Tea Leaves for House Cleaning: अधिकतर भारतीय घरों में चाय का सेवन लगभग हर दिन किया जाता है। अमूमन यह देखने में आता है कि चाय बनाने के बाद उसकी पत्ती को ऐसे ही फेंक दिया जाता है। इस तरह दिन एक बड़ी संख्या में चाय की पत्ती यूं ही वेस्ट हो जाती है। जबकि अगर आप चाहें तो इस इस्तेमाल की हुई चाय की पत्ती को घर में कई अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको शायद पता ना हो, लेकिन इस्तेमाल की हुई चाय की पत्ती एक बेहतरीन क्लीनिंग एजेंट के रूप में भी काम करती है।
आप इस चाय की पत्ती की मदद से ना केवल अपने फर्श की सफाई कर सकते हैं। बल्कि यह फ्रिज से लेकर बर्तनों तक की सफाई में अपना योगदान दे सकती है। बस आपको इसे सही तरह से इस्तेमाल करना आना चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको चाय की पत्ती की मदद से घर के कोने-कोने की सफाई के कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं। यकीन मानिए, इन तरीकों को जानने के बाद आप इस्तेमाल की हुई चाय की पत्ती को यूं ही डस्टबिन में फेंकने की गलती नहीं करेंगे-
Also read: गंदी चिमनी को मिनटों में ऐसे चमकाएं: Chimney Cleaning Tips
कालीन को करें क्लीन

चाय की पत्ती की मदद से घर के कालीन को साफ करना भी एक अच्छा तरीका हो सकता है। दरअसल, चाय की पत्तियां प्राकृतिक रूप से गंध को सोख लेती हैं, जिससे आपके कालीनों से ताज़ी खुशबू आती है। कई बार हम कालीन तो क्लीन कर लेते हैं, लेकिन उनमें से आने वाली अजीब सी स्मेल को दूर नहीं किया जा सकता। ऐसे में चाय की पत्ती की मदद लें। इसके लिए इस्तेमाल की गई चाय की पत्तियों को बेकिंग शीट पर फैलाएं और उन्हें पूरी तरह सूखने दें। एक बार सूखने के बाद पत्तियों को अपने कालीन या गलीचे पर छिड़कें और उन्हें लगभग 20 मिनट तक ऐसे ही रहने दें। पत्तियों और किसी भी गंध को हटाने के लिए उस जगह को अच्छी तरह से वैक्यूम करें।
लकड़ी के फ़र्नीचर को करें साफ़
चाय में मौजूद टैनिन लकड़ी की सतहों की चमक बढ़ाने और एक नेचुरल पॉलिश जोड़ने में मदद करते हैं। यही कारण है कि लकड़ी के फर्नीचर को साफ करने और उन्हें चमकाने के लिए चाय की पत्ती का इस्तेमाल करना अच्छा विचार हो सकता है। इसके लिए आप चाय की पत्तियों को पानी में उबालकर चाय तैयार करें। अब इस घोल को ठंडा होने दें। चाय के घोल में एक कपड़ा भिगोएं और अपने लकड़ी के फ़र्नीचर को पोंछें। फिर एक सूखा कपड़ा लें और फ़र्नीचर को उससे पोंछें।
लकड़ी के कटिंग बोर्ड को करें साफ

किचन में हम सभी कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, उन्हें साफ करना मुश्किल होता है। कटिंग बोर्ड से एक अजीब तरह की गंध भी आती है। ऐसे में उसे क्लीन करने के लिए चाय की पत्ती का इस्तेमाल करें। चाय की पत्ती में नेचुरल एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो कटिंग बोर्ड पर गंध को बेअसर करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप इस्तेमाल की गई, नम चाय की पत्तियों को सीधे लकड़ी के कटिंग बोर्ड पर डालकर रगड़ें। इसे कुछ मिनट के लिए ऐसे ही रहने दें, फिर धोकर सुखा लें। कटिंग बोर्ड से आने वाली महक खुद ब खुद दूर हो जाएगी।
रेफ्रिजरेटर की महक करें दूर
चूंकि फ्रिज में कई तरह का खाने-पीने का सामान रखा जाता है, इसलिए अक्सर उसमें से अजीब सी महक आती है। ऐसे में उसकी महक को दूर करने के लिए चाय की पत्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। चूंकि चाय की पत्तियां गंध को सोख लेती हैं, जिससे आपका रेफ्रिजरेटर साफ और महकदार बना रहता है। इसके लिए आप इस्तेमाल की गई चाय की पत्तियों को सुखाने के बाद उसे एक छोटे कंटेनर में रखें। अब इसे रेफ्रिजरेटर में छोड़ दें। हर दो हफ़्ते में बदलें।
खिड़कियों को करें साफ

आपको शायद पता ना हो, लेकिन चाय की पत्तियां खिड़कियों को साफ करने में भी मदद कर सकती हैं। दरअसल, चाय के मौजूद टैनिन गंदगी को हटाने में मदद करता है और यह खिड़कियों को साफ करने के साथ-साथ उसे दाग-धब्बों से मुक्त बनाता है। इसके लिए आप आप पानी में चाय की पत्तियां डालकर चाय तैयार करें। अब इसे ठंडा होने दें। चाय को स्प्रे बोतल में डालें और इसे एक विंडो क्लीनर की तरह इस्तेमाल करें। इससे आप खिड़कियों पर स्प्रे करें और लिंट-फ्री कपड़े या अख़बार से पोंछें। आप देखेंगे कि आपकी खिड़कियां या शीशा एकदम चमकने लगा है।
बर्तन और पैन को करें साफ
किचन में मौजूद बर्तन या पैन में जिद्दी खाद्य अवशेष चिपक गए हैं तो ऐसे में चाय की पत्ती का इस्तेमाल किया जा सकता है। चाय की पत्तियां अपने टेक्सचर के कारण कुकवेयर को खरोंचे बिना चिपके हुए भोजन को हटाने में मदद कर सकती है। आप इसे एक सौम्य अपघर्षक के रूप में करें। बाद में पैन को अच्छी तरह से धो लें। आप देखेंगे कि बर्तन एक बार फिर से अच्छी तरह क्लीन हो गए हैं। चाय की पत्ती का इस्तेमाल करने का एक सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे बर्तन में किसी तरह के खरोंच या स्क्रैच नहीं पड़ते हैं।
