Summary: यात्रा की प्लानिंग से पहले जान लें – भारत की किन जगहों पर लगेगा ट्रैवल परमिट
भारत की कुछ संवेदनशील और सुंदर जगहों पर जाने से पहले परमिट लेना अनिवार्य है। ये परमिट पर्यावरण और स्थानीय संस्कृति की सुरक्षा के लिए ज़रूरी माने जाते हैं।
Travel Permit Places: भारत प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक धरोहरों से भरपूर देश है। यहां बहुत-सी जगहें ऐसी हैं जो हर घुमक्कड़ को आकर्षित करती हैं लेकिन कुछ स्थानों पर जाने के लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी होता है। यह अनुमति सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों की संस्कृति की रक्षा के लिए आवश्यक मानी जाती है। आइए जानते हैं भारत की कुछ प्रमुख जगहें जहाँ जाने से पहले आपको परमिट की ज़रूरत होती है।
अरुणाचल प्रदेश (इनर लाइन परमिट – ILP)

अरुणाचल प्रदेश पूर्वोत्तर भारत का बेहद सुंदर और रहस्यमयी राज्य है। यहां की हरी-भरी पहाड़ियां, आदिवासी संस्कृति और शांत वातावरण यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देता है। लेकिन यहाँ जाने के लिए भारतीय नागरिकों को इनर लाइन परमिट लेना होता है।
कैसे लें परमिट: ऑनलाइन माध्यम से या राज्य सरकार के कार्यालय से।
जरूरी दस्तावेज़: पहचान पत्र (आधार/पैन/ड्राइविंग लाइसेंस), पासपोर्ट साइज फोटो।
लद्दाख के कुछ सीमावर्ती क्षेत्र (प्रोटेक्टेड एरिया परमिट – PAP)
लद्दाख में सामान्यत: कोई परमिट नहीं लगता लेकिन अगर आप नुब्रा वैली, त्सो मोरीरी, पेंगोंग झील के आगे के क्षेत्र या चीन-सीमा से सटे गांवों की ओर जाना चाहते हैं तो ‘Protected Area Permit’ ज़रूरी है।
कैसे लें परमिट: लेह के डीसी ऑफिस या ट्रैवल एजेंट्स के जरिए।
विदेशियों के लिए: PAP और विशेष गाइड जरूरी होता है।
नागालैंड (इनर लाइन परमिट – ILP)

नागालैंड की जनजातीय संस्कृति, परंपराएं और त्योहार जैसे हॉर्नबिल फेस्टिवल यात्रियों को आकर्षित करते हैं। लेकिन यहाँ प्रवेश के लिए ILP लेना अनिवार्य है।
कैसे लें परमिट: वेबसाइट या कोहिमा में स्थित सरकारी दफ्तरों से।
परमिट अवधि: अधिकतम 30 दिन, जिसे आगे बढ़ाया जा सकता है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (विशेष परमिट)
अंडमान के अधिकांश द्वीपों में घूमने के लिए परमिट की जरूरत नहीं होती लेकिन निकोबार द्वीप और कुछ आदिवासी आरक्षित क्षेत्रों जैसे सेंटिनल द्वीप में जाने के लिए अनुमति जरूरी होती है।
क्यों जरूरी है: यहां के आदिवासी समुदाय बाहरी संपर्क से सुरक्षित रहते हैं।
परमिट कहाँ से मिले: पोर्ट ब्लेयर में विदेशी नागरिकों को परमिट मिल सकता है लेकिन भारतीय नागरिकों को भी प्रतिबंधित क्षेत्रों के लिए लिखित अनुमति लेनी होती है।
मिजोरम (इनर लाइन परमिट – ILP)

मिजोरम हमारे देश के सबसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में आता है। इस जगह पर घूमने और देखने लायक़ बहुत कुछ है। यह अपने बादलों में लिपटे पहाड़ों और बांस की संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। जिसकी वजह से सैलनियों का आकर्षण बना रहता है। यहाँ प्रवेश करने के लिए भी ILP लेना जरूरी है।
कैसे लें परमिट: लुंगलेई, आइज़ोल के सरकारी दफ्तरों या ऑनलाइन माध्यम से।
विदेशी नागरिकों के लिए: विदेश मंत्रालय की अनुमति जरूरी होती है।
कुछ जरूरी सलाह
अगर आप भारत के इन सुंदर लेकिन संवेदनशील इलाकों की यात्रा करना चाहते हैं तो एक जिम्मेदार यात्री की तरह पहले से योजना बनाएं और संबंधित परमिट प्राप्त करें। यह न सिर्फ आपकी यात्रा को कानूनी रूप से सुरक्षित बनाता है बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यावरण का भी सम्मान करता है। ऑनलाइन माध्यम से परमिट लेना अब पहले से कहीं आसान है, बस आपको सही दस्तावेज़ और योजना की जरूरत होती है।
