Overview: तान्या मित्तल ने यॉट पर शूट की ऐड फिल्म
'बिग बॉस 19' के जरिए घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली तान्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने एक और ऐड शूट किया है।
Tanya Mittal Shoots Ad Film on Yacht: आजकल सोशल मीडिया की दुनिया में अगर किसी नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है, तो वह है तान्या मित्तल। ‘बिग बॉस 19’ के जरिए घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली तान्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी शादी की खबरें हैं। इंटरनेट के गलियारों में, खासकर रेडिट पर एक पोस्ट आग की तरह फैल रही है, जिसने फैंस के बीच खलबली मचा दी है।
क्या सच में शादी करने वाली हैं तान्या मित्तल
रेडिट पर वायरल हो रहे एक थ्रेड का टाइटल है, ‘तान्या मित्तल की शादी फरवरी में हो रही है।’ इस पोस्ट ने नेटिजन्स को जासूसी करने पर मजबूर कर दिया है। लोग एक-दूसरे से पूछ रहे हैं कि आखिर वो खुशकिस्मत दूल्हा कौन है? कमेंट सेक्शन में तो जैसे हंसी-मजाक और अटकलों की बाढ़ आ गई है। जहां एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “दूल्हा अमाल मलिक है, बधाई हो!”, वहीं किसी दूसरे ने दावा ठोक दिया कि वह कोई राजनेता है। हालांकि, तान्या के चाहने वालों को बता दें कि अभी तक इन खबरों पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। यह सब फिलहाल सिर्फ इंटरनेट की गपशप का हिस्सा है।
आखिर कब होगी तान्या की शादी?
शादी का सवाल तान्या के लिए नया नहीं है। ‘बिग बॉस 19’ के घर में रहने के दौरान उन्होंने सलमान खान के सामने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी ईमानदारी से बात की थी। तान्या ने साझा किया था कि उनके माता-पिता चाहते थे कि वह कम उम्र में ही घर बसा लें, लेकिन उन्होंने अपने सपनों और करियर को प्राथमिकता दी। अब जब वह प्रोफेशनल लाइफ में एक मुकाम हासिल कर चुकी हैं, तो कहा जा रहा है कि वह एक सही जीवनसाथी की तलाश में हैं। लेकिन वो ‘मिस्टर राइट’ कौन होगा, यह अभी भी एक राज है।
यॉट पर ग्लैमरस शूट करती दिखीं तान्या
बिग बॉस से निकलने के बाद तान्या के पास काम की कोई कमी नहीं है। हाल ही में उन्हें मुंबई में एक बेहद शानदार यॉट पर शूटिंग करते हुए देखा गया। यह उनका छठा विज्ञापन शूट था। तान्या ने खुद एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए मजेदार कैप्शन लिखा, “आज अपने छठे ऐड फिल्म की शूटिंग कर रही हूं, इन बॉडी लोशन की सालाना सप्लाई कौन लेना चाहता है?” उनका यह बिंदास अंदाज फैंस को खूब भा रहा है।
फैंस को है तान्या के आलीशान घर का इंतजार
शादी और काम के अलावा, फैंस की नजरें एक और चीज पर टिकी हैं, वह है तान्या मित्तल का घर। बिग बॉस के घर में तान्या ने अपने लाइफस्टाइल और घर को लेकर कई बड़े दावे किए थे, जो चर्चा का विषय बन गए थे। अब फैंस बेसब्री से उनके ‘होम टूर’ वीडियो का इंतजार कर रहे हैं ताकि देख सकें कि हकीकत उनके दावों से कितनी मेल खाती है। खबरों की मानें तो जल्द ही तान्या अपने आशियाने की झलक दुनिया को दिखाने वाली हैं।
