Summary: 31 दिसंबर से पहले PAN को आधार से लिंक करना क्यों है जरूरी
अगर आपने 31 दिसंबर से पहले अपना PAN और आधार लिंक नहीं कराया है, तो आपको कई तरह के नुकसान हो सकते हैं। अपने आवेदन या अकाउंट का स्टेटस चेक करना अब बहुत आसान है।
PAN-Aadhaar Linking Deadline: आज के समय में PAN कार्ड हर तरह के काम में जरूरी हो गया है जैसे बैंक अकाउंट खोलना, निवेश करना, टैक्स रिटर्न भरना या KYC पूरा करना। इसी तरह आधार कार्ड भी अब सरकारी और निजी कामों के लिए जरूरी है। इसलिए सरकार ने PAN और आधार को लिंक करना जरूरी कर दिया है। अगर आपने अभी तक अपने PAN को आधार से लिंक नहीं किया है, तो जल्दी करना होगा। लिंक करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2025 है। इसके बाद, 1 जनवरी 2026 से आपका PAN इनएक्टिव हो जाएगा और कई जरूरी काम रुक सकते हैं। चलिए जानते हैं कि PAN को आधार से कैसे लिंक करें और इसे न करने के नुकसान क्या हैं।
क्यों PAN-Aadhaar लिंक करना जरूरी है?

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अनुसार, जिन लोगों को 1 जुलाई 2017 या उससे पहले PAN मिला है, उनके लिए इसे आधार से लिंक करना अनिवार्य है। यह नियम सभी व्यक्तिगत टैक्सपेयर्स पर लागू होता है, चाहे वे ई-फाइलिंग पोर्टल पर रजिस्टर्ड हों या नहीं। वहीं, नई PAN अप्लिकेशन के लिए अब पहले से ही आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य है। यानी नए PAN बनाने वाले लोग आधार से वेरिफाई होकर ही PAN ले सकते हैं।
PAN कार्ड अपडेट न होने पर क्या होगा?
- अगर आपका PAN निष्क्रिय हो जाता है, तो आयकर रिटर्न भरना मुश्किल हो जाएगा और टैक्स रिफंड भी अटक सकता है।
- इसके अलावा, TDS और TCS का अधिक भुगतान करना पड़ सकता है और फॉर्म 26AS या टीडीएस/टीसीएस सर्टिफिकेट भी इस्तेमाल नहीं हो पाएंगे।
- PAN इनएक्टिव होने पर बैंकिंग काम भी रुक सकते हैं। आप नया बैंक खाता नहीं खोल पाएंगे, क्रेडिट या डेबिट कार्ड नहीं ले पाएंगे, और बैंक में 50,000 रुपये से ज्यादा नकद जमा या 10,000 रुपये से ज्यादा लेन-देन नहीं कर पाएंगे।
- PAN निष्क्रिय होने से केवाईसी पूरी नहीं होगी, सरकारी सेवाओं का फायदा नहीं मिलेगा, और म्यूचुअल फंड या शेयर मार्केट में निवेश भी नहीं कर पाएंगे।
पैन लिंक कैसे करें

- ऑनलाइन तरीके से PAN–आधार लिंक करने के लिए आपको आयकर विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट [www.incometax.gov.in] पर लॉग इन करना होगा।
- इसके बाद ‘क्विक लिंक्स’ सेक्शन में जाकर ‘Link Aadhaar’ ऑप्शन पर क्लिक करना हो।
- नई विंडो में PAN, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।
- इसके बाद ‘Validate my Aadhaar details’ का विकल्प चुनना होगा।
- इस सबके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे दर्ज करने के बाद ‘Validate’ पर क्लिक करते ही आपका PAN आधार से लिंक हो जाएगा।
PAN-Aadhaar लिंक स्टेटस कैसे चेक करें
अब जो लोग यह जानना चाहते हैं कि उनका PAN आधार कार्ड से लिंक हुआ है या नहीं, उसके लिए भी एक ऑप्शन उपलब्ध है। बस इनकम टैक्स की वेबसाइट पर जाएं, “Link Aadhaar Status” ऑप्शन चुनें और अपना PAN और आधार नंबर डालकर सबमिट करें। इसके बाद स्क्रीन पर तुरंत स्टेटस दिखाई देगा या तो आपका PAN लिंक है, लिंक नहीं है, या अभी प्रोसेस में है।
PAN और Aadhaar की डिटेल मैच न होने पर क्या करें
अगर आपका PAN और आधार लिंक नहीं हो पा रहा है, तो अक्सर इसका कारण नाम, DOB या जेंडर में अंतर होता है। ऐसे में आप UIDAI की वेबसाइट पर जाकर आधार की जानकारी सही करवा सकते हैं, और PAN की डिटेल सुधारने के लिए Protean या UTIITSL की वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं। फिर भी अगर समस्या बनी रहती है, तो नजदीकी PAN सेवा केंद्र जाकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराना सबसे आसान तरीका है।
