बहू को दें आजादी और बनें बेस्ट सास
अगर आप बेस्ट सासू माँ बनना चाहती हैं तो बहू को थोड़ी आजादी दें, ताकि उनकी बहू गर्व के साथ सबको कह सके कि उसकी सासू माँ तो बेस्ट सासू माँ हैंI
How to become best mother-in-law: सास-बहू का रिश्ता काफी नाजुक होता हैI सासू माँ चाहती हैं कि उनकी बहू ठीक वैसा ही करे, जैसा वे चाहती हैंI बहू भी अपना फर्ज समझ कर सासू माँ की हर बात मानती हैI सासू माँ अपनी बहू को कंट्रोल में रख कर सोचती हैं कि वे बेस्ट सासू माँ बन गई हैं, पर सासू माँ को एक बात समझने की जरूरत है कि वे ऐसा करके बेस्ट सासू माँ कभी नहीं बन पाएंगीI अगर वे बेस्ट सासू माँ बनना चाहती हैं तो बहू को थोड़ी आजादी दें, ताकि उनकी बहू गर्व के साथ सबको कह सके कि उसकी सासू माँ तो बेस्ट सासू माँ हैंI
Also read: सासू मां के साथ शॉपिंग में ना करें ये 5 गलतियां
कपड़े पहनने पर रोकटोक ना करें

आप अगर एक अच्छी सास बनना चाहती हैं तो कभी भी अपनी बहू को इस बात के लिए रोकटोक ना लगाएं कि वह क्या पहनें और क्या नहींI आप अपनी बहू को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की आजादी देंI अगर आप बहू के पहनावे पर भी रोकटोक लगाएंगी, तो आपकी बहू को घुटन महसूस होगी और आप दोनों का रिश्ता कभी भी मजबूत नहीं बन पाएगाI
नौकरी करने से ना रोकें

आपकी बहू शादी से पहले जॉब करती है तो बहू को जॉब छोड़ने के लिए कभी ना कहें या फिर अगर आपकी बहू नौकरी करना चाहती है तो उस यह कह कर घर में रहने के लिए मजबूर ना करें कि क्या करोगी जॉब करकेI आप एक अच्छी सास बनना चाहती हैं तो बहू की मदद करें ताकि वह अपना करियर बना सके और घर को भी अच्छे से संभाल सकेI
मायके जाने पर पाबन्दी ना लगाएं
कुछ सास ऐसी भी होती हैं जो बहू के मायके जाने के नाम पर गुस्सा हो जाती हैंI हर समय उनकी बस यही कोशिश रहती है कि बहू अपने मायके ना जाए या अगर जाए तो तुरंत वापस आ जाएI आप खुद सोचिए अगर कोई आपको आपके मायके जाने से रोकेगा तो आपको कैसा लगेगा? क्या आप उस इंसान के साथ अच्छे से बर्ताव कर पाएंगी, नहीं नाI तो फिर अपनी बहू को मायके जाने से क्यों रोकनाI बहू जब भी मायके जाना चाहे उसे ख़ुशी-ख़ुशी मायके भेजें ताकि बहू को भी अच्छा लगेI अगर आप हमेशा ड्रामा करके बहू को मायके भेजेंगी तो बहू का वापस आने का बिलकुल भी मन नहीं करेगाI
पसंद का खाना बनाने दें

हर किसी का मन करता है कि वह किसी दिन अपनी पसंद का खाना खाएI ऐसे में आप बहू को भी छुट दें कि वह घर में अपनी पसंद का खाना बना सकेI अगर आप हमेशा बहू को अपनी पसंद का खाना बनाने से रोकेंगी तो बहू को बिलकुल भी अच्छा नहीं लगेगाI
पति के साथ घूमने जाने से ना रोकें

कुछ सास की ऐसी भी आदत होती है कि जब भी उनके बहू-बेटे कहीं घूमने के लिए जाते हैं, तो वे भी उनके साथ चली जाती हैंI उन्हें ऐसा लगता है कि अगर वे साथ नहीं जाएंगी तो कहीं बेटा बहू का गुलाम ना बन जाए और उनसे दूर ना हो जाएI इसलिए बेटा-बहू जहाँ भी जाते हैं वे उनके साथ जाने की जिद करने लगती हैंI अगर आप अपनी बहू के साथ प्यारा सा रिश्ता बनाना चाहती हैं तो ऐसी गलती कभी ना करेंI
