Mother and Daughter Relation: मां-बेटी का रिश्ता बेहद खूबसूरत और अनोखा होता है। वह एक-दूसरे की परछाई होती हैं। मां बेटी के लिए एक आदर्श, अच्छी दोस्त और मजबूत स्तंभ होती है जो उसकी हरहाल में रक्षा करती है। उम्र के साथ ये रिश्ता और गहरा हो जाता है। लेकिन जैसे-जैसे बेटी बड़ी होती है उसके विचार और सोच में परिवर्तन आने लगता है। जिसकी वजह से मां-बेटी के रिश्ते में दरार या खटास पैदा हो जाती है। ऐसे में मां-बेटी के बीच दूरियां आ जाती हैं और वह एक साथ रहकर भी कई बार अकेला महसूस करने लगते हैं। वह रिश्ते को मधुर बनाना चाहती हैं लेकिन पहल करने से कतराती हैं। यदि आपका रिश्ता भी इसी उधेड़-बुन में लगा है तो इस मदर्स डे पर पुरानी बातों को भूलकर रिश्ते को नए सिरे से शुरू कर सकते हैं। जिसमें ये टिप्स आपके काम आ सकती हैं।
एक-दूसरे को सुनें

जब व्यक्ति अपने ही विचारों में खोया रहता है तो वह दूसरों की बातें सुनने से कतराता है। ऐसे में रिश्ते में खटास आना लाजमी है। यदि मां-बेटी में किसी बात पर अनबन हो गई है तो जरूरी है कि दोनों एक-दूसरे की बात ध्यान से सुनें। आप एक-दूसरे से सवाल पूछ सकते हैं, अपने मन की बात कह सकते हैं और भ्रम व मतभेदों को कम कर सकते हैं।
करें माफ
रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि आप एक-दूसरे को माफ कर दें। हो सकता है कि मां-बेटी के बीच में किसी बात पर बहस हुई हो लेकिन दिन के अंत तक एक-दूसरे को माफ कर गले लगा लेने में ही भलाई है। अनबन किस रिश्ते में नहीं होती लेकिन माफी मांगने से कई चीजों को सुलझाया जा सकता है।
साथ में घूमने जाएं
एक साथ क्वालिटी टाइम बिताना रिश्ते को मजबूती दे सकता है। अक्सर बेटियां अपने दोस्तों के साथ बाहर घूमने और शॉपिंग का प्लान बनाती हैं। ऐसे में वह अपनी मां को भूल जाती हैं। यदि आप अपने रिश्ते को मजबूती देना चाहते हैं तो एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करें। एक साथ कहीं घूमने का प्लान बनाएं। इस मदर्स डे आप दोनों एक साथ मूवी इज्वॉय कर सकती हैं, शॉपिंग के लिए जा सकती हैं या डिनर का प्लान भी बना सकती हैं।
दें मां को सरप्राइज

आपको खुश करने के लिए मां ने आपको कई बार सरप्राइज दिया होगा, अब बारी आपकी है। आपकी मां यदि आपसे खफा है तो आप उन्हें उनकी पसंद का तोहफा देकर सरप्राइज कर सकती हैं। आप चाहें तो मां की पसंद का खाना बना सकती हैं। यकीन मानिए ये बेस्ट ऑप्शन हो सकता है मां को सरप्राइज देने का। इसके अलावा आप उन्हें पुराने दोस्तों से मिलवाने का प्लान बना सकती हैं।
खुलकर करें बात
यदि किसी रिश्ते में खटास आ जाती है तो उसे सुलझाने का आसान तरीका है कम्यूनिकेशन। यदि आप अपनी बात खुलकर सामने वाले से करेंगे तो यकीन मानिए कई चीजों को सुलझाया जा सकता है। मां-बेटी का रिश्ता बेहद मजबूत होता है उसे छोटी-मोटी गलतफहमियां नहीं हिला सकती। इसलिए इस मदर्स डे पर आप दोनों खुलकर एक-दूसरे से बात करें। समस्य की जड़ तक पहुंचे और रिश्ते को पहले की तरह मधुर बनाएं।
