डेटिंग ट्रेंड है, जो वास्तव में आपको केवल दुखी ही करता है।
थ्रोनिंग का मतलग होता है कि किसी को सिर्फ इसलिए डेट करना, ताकि आप उसके स्टेटस को बूस्ट कर सके। इस तरह की डेटिंग आमतौर पर केवल सोशल वैलिडेशन और शो-ऑफ के लिए की जाती है। जरा सोचिए कि अगर कोई आपके साथ सिर्फ इसलिए है, क्योंकि आपके पास अच्छा नेम और फेम है तो क्या सच में आप उस रिश्ते में खुशियां ढूंढ सकते हैं। सामने वाले व्यक्ति ने आपके साथ नहीं, बल्कि आपकी शोहरत, स्टेटस और पैसे के साथ ही रिश्ता जोड़ा है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको इसी थ्रोनिंग डेटिंग ट्रेंड के बारे में बता रहे हैं-
थ्रोनिंग क्या होती है

थ्रोनिंग एक नया डेटिंग ट्रेंड है, जो इन दिनों काफी पापुलर हो रहा है। इसमें कोई व्यक्ति आपको सिर्फ इसलिए डेट करता है क्योंकि आप उसकी सोशल इमेज को और भी बेहतर बना रहे होते हैं। इसमें किसी व्यक्ति को सामने वाले व्यक्ति से सच में प्यार नहीं होता और ना ही वह उसे बतौर एक अच्छे इंसान पसंद करता है, बल्कि वह सबके सामने शो-ऑफ करना चाहता है। उसका मकसद अपनी ईगो को बूस्ट करना और दूसरे लोगों के सामने अपनी इमेज को चमकाना होता है। वह दुनिया को बस यह दिखाना चाहता है कि उसका पार्टनर कितना सक्सेसफुल, पॉपुलर, पावरफुल या फिर पैसे वाला है।
इस ट्रेंड में रिलेशनशिप का बेसिक फाउंडेशन यानी प्यार या इमोशनल कनेक्शन होता ही नहीं है। लोग बस अपने पार्टनर की अचीवमेंट्स, उसके पैसे या स्टेटस का दूसरों के सामने गुणगान करते हैं, ताकि उनकी खुद की इमेज ऊंची नजर आए। ऐसे रिश्ते में प्यार, फीलिंग्स या कम्युनिकेशन जैसी जरूरी चीजों के कोई मायने ही नहीं होते, बस इंसान सामने वाले व्यक्ति के स्टेटस से रिश्ता जोड़ता है।
थ्रोनिंग ट्रेंड क्यों हानिकारक है
अगर आप भी किसी ऐसे इंसान के साथ रिलेशन में हैं तो आपको हमेशा बस दुख ही मिलने वाला है। यह एक बेहद ही टॉक्सिक ट्रेंड है, जो आपको मानसिक रूप से काफी परेशान कर सकता है। ऐसे व्यक्ति के साथ रिलेशन में आने के बाद आप भावनात्मक रूप से थकान महसूस करने लगते हैं, क्योंकि आपको यह अहसास होने लगता है कि वास्तव में आपकी अचीवमेंट्स ही आपकी कीमत हैं, आपकी भावनाओं या वास्तविक स्वरूप का कोई मोल नहीं है। चूंकि इसमें सिर्फ एक इमेज को बरकरार रखने के लिए रिश्ता जोड़ा जाता है, इसलिए असली प्यार की कमी नजर आती है। ऐसे रिश्ते कभी भी टिकाऊ नहीं होते, क्योंकि जैसे ही आपकी सामाजिक स्थिति बदलेगी, सामने वाला व्यक्ति भी यकीनन बदल जाएगा। ऐसे व्यक्ति के साथ आप हमेशा एक इनसिक्योरिटी के साथ जीते हैं।
थ्रोनिंग को किस तरह पहचानें

अगर आपको लगता है कि आप भी ऐसे ही एक रिश्ते में उलझी हुई हैं तो थ्रोनिंग को पहचानना बेहद ही आसान है। बस आपको कुछ बातों पर गौर करना होगा। मसलन-
- सामने वाला व्यक्ति हमेशा दूसरों के सामने आपकी तारीफ करता है, लेकिन वह आपकी बतौर एक अच्छा इंसान प्रशंसा नहीं करता या फिर आपकी सोच और फीलिंग्स को नजरअंदाज कर देता है। हर बात में वह आपकी जॉब, स्टेटस, सोशल फॉलोअर्स या फाइनेंशियल स्टेटस की ही तारीफ करता है तो समझ लीजिए कि कुछ गड़बड़ है।
- वह आपके साथ अक्सर सोशल मीडिया पर फोटोज पोस्ट करता है और प्यार का दिखावा करता है, लेकिन प्राइवेट में आपके लिए कोई एफर्ट्स नहीं लेता। यह साफ जाहिर करता है कि वह बस दुनिया को दिखाना चाहता है कि वह आपके साथ रिलेशन में है।
- अगर आपके बीच बहुत अच्छा कम्युनिकेशन नहीं है। वह कभी भी आपसे आपके दिल की बातें, भावनाएं या इच्छाओं को जानने का प्रयास नहीं करता है। बस उसका सारा ध्यान आपकी उपलब्धियों पर ही होता है, तो आपको चौकन्ना हो जाना चाहिए।
- अक्सर हमारी अंदर की आवाज भी हमें बहुत कुछ बता देती है। अगर उसके साथ रहकर आपको प्यार का अहसास नहीं होता, बल्कि आपको यह लगता है कि आप सिर्फ शो-ऑफ के लिए हैं, तो इस आवाज को नजरअंदाज ना करें।
इससे कैसे निपटें

अगर आपको लगता है कि आप भी ऐसे ही एक रिश्ते में हैं तो इससे निपटने के लिए कुछ तरीके अपनाएं। जैसे-
- सबसे पहले कुछ सीमाएं तय करें। अगर आपको लगता है कि आपको सिर्फ सोशल स्टेटस के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है तो पार्टनर से सीधेतौर पर इस बारे में बात करें।
- उनसे पूछें कि वह क्या चाहते हैं या फिर इस रिश्ते को लेकर वह क्या भविष्य देखते हैं। अगर वह कमिटमेंट के लिए तैयार नहीं है तो कदम पीछे लेने में कोई बुराई नहीं है।
- एक बार उनसे कहकर देखें कि आपकी जॉब चली गई है और फिर उनका रिएक्शन देखें। अगर आपको लगता है कि आप उस बिहेवियर के साथ ओके हैं, तभी आगे बढ़ें। याद रखें कि आपकी कीमत सिर्फ जॉब, पैसे या फॉलोअर्स नहीं हैं।
- अपने अंदर की आवाज सुनें। अगर आपको कुछ गलत लगता है तो उसे नजरअंदाज ना करें।
