Summary: PAN-आधार लिंक नहीं किया तो टैक्स रिटर्न और रिफंड दोनों अटक जाएंगे
31 दिसंबर 2025 से पहले PAN-आधार लिंक कराना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर 1 जनवरी 2026 से आपका PAN कार्ड बंद हो जाएगा और सभी टैक्स से जुड़े काम ठप पड़ जाएंगे। इसलिए
अगर आपने अभी तक अपने PAN कार्ड को आधार कार्ड से लिंक नहीं किया है, तो अब आपके लिए ये काम टालना भारी पड़ सकता है। सरकार ने सभी टैक्सपेयर्स के लिए PAN और आधार लिंक करना अनिवार्य कर दिया है, और इसकी अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। अगर आपने इस समय सीमा तक लिंकिंग पूरी नहीं की, तो 1 जनवरी 2026 से आपका PAN कार्ड निष्क्रिय हो जाएगा। इसका सीधा मतलब है, न तो आप टैक्स रिटर्न दाखिल कर पाएंगे, न ही आपका रिफंड मिलेगा, और कई वित्तीय लेन-देन रुक सकते हैं।
नहीं कर पाएँगे ये काम
यदि आपने तय तारीख तक PAN-आधार लिंक नहीं किया, तो आपका PAN बंद हो जाएगा, और इसके साथ कई जरूरी वित्तीय काम प्रभावित होंगे।
- आप इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल या वेरिफाई नहीं कर पाएंगे।
- लंबित टैक्स रिफंड्स जारी नहीं किए जाएंगे।
- आपके फॉर्म 26AS में TDS/TCS क्रेडिट्स नहीं दिखेंगे।
- पेंडिंग ITR की प्रोसेसिंग रुक जाएगी।
- टैक्स कटौती ज्यादा दर पर होगी।
अगर आपने बाद में PAN और आधार को लिंक किया, तो 30 दिनों के भीतर आपका PAN फिर से सक्रिय हो जाएगा।

सैलरी और निवेश पर पड़ेगा असर
PAN निष्क्रिय होने के बाद आपके मौजूदा बैंक खाते या निवेश पर सीधा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन भविष्य के फाइनेंशियल ट्रांजेक्शंस ठप हो जाएंगे।
- आपकी सैलरी बैंक में आने में दिक्कत हो सकती है।
- नई SIP, FD या शेयर ट्रेडिंग नहीं कर पाएंगे।
- बैंक और म्यूचुअल फंड कंपनियां KYC अपडेट नहीं कर पाएंगी।
- नए निवेश या लोन प्रोसेस रुक सकते हैं। यानि आपकी पुरानी. रकम सुरक्षित रहेगी, लेकिन नए वित्तीय काम रुक जाएंगे।
किसे PAN-आधार लिंक करना जरूरी है?
वित्त मंत्रालय के 3 अप्रैल 2025 के नोटिफिकेशन के अनुसार जिन लोगों को 1 अक्टूबर 2024 से पहले PAN कार्ड जारी हुआ है, उन्हें 31 दिसंबर 2025 तक PAN-आधार लिंक करना होगा। यह नियम उन लोगों पर भी लागू है, जिन्होंने आधार एनरोलमेंट आईडी के ज़रिए PAN बनवाया है। कुछ कैटेगरी को इसमें छूट दी गई है जैसे 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक, NRI (Non-Resident Indians) और असम, मेघालय और जम्मू-कश्मीर के निवासी।

PAN को Aadhaar से ऑनलाइन कैसे लिंक करें?
आप अपने PAN को Aadhaar से बहुत आसानी से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर लिंक कर सकते हैं। बस इसके लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें।
- www.incometax.gov.in वेबसाइट खोलें
- “Link Aadhaar” ऑप्शन पर क्लिक करें।
- अपना PAN नंबर, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- मोबाइल पर आए OTP से वेरिफिकेशन करें।
- अगर आपका PAN पहले से निष्क्रिय है, तो ₹1,000 का जुर्माना भरना होगा।
- लिंकिंग के बाद “Quick Links → Link Aadhaar Status” में जाकर स्टेटस चेक करें।
इन बातों का रखें ध्यान
PAN और आधार पर नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर एक समान होने चाहिए। लिंकिंग के बाद स्क्रीनशॉट या रसीद सुरक्षित रखें। आखिरी तारीख के करीब वेबसाइट पर सर्वर स्लो या क्रैश हो सकता है, इसलिए समय रहते लिंक करना बेहतर है।
क्यों जरूरी है PAN-आधार लिंकिंग?
सरकार ने PAN-आधार लिंकिंग को अनिवार्य इसलिए बनाया है ताकि टैक्स चोरी और फर्जी PAN कार्ड को रोका जा सके। साथ ही हर टैक्सपेयर की पहचान एक यूनिक आईडी से जुड़ सके। इससे वित्तीय पारदर्शिता और डिजिटल मॉनिटरिंग आसान हो जाएगी।
