लॉन्ग जैकेट ड्रेसेज

कान्स में रेड कार्पेट पर साड़ी के साथ जबसे सोनम ने लॉन्ग जैकेट पहना है, जैकेट के तो दिन ही फिर गए। छोटे कपड़ों के दौर में लॉन्ग जैकेट की दीवानगी के कारण भी कई हैं। सबसे अहम बात तो यह है कि यह शरीर पर बेहतर फिट होती है और आपको लंबा एवं स्लिम दिखाती है। ठंडे मौसम के भी अनुकूल है लॉन्ग जैकेट। सबसे खास बात, आप इसे जीन्स और शॉट्र्स के अलावा, सलवार, साड़ी के साथ भी मैच करके पहन सकती हैं। कुर्ता-सलवार में कई लुक मार्केट में उपलब्ध हैं। धोती पैंट के साथ लॉन्ग जैकेट वाले कुर्ते के जलवे तो कहने ही क्या!

साड़ी हो गई निराली


सोनम ने कान्स में साड़ी के साथ मोनोटोन लुक में बोलेरो ट्रेन जैकेट पहनी थी। जान लें कि जरूरी नहीं कि आप साड़ी के साथ हमेशा ब्लाउज ही पहनें। यदि आप एक्सपेरिमेंट करने में माहिर हैं और पार्टी में अलग दिखना चाहती हैं तो साड़ी के साथ इम्ब्रॉयडरी या इम्बेलिश्ड लॉन्ग जैकेट ट्राई कीजिए। गहरे शेड की लॉन्ग जैकेट के साथ कोई भी साड़ी मैच कर जाती है। हां, साड़ी बहुत भारी नहीं होनी चाहिए। पेटीकोट का जमाना तो है ही, लेकिन अब पलाजो पैंट से लेकर धोती पैंट और यहां तक कि चूड़ीदार के साथ भी साड़ी को पहना जा सकता है। चाहें तो ब्लाउज की जगह पर लंबी कुर्ती या छोटी कुर्ती पहन लीजिए।
सोनम को हम इंडियन फ्यूजन फैशन का ब्रांड एंबेसडर कह सकते हैं, जो बड़ी खूबसूरती से ट्रेडिशनल स्टाइल को ठेठ देशी अंदाज में मिक्स करके सामने ले आती हैं।

साड़ी गाउन का अदभुत मेल

रफ्ल्ड बॉल गाउन पेरिस कुटूर वीक का केंद्र रहा। इसे अपने ट्रेडीशन में मैच करने का साहस दिखाया डिजाइनर गौरव गुप्ता ने। गौरव ने अपने कलेक्शन के साड़ी गाउन में रफल्स का इस्तेमाल बखूबी किया है। जी हां, आपने सही पढ़ा, साड़ी को ट्विस्ट देकर साड़ी गाउन तैयार किया गया है, जिसे पार्टी में पहनकर आप सबसे अलग दिख सकती हैं।

 

लहंगा नहीं हुआ महंगा

शादियों का मौसम है तो क्यों न इस दफा कुछ हटकर पहनें! लहंगे के ऊपर अंगरखा पहना है कभी आपने! यह काफी भव्य लुक देने के साथ ही खास लगता है। चाहें तो भरी इम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट पहनें और लहंगे पर केवल बॉर्डर हो या भारी लहंगे के साथ प्लेन जैकेट। इस तरह का लहंगा काफी कम बजट में बन सकता है और लुक भी ग्रेसफुल और ट्रेंडी देता है। ऑफ शोल्डर और क्रॉप्ड ब्लाउज को भी लहंगे के साथ पहना जा रहा है, जो इंडो वेस्टर्न लुक देता है।

धोती पैंट्स
भारतीय धोती और वेस्टर्न पैंट को बखूबी मिक्स एंड मैच करके पेश की गई हैं धोती पैंट। इसे इन दिनों स्टार प्लस के धारावाहिक मेरे अंगने में परी नामक कैरेक्टर द्वारा भी खूब पहना जा रहा है। क्रॉप्ड नी लेंथ पहनिए या एंकल लेंथ, यह गजब ढाती है। धोती पैंट लक्मे फैशन वीक में रैम्प पर दिखी थी और लोगों ने इसे खूब पसंद भी किया था। आप इन्हें रोजाना भी पहन सकती हैं। चाहें तो क्रॉप्ड टॉप के साथ पहनें या छोटी कुर्ती के साथ। सामने खुले मैक्सी टॉप भी इनके साथ डिफरेंट दिखेंगे।

 

 

स्कार्फ दुपट्टा

स्कार्फ को जिस तरह से आप वेस्टर्न ड्रेसेज के साथ कैरी करती हैं, क्या कभी उस तरह से दुपट्टे का इस्तेमाल किया है? यदि आपका जवाब ना है तो आज ही इस लुक को आजमाइए। दुपट्टे को अपनी गर्दन पर लपेटिए और किनारों को यूं ही नीचे लटकने दें। स्कार्फ की तरह दुपट्टे के प्रयोग को कई आयाम दिये जा सकते हैं। बस जरूरत है क्रिएटिविटी की। यह प्रयोग आपके एथनिक आउटफिट को मेकओवर देगा और आपके लुक को बदल देगा। यदि आपको रेट्रो लुक पसंद है लेकिन आपको समझ नहीं आ रहा है कि आप इस लुक को कैसे पा सकती हैं तो फिर दुपट्टे का इस्तेमाल कीजिए। दुपट्टे को सिर पर हेडबैंड की तरह बांधिए और किनारों को छोड़ दीजिए। चाहें तो इसे अपने बालों के जूड़े पर बांधिए और अपने एक कंधे पर छोड़ दीजिए। आपने इस तरह का लुक रैम्प पर जरूर देखा होगा। दोस्तों के साथ पार्टी में जाना हो और आपको वेस्टर्न पहनने का मन न हो तो यह लुक बेजोड़ लगेगा।

बनारसी टॉप
अब तक बनारस, इकत, खादी और सिल्क जहां केवल परंपरागत परिधानों में नजर आता रहा है, इस बार इनके साथ जमकर एक्सपेरिमेंट किया जा रहा है, जो पूरी तरह से सफल भी रहा। पोंचो टॉप से लेकर, स्लिट स्लीव केप्स और बॉक्सी जैकेट्स इन पुराने और रिच फैब्रिक्स में बहुत पसंद किए जा रहे हैं और इस समय फ्यूजन फैशन के टॉप ट्रेंड्स में से एक हैं। आप चाहें तो इस तरह के एक्सपेरिमेंट्स घर पर कर सकती हैं। अपनी पुरानी सिल्क की साडिय़ों का प्रयोग केवल कुर्ती बनवाने में ही नहीं, बल्कि क्रॉप टॉप से लेकर जैकेट्स बनाने में भी कर सकती हैं और लोग आपकी तारीफें करते नहीं थकेंगे। 

जिपर अब ब्लाउज पर भी 

डिकंस्ट्रक्टेड फैशन इस बार के लक्मे फैशन वीक विंटरफे स्टिव का नया पहलू
रहा। परंपरागत तौर की ड्रेसेज से हटकर कुछ नया किया गया। अब तक जिपर वेस्टर्न ड्रेसेज में छिपे-ढके रहते थे लेकिन अब जिपर को भी दिखाने की बारी आ गई है। वह भी ट्रेडिशनल ड्रेसेज में। सोनम कपूर ने इस ट्रेंड को भी जगजाहिर किया, जब उन्होंने फ्रंट जिपर वाले ब्लाउज को पहना। इन दिनों स्टार ह्रप्स के हिट धारावाहिक ये हैं मोहब्बतें की लीड दिव्यांका त्रिपाठी ऑनस्क्रीन इसी तरह के डिजाइन वाले ब्लाउज पहने दिखती हैं।

काला-सफेद का है जमाना
गहरे चटक रंग एलीगेंस का पर्याय हैं, तभी तो शादी-विवाह जैसे मौकों पर गहरे रंगों को ही प्राथमिकता दी जाती है। काले रंग को शादीविवाह से दूर रखा जाता था, लेकिन अब काले रंग का लहंगा, साथ में गोल्ड वर्क या क्रीम रंग का लहंगा और साथ में गोल्ड या सिल्वर वर्क को काफी पसंद किया जा रहा है।

फ्रिंज फ्रेंजी
स्कर्ट, फुटवियर, ड्रेसेज और बैग्स के बाद अब बारी है भारतीय पोशाकों की कि वे फ्रिंज को अपनाएं। फ्रिंज ब्लाउज तो पहले भी फैशन में रह चुका है। अब ब्लाउज के साथ फ्रिंज फिनिश्ड साड़ी और दुपट्टा भी हैं। आज की दुल्हन के लिए इससे हटकर कोई दूसरा ट्रेंड नहीं है। 

परीना कुटूर की फैशन डिजाइनर श्वेता पंकज से बातचीत पर आधारित (फोटो सौजन्य- फैशन डिजाइनर नीता लूला, पुनीत गुप्ता एवं जश्न- नई दिल्ली)