Overview:
कई बार कपल्स सब कुछ करके भी यह समझ नहीं पाते कि रिश्ते को निभाने में उनसे कहां चूक हो गई है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में जानी मानी रिलेशनशिप कोच और लेखिका जिलियन टुरेकी ने रिश्तों की इस किताब के सभी पन्ने खोलकर पढ़े और उन्हें समझाया।
Reason of Divorce: एक समय था जब प्यार के रिश्ते को जन्म जन्मांतर तक निभाने की कसमें खाई जाती थीं। इस सफर में दोनों ही पार्टनर कई त्याग, बदलाव और संघर्ष भी करते थे। लेकिन कोशिश यही होती थी कि रिश्ते की डोर बंधी रहे। लेकिन आज के समय में रिश्तों को हमेशा के लिए निभाना उतना आसान नहीं है। कई बार कपल्स सब कुछ करके भी यह समझ नहीं पाते कि रिश्ते को निभाने में उनसे कहां चूक हो गई है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में जानी मानी रिलेशनशिप कोच और लेखिका जिलियन टुरेकी ने रिश्तों की इस किताब के सभी पन्ने खोलकर पढ़े और उन्हें समझाया। रिश्तों के टूटने के पीछे जिलियन ने ऐसे कई कारण बताए, जो आपके सामने हैं लेकिन आप उन पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। आइए आज जानते हैं, ऐसे ही अनछुई बातों के बारे में।
रिश्ते की नींव का गलत आधार

जिलियन का कहना है कि रिश्तों के फेल होने का सबसे अहम कारण है इसकी कमजोर नींव। दरअसल, अधिकांश कपल्स अपना लाइफ पार्टनर चुनने में ही गलती कर बैठते हैं। ऐसे में उनकी केमिस्ट्री आपस में मिल नहीं पाती है। जब दो लोग आपस में मिलते हैं तो कल्पनाओं की बातें करते हैं, लेकिन वास्तविकता के विषय में चर्चा करना भूल जाते हैं। यहीं से केमिस्ट्री बिगड़ना शुरू हो जाता है। आपको अपने होने वाले लाइफ पार्टनर से खुलकर बात करनी चाहिए कि आप अच्छा जीवन जीने के बारे में क्या सोचते हैं। आर्थिक तौर पर आपके लक्ष्य क्या हैं। बच्चों के विषय में क्या विचार रखते हैं। यहां तक कि आपको होने वाले पार्टनर के आध्यात्मिक रुझानों के विषय में भी बात करनी चाहिए। इन सभी के आधार पर पार्टनर का आकलन करें और उसके बाद यह सोचे कि क्या वह आपके लिए सही इंसान है। क्या आप इसके साथ अपनी पूरी जिंदगी बिता सकते हैं। कुल मिलाकर जो दिख रहा है या दिखाया जा रहा है, उससे हटकर व्यावहारिकता पर फोकस करने की जरूरत है। लेकिन 50 प्रतिशत कपल्स यहीं मात खा जाते हैं और गलत लाइफ पार्टनर चुन बैठते हैं। आगे चलकर यही मुद्दे टकराव का कारण बन जाते हैं।
रिश्तों को निभाना भूल गए हैं हम
रिश्तों के विफल होने का दूसरा बड़ा कारण भी जिलियन ने साफ बताया है। जिलियन का कहना है कि आज लोग संबंध निभाना भूल बैठे हैं। वे रिलेशनशिप स्किल्स में बेहद कमजोर होते हैं और उन्हें रिश्ते बचाना आता ही नहीं है। वहीं पहले लोग रिश्ते को बचाने के लिए संघर्ष करते रहते थे। लेकिन अब लोग बहुत स्वार्थी होते जा रहे हैं। वे पहले अपने लिए सोचते हैं। वे इस बात पर तो ध्यान देते हैं कि उन्हें रिश्ते में क्या नहीं मिल रहा, लेकिन इस बार पर गौर करना भूल जाते हैं कि वे खुद रिश्ते को क्या नहीं दे पा रहे हैं। लोग अपने पार्टनर को अपने नजरिए से देखने लगते हैं और उसी के अनुसार धारणा बना बैठते हैं। धीरे—धीरे यहीं से गुस्सा, मनमुटाव, लड़ाइयां होने लगती हैं। कई बार तो वे एक दूसरे को देखना तक पसंद नहीं करते, सारा प्यार और आकर्षण कहीं गायब हो जाता है। फिर लोग सोचते हैं कि ऐसे साथ जीने से तो अलग होना ही अच्छा है और वे तलाक ले लेते हैं।
ऐसे निभा सकते हैं आप रिश्ता
जिलियन का कहना है रिश्ते को निभाना एक बहुत ही आसान बात है। आपकी छोटी-छोटी कोशिशें इस काम को और भी आसान बना सकती हैं। हमेशा ये न सोचें कि रिश्ते में आपको क्या नहीं मिला है। बल्कि इस बात पर फोकस करें कि आप इस रिश्ते को क्या दे सकते हैं। रिश्ते को निभाने में बराबर पार्टनर का साथ दें। आपस में खुलकर बात करें और एक दूसरे को समझने के लिए लचीलापन अपनाएं, क्योंकि अड़ियल रवैए से कुछ नहीं होता है। अपने रिश्ते को प्यार और समझदारी से निभाकर आप जिंदगी को खूबसूरत बना सकते हैं।
