सैम मेरी दूरबीन लेकर समुद्र की ओर देखने लगा। तभी बिल पिडर ने कहा‒‘वह देखो…दूर एक याट खड़ा है।’
सैम फोर्ड ने दूरबीन से उसे देखते हुए कहा‒‘हां, वही है।’
मैंने टेलीस्कोपिक कैमरा उठाया और खिड़की के शीशे से लगा कर कैलिस के याट की तस्वीरें लेने लगा। बिल पिडर ने विमान को वहां से काफी फासले पर एक हवाई पट्टी पर उतार दिया…जहां पर हम उतरे थे वह मछुआरों की एक बस्ती थी। मछुआरों की स्टीम बोट्स वहीं पानी में खड़ी हुई थीं। मैंने सैम फोर्ड को किसी मछुए को राजी करने को कहा और सैम बस्ती के अन्दर चला गया।
मौत के दीवाने नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1
थोड़ी देर पश्चात सैम एक नाविक को ले आया। उसकी स्टीम बोट ऊपर से बिल्कुल खुली थी। स्टीम बोट के अन्दर जगह-जगह पर मछलियां पकड़ने वाले जाल बिखरे पड़े थे और नाव से सड़ांध की बू आ रही थी। नाविक का नाम बेलिस था। उसने हमें बताया कि जहां हम जाना चाहते हैं, वह जगह यहां से बयालीस किलोमीटर की दूरी पर है और मेरी नाव सात किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज नहीं चलती। यानी वहां पहुंचने तक हमें छः घंटे लग जाएंगे और वापस पहुंचते-पहुंचते संध्या हो जायेगी। हमारे पास और कोई विकल्प नहीं था अतः हम चारों…यानी बिल पिडर, सैम, मैं एवं बेलिस स्टीम बोट पर सवार हो गए और कैलिस के याट की ओर रवाना हो गए। थोड़े समय पश्चात सैम ने मुझसे पूछा‒‘टॉम, पिछले वर्ष जब मैंने तुमसे कैलिस का जिक्र छेड़ा था, तो तुमने बाल की खाल उतारी थी‒और जब मैंने तुमसे यह पूछा था कि कैलिस में इतनी दिलचस्पी क्यों है, तो तुम कोई उत्तर देने की बजाय मेरी बात को टाल गए थे। फिर तुमने पुलिस उपायुक्त पेरीगार्ड को बुला लिया था‒और वह भी हमसे कैलिस के विषय में पूछताछ करता रहा था। आखिर मामला क्या है?’
थोड़े संकोच के पश्चात मैंने सैम के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा‒
‘सैम, बात यह है जब मेरा ल्यूकी याट मियामी जाते हुए समुद्र में गायब हुआ था, तो उस समय कैलिस मेरे याट पर था। पीटर ऐलबरी ने उसे अस्थायी रूप से अपनी सहायता के लिए रखा था।’
सैम यह सुनकर स्तब्ध रह गया‒‘तुम्हारे कहने का आशय है…।’
मैंने सैम को टोकते हुए कहा‒‘मेरे कहने का आशय तो उस समय मालूम होगा जब कैलिस और मेरा आमना-सामना होगा।’
सैम ने अपनी बात पूरी करते हुए कहा‒‘अगर ल्यूकी की दुर्घटना के समय कैलिस उस याट पर था, तो वह जीवित कैसे है? याट में तो सभी दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे…इससे साफ जाहिर है कि कैलिस ने उनकी हत्या करने के पश्चात याट को समुद्र में गर्क कर दिया होगा, पर मुझे एक बात समझ नहीं आती कि इस मामले को साधारण दुर्घटना का रूप देकर क्यों दबाया गया था?’
‘पेरीगार्ड ने जान-बूझकर इस मामले को दबाया था। उसे विश्वास है कि कैलिस एक तस्कर है और दूसरों के याट चुराकर चरस एवं कोकीन आदि की तस्करी करता है और फिर उन याटों को समुद्र में गर्क कर देता है ताकि कोई सबूत ही बाकी न बचे। पेरीगार्ड को यकीन था कि यदि कैलिस को संकेत मिल गया कि हमें उस पर शक है, तो वह बाहामा द्वीप समूह से हमेशा-हमेशा के लिए फरार हो जायेगा और पुलिस उसको कभी नहीं पकड़ पायेगी, अतः उसने इस केस को साधारण दुर्घटना का रूप देकर ठप्प करवा दिया था…जबकि पुलिस अब उसकी खोज में है।’
हम दोनों कैलिस के विषय में बातें करते-करते वहां पहुंच गये जहां पर कैलिस का याट खड़ा था।
मैंने सैम से कहा‒‘तुम कैलिस से इस तरह से बात करना कि उसे कोई शक न हो, उसे यह न मालूम हो कि हम उसको पकड़ने के उद्देश्य से यहां आए हैं।’
‘तुम चिन्ता मत करो।’ सैम ने मुझे आश्वासन दिया।
कुछ देर पश्चात जब हमारी स्टीम बोट कैलिस के याट के बराबर पहुंच गई, तो सैम हांक लगाते हुए बोला‒‘अरे भाई कोई है?’
याट के अन्दर से आवाज आई‒‘क्या चाहिए?’
‘हमारे पास पीने का पानी खत्म हो गया है यदि थोड़ा-सा पानी हमें दे दो तो बड़ी कृपा होगी।’
‘अरे भाई हो सकता है तुम मुझे पहचानते हो। मेरा नाम सैम है…न्यू प्रोविडेन्स में मेरा अपना मैरिना है….याट चालक कुछ न कुछ खरीदने मेरे पास अकसर आते रहते हैं…हो सकता है तुम भी मेरे पास आये हो।’
‘हां, मैं वहां जा चुका हूं। कहने के साथ कैलिस अपने के डेक पर चला आया, और सैम से पूछने लगा‒तुम्हें पानी चाहिए?’
‘बड़ी कृपा होगी…हमें बहुत प्यास लगी है।’
‘मैं अभी लाया…तुम्हारे पास कोई सुराही आदि है?’
‘हां।’ कहकर सैम ने हाथ बढ़ाकर सुराही कैलिस के हाथ में थमा दी।
थोड़ी देर बाद जब कैलिस पानी भरी सुराही सैम को वापस पकड़ा रहा था तो सैम ने सुराही पकड़ने की बजाय एक हाथ से उसकी कलाई पकड़ ली और दूसरे हाथ से लोहे का एक कुण्डा कैलिस के पेट में जड़ दिया। कैलिस इस अचानक हमले के लिए तैयार नहीं था। उसके पैर लड़खड़ाने लगे थे उसी समय सैम स्टीम बोट से छलांग लगाकर कैलिस के याट पर चढ़ गया और उसकी कमर पर अपने घुटने रख दिये। उसे आगे से सैम ने पकड़ रखा और पीछे से मैंने…पर वह फिर भी हमारी पकड़ से मुक्त होने के लिए प्रयास किये जा रहा था। तभी सैम भी याट पर चढ़ आया और हम दोनों ने उसे मजबूती से पकड़ लिया। कैलिस लगातार हमारी गिरफ्त से आजाद होने के लिये यत्न किये जा रहा था। मैंने उसकी गर्दन पर एक कराटे वाली चाप मारी और उसे बेहोश कर दिया। इसी दौरान सैम कहीं से रस्सी ढूंढ़ लाया और फिर हम दोनों ने उसके हाथ-पैर कस कर बांध दिये थे। तत्पश्चात हम उसे उठाकर नीचे याट के केबिन में ले आये। वह अभी भी बेहोश था। हम उसका यात्रा चार्ट देखने लगे कि शायद उससे पता चल जाये कि वह कौन-से दिन कहां पर था, पर उसमें कोई ऐसी चीज दर्ज नहीं थी जिससे हमें उसके विरुद्ध कोई प्रमाण मिल सकता। फिर मैंने उसका फर्स्ट एड बाक्स खोल कर देखा। उसमें मारफीन के दो इन्जेक्शन थे, थोड़ी-सी चरस भी थी। मैंने उसके फर्स्ट एड बॉक्स को ज्यों का त्यों बन्द करके रख दिया। उधर सैम उसकी तलाशी लेने में लगा हुआ था। मैं उसके पास आकर खड़ा हुआ ही था कि कैलिस होश में आ गया।
‘तुम लोग कौन हो?’ उसने हमसे पूछा।
‘मुझे तो तुम खूब पहचानते होगे कैलिस।’ सैम ने उत्तर दिया।
सैम के मुंह से अपना नाम सुनकर कैलिस हैरत में पड़ गया और कहने लगा‒‘तुम लोग मेरे पीछे क्यों पड़ गए हो? यदि तुम्हारा उद्देश्य मेरे याट का अपहरण करना है, तो मैं तुम्हें यकीन दिला सकता हूं कि मेरे याट में कोई चीज ऐसी नहीं जो तुम लोगों के काम आ सके।’
‘तुम याट अपहरण के बारे में क्या जानते हो?’ मैंने कैलिस से पूछा।
‘मुझे केवल इतना पता है कि यहां के समुद्रों में कभी-कभार याट अपहरण की वारदातें हो जाती हैं।’ कैलिस ने मेरे प्रश्न का उत्तर देते हुये मुझसे पूछा‒‘आप यह तो बताइये कि आप कौन हैं?’
मैंने कैलिस के प्रश्न का उत्तर नहीं दिया और लगातार उसकी आंखों में देखता रहा।
सैम ने उससे पूछा‒‘क्या पीटर ऐलबरी नामक व्यक्ति से तुम्हारी कभी भेंट हुई है?’
कैलिस अपने सूखे होंठों पर जबान फेरता हुआ बोला‒‘पहले तुम लोग मुझे यह बताओ कि तुम कौन हो?’
सैम की बजाय मैंने कैलिस के प्रश्न का उत्तर दिया‒‘सैम को तुम आज से पहले भी मिल चुके हो। मेरा नाम टॉम मेगन है…और शायद तुमने यह नाम सुना ही होगा…बाहामा द्वीप समूह के अधिकांश लोग मेरे नाम से परिचित हैं।’
कैलिस मेरा नाम सुनकर घबरा-सा गया किन्तु अपने आप पर अधिकार पाते हुए बोला‒‘मैंने आपका नाम अथवा आपके बारे में आज तक कुछ नहीं सुना।’
‘तुम झूठ बोलते हो…मेरा नाम तो क्या, तुम मेरे परिवार के दो सदस्यों से भी मिल चुके हो‒मेरा मतलब है मेरी पत्नी से और मेरी बेटी से।’ मैंने तेज स्वर में कहा।
‘मेरा विचार है कि आपके दिमाग में नट-बोल्ट ढीले हो गये हैं?’ कैलिस भी तेज स्वर में बोला।
‘चलो तुम्हारी बात मान ली।’ मैंने कैलिस से कहा‒‘तुम इस बात से तो इन्कार नहीं कर सकते कि एक वर्ष पूर्व पीटर ऐलबरी ने ल्यूकी याट को फ्रीपोर्ट से मियामी ले जाने के लिये तुम्हें अस्थाई रूप में सहायक के तौर पर रखा था। जब याट यात्रा के लिये रवाना हुआ था, तो मेरी पत्नी एवं बेटी दोनों याट पर सवार थीं। मेरा याट रास्ते में ही गायब हो गया था और उसका कुछ पता नहीं चला था। कुछ दिनों बाद मेरी बेटी का शव मिला था। मुझे यह बताओ कि उस याट पर सवार बाकी के तीन लोग दुर्घटना का शिकार हो गये थे तो तुम कैसे बच निकले थे?
‘मुझे समझ नहीं आता कि आप क्या बातें कर रहे हैं…न मैं आपकी पत्नी से परिचित हूं, न आपकी बेटी से और न ही किसी पीटर ऐलबरी नामी व्यक्ति से।’ कैलिस ने सैम की ओर इशारा करते हुए कहा‒‘अलबत्ता इनसे जरूर परिचित हूं, क्योंकि इनके मैरिना पर मैंने अपना याट खड़ा किया था।’
सैम ने कैलिस से कहा‒‘हर याट चालक अपनी यात्रा का रिकार्ड रखता है कि वह कौन-से दिन कहां पर था। तुम यह बताओ कि गत वर्ष का तुम्हारा यात्रा रिकार्ड कहां पर है?’
‘मैं गत वर्षों की यात्रा का रिकार्ड रखता ही नहीं। मेरे पास चालू वर्ष का पूरा यात्रा रिकार्ड है। वह आप चाहें तो देख सकते हैं।’
‘तुम स्वयं ही अपनी मर्जी से सब कुछ बता दो, अन्यथा तुम्हारे हित में बहुत बुरा होगा।’ मैंने कैलिस को डांटते हुए कहा।
‘मुझे कुछ पता हो तो बताऊं…आप व्यर्थ में मुझ पर सन्देह कर रहे हैं।’
‘अच्छा यह बताओ कि गत वर्ष क्रिसमस से कुछ दिन पहले तुम कहां पर थे?’
कैलिस ने अपने मस्तिष्क पर जोर डालने का अभिनय करते हुये कहा‒‘मैं फ्लोरिडा काईस में था।’
‘तुम झूठ बोलते हो।’ सैम ने कहा‒‘क्रिसमस से एक-दो रोज पहले तुम मुझे फ्रीपोर्ट के इन्टरनेशनल बाजार में मिले थे…और तुमने खुद मुझे बताया था कि मैं मियामी जा रहा हूं।’
‘इतनी पुरानी बात किसको याद रहती है।’ कैलिस ने अपने झूठ पर पर्दा डालने का प्रयास करते हुए कहा‒‘मैं फ्रीपोर्ट से मियामी गया था‒वहां से मैं फ्लोरिडा…काईस चला आया था।’
मैंने कैलिस से पूछा‒‘तुम मियामी कैसे गये थे? ल्यूकी याट से?’
‘बिल्कुल नहीं।’ कैलिस ने दृढ़ता से उत्तर देते हुए कहा‒‘मैं अपने याट से मियामी गया था। मुझे तो यह भी ज्ञात नहीं कि आपका ल्यूकी याट है कैसा।’
‘वह एक बावन फुटा आधुनिक याट है।’
‘मैं तो आधुनिक याटों के पास तक नहीं फटकता। मुझे आजकल के याटों में तनिक भी रुचि नहीं। मुझे तो बस अपना यह याट ही अच्छा लगता है।’
‘तुम अकसर अपने याट का नाम बदलते रहते हो, क्यों?’
कैलिस यह सुनकर गड़बड़ा-सा गया….फिर अपने आप पर अधिकार पाते हुए बोला‒‘मैंने आज तक अपने याट का नाम नहीं बदला।’
‘तुम हर बात में झूठ बोल रहे हो…अब तक तुम चार बार अपने याट का नाम बदल चुके हो…और चारों बार ही तुमने अपने याट के पेटे का रंग बदला है‒एक वर्ष पूर्व जब तुम्हारा याट फ्रीपोर्ट में रायल पाम होटल के मैरिना पर आकर रुका था, तो उस समय उसका नाम ‘बाहामा मामा’ था तथा उसका पेटा लाल रंग का था।’
‘वह कोई और याट होगा।’
‘तुम झूठ बोलते हो।’ सैम ने क्रोध से बीच में बोलते हुए कहा‒‘मैंने तुम्हें याट के मस्तूल शिखर का कुण्डा बना कर दिया था…वह अब भी मस्तूल शिखर के साथ लगा हुआ है…तुम्हारे कहने का तो मतलब है कि मैं अपने हाथ से बनाई चीज भी नहीं पहचान सकता?’
कैलिस ने कोई उत्तर देने के बजाय अपने कन्धे उचका दिए…मैंने उससे कहा‒‘देखो कैलिस, हमें भली-भांति ज्ञात है कि तुम कोकीन के तस्कर व्यापारी हो। तुम्हारी भलाई इसी में है कि तुम सच-सच बता दो, अन्यथा पुलिस तुम्हारी हड्डी-पसली बराबर करके तुमसे स्वीकार करवा लेगी।’
‘मैं कोकीन का तस्कर व्यापारी हूं!’ कैलिस ने विस्मय से कहा‒‘आपका दिमाग चल गया है‒मैंने अपने जीवन में आज तक कोई चीज स्मग्ल नहीं की।’
मैंने कैलिस से पूछा‒‘तो तुम कैट द्वीप (वह द्वीप जहां पर टॉम मेगन की बेटी सूसन का शव मिला था) क्या करने गये थे?’
‘मैं आपके किसी प्रश्न का उत्तर देने के लिए तैयार नहीं हूं।’ कैलिस ने क्रोध का अभिनय करते हुए कहा‒‘जब आपको मेरी किसी बात पर विश्वास ही नहीं, तो आप मुझसे पूछ क्यों रहे हैं।’
‘अब?’ मैंने सैम से पूछा।
‘अब!’ सैम बोला‒‘इसे यहां से बस्ती ले चलते हैं…वहां इसे स्थानीय आयुक्त के हवाले कर देंगे। वह फिर फ्रीपोर्ट पुलिस से सम्पर्क स्थापित करके इसको उनकी तहवील में दे देगा, पर पौ फटने तक हमें यहीं रुकना पड़ेगा।’
‘क्यों?’ अन्धेरे में यात्रा करने से डर लगता है क्या…?’ कैलिस ने सैम पर रिमार्क कसते हुए कहा।
सैम ने कैलिस की टिप्पणी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया और मुझे सम्बोधित करते हुए बोला‒‘मैं बाहर डेक पर तुमसे कुछ बात करना चाहता हूं।’
मैं सैम के पीछे-पीछे डेक पर पहुंचा। वहां सैम ने मुझे बताया कि उसने कैलिस को समझा-बुझा लिया है और वह इस मामले में कोई बाधा नहीं डालेगा।
‘यदि ऐसा है, तो हम इसी समय यहां से रवाना क्यों नहीं हो जाते।’ मैं बोला।
‘टॉम, कैलिस के सामने तो मैंने तुम्हें बताया नहीं, पर बात यह है कि मैंने उसके याट के इंजन को अस्थाई रूप से नकारा कर दिया है‒क्योंकि वह एक बहुत ही कुशल नाविक है और मुझे भय था कि वह कहीं मौका लगते याट को चला न दे…तब हम कहीं के न रहते…हमें अन्धेरे में कुछ भी पता न चलता कि याट किधर जा रहा है। अतः मैंने उसका इंजन बेकार कर दिया था। उसका याट यात्रा के योग्य नहीं है और उसे इस अन्धेरे में स्टीम बोट में ले जाना बहुत जोखिम भरा काम है।’
‘उसके इंजन को ठीक करने में कितनी देर लग जाएगी?’ मैंने सैम से पूछा।
‘घंटा तो लग ही जाएगा‒तब तक पौ भी फटने लगेगी।’
‘तो ठीक है….फिर इन्तजार कर लेते हैं।’
‘हे ईश्वर!’ सैम के मुंह से निकला।
‘क्यों? क्या हुआ?’ मैंने सैम से पूछा।
‘मैं अपना चाकू तो नीचे ही भूल आया।’
उसी समय एक सनसनाती हुई गोली हमारे पास से गुजर गई। मैं समझ गया कि कैलिस ने चाकू से अपने हाथ-पैरों पर बंधी रस्सी काट ली है अब वह मुक्त है। सैम ने मुझे एक ओर को खींच लिया तथा मेरा सर डेक के फर्श के साथ लगा दिया। तभी एक और गोली चलने की आवाज आई, पर हम दोनों बिना हरकत किए ज्यों के त्यों डेक पर लेटे रहे थे। तभी कैलिस डेक पर सर्च लाईट डालने लगा था। इससे पूर्व कि उसकी रोशनी मुझ पर पड़ती, मैंने पानी में छलांग लगा दी थी और पानी के तल पर तैरने के बजाय पानी के अन्दर तैरने लगा था। ये प्रशिक्षण मैंने पीटर ऐलबरी से हासिल किया था कि पानी के अन्दर-अन्दर कैसे तैरा जाता है। फिर मैं तैरता हुआ याट के तल के नीचे पहुंच गया था। वही मेरे लिए इस समय सुरक्षित जगह थी। मैं कुछ-कुछ देर बाद पानी के तल पर आकर ताजी हवा से श्वास लेकर पानी के अन्दर चला जाता था। थोड़ी देर बाद मुझे इंजन स्टार्ट होने की आवाज सुनाई दी थी। मैं समझ गया था कि यह बेलिस की स्टीम बोट के इंजन की आवाज है क्योंकि कैलिस के याट का इंजन सैम बेकार कर चुका था। मैं याट के नीचे पानी के अन्दर एक दायरे में घूमने लगा। तनिक देर पश्चात जब मुझे सैम की आवाज सुनाई दी तो मैं पानी के अन्दर तैरता हुआ उस ओर बढ़ने लगा जिस दिशा से आवाज आई थी। तब मैं पानी के अन्दर से बाहर निकला, तो देखा कि सैम भी पानी में तैर रहा था। मैंने सैम से पूछा‒‘क्या हुआ?’

‘मेरे विचार में वह भाग निकला है।’
‘भाग निकला है मगर कहां?’
‘मेरे विचार में वह बेलिस की स्टीम बोट पर फरार हुआ है।’
‘तुम्हें कैसे यकीन है कि कैलिस फरार हो गया है। हो सकता है कि बेलिस ही डर के मारे अपनी स्टीम बोट को लेकर भाग गया हो…और कैलिस ऊपर याट पर ही हो।’
‘ऐसा नहीं है टॉम। कैलिस ने अपना याट स्टार्ट करने की कोशिश की थी…जब उससे याट स्टार्ट नहीं हो पाया, तो वह अपने याट से उतर कर बेलिस की स्टीम बोट पर पहुंच गया था।
‘बेलिस की स्टीम बोट कहां है?’
‘कैलिस अपने साथ ले गया है।’
‘और बेलिस कहां है?’
‘उसकी लाश पानी में तैर रही है।’
सुनकर मेरे मुंह से सिसकारी निकल गई।

