The Hindi Womens magazines on Fashion, Beauty, Entertainment, Travel, Health, Parenting , cookery religion , astrology – daily dose for the smart housewife.
2020 ने यात्रा के आयाम को ही बदल कर रख दिया। कोरोना वायरस ने लगभग कई माह तक लोगों को आवागमन से दूर रखा, पर कहते हैं ना कि स्थिर होकर एक जगह चुप बैठकर रह जाना इंसान की फितरत में नहीं है। वो फिर एक बार यात्रा पर जाकर खुद को व परिवार को कोरोना काल के भय भरे वातावरण से मुक्त करना चाहता है। परंतु आज कोरोना काल में जब भी आप यात्रा का मन बनायें तो कुछ विशेष बातों का जरूर ख्याल रखें-
स्थान का चुनाव
कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, इसलिये इससे बचाव करने के लिए सभी निर्देशित नियमों का पालन करें और किसी भी यात्रा पर जाने से पहले उस स्थान के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर लें कि वर्तमान समय में उस स्थान की स्थिति कोरोना को लेकर कैसी है, ऐक्टिव केस कितने हैं। जहां पर कम ऐक्टिव केस हों वो स्थान कोरोना से कम ग्रसित हुआ हो ऐसी जगह को यात्रा के लिए चुनें। गलत समय पर गलत जगह का चुनाव करके ‘आ बैल मुझे मार जैसी कहावत खुद पर लागू ना करें। भारत और विदेश दोनों ही जगह ऐसे बहुत से पर्यटन स्थल हैं, जो कि लगभग कोरोना से काफी हद तक मुक्त रहे हैं तो आप भी अगर देश-विदेश की यात्रा करने का मन बना रहे हैं तो ऐसे ही जगह को चुनें ताकि आपकी यात्रा मंगलमय हो।
यात्रा पर जाते समय दूरी का अंदाजा लगाकर वाहन का चुनाव करें। दूरी के हिसाब से ही देखें कि यात्रा हेतु हवाई यात्रा, रेलगाड़ी, बस, टैक्सी कौन-सा साधन सही रहेगा।
अगर हवाई जहाज, रेल से जा रहे हैं तो यात्रा के एक-दो सप्ताह पहले ही रिजर्वेशन करा लें। ऐन वक्त पर रिजर्वेशन कराने पर कई बार सीट मिल नहीं पाती है, जिससे या तो यात्रा स्थगित करनी पड़ती है या फिर टिकट प्राप्ति के लिए मारा-मारी करनी पड़ती है। कोरोना काल में रिजर्वेशन स्वयं जाकर ना कराएं बल्कि इंटरनेट के जरिए घर बैठकर कराएं तो आप ज्यादा सेफ रहेंगे। आस-पास की यात्रा आप अपनी खुद के वाहन से भी कर सकते हैं। यात्रा के दौरान आप इस बात का विशेष ख्याल रखें कि भीड़ कम हो तो ज्यादा अच्छा है। वैसे हमेशा ग्रुप में यात्रा करना अच्छा लगता है पर इस समय का जो माहौल है उसके लिए जरूरी है कि ग्रुप में जाने से बचें और अगर जा रहे हैं तो कोरोना मुक्त लोगों के साथ ही जाएं ताकि खतरा ना रहे।
अब बात करते हैं कि किस जगह पर जाते समय क्या-क्या सामान साथ में लें-
पहाड़ी बर्फीले इलाके
पहाड़ी इलाकों की सुंदरता तो अपने आप में अनमोल तोहफा है ईश्वर व कुदरत का। बर्फ की चोटियां ना केवल देखने में सुंदर लगती हैं बल्कि वहां का वातावरण शुद्ध होता है, वहां ऑक्सीजन प्रचुर मात्रा में होती है, जो कि स्वास्थ्य को उत्तम बनाती है। इसलिए पर्यटन के लिए प्रथम श्रेणी में रखा जाता है पहाड़ी इलाके की यात्रा को। इसके लिए कुछ जरूरी सामान व सावधानियों का ध्यान रखें-
1. गर्म व ठंडे कपड़े साथ में रखें। टोपी, शॉल, मफलर, मोजे, दस्ताने भी जरूर रखें, तौलिया व बॉथ कोट भी रखें।
2. साबुन, क्रीम, शैम्पू यद्यपि होटलों में मिल जाता है, परंतु फिर भी साथ रखने में बुराई नहीं है।
3. मोबाइल चार्जर, घड़ी, टार्च, कैमरा, सेल्फी स्टिक भी रख सकते हैं। चश्मा जरूर लेकर चलें।
4. दवाइयां जरूर अपने साथ रखें। क्रेप पट्टी, मूव, उल्टी, दस्त, बुखार, सर्दी-खांसी आदि की प्राथमिक दवाएं जरूर रखें।
5. पहाड़ों पर चढ़ाई के वक्त जी मिचलना आम समस्या है, अत: विटामिन सी की कुछ गोली, खट्टी-मीठी टॉफी, चॉकलेट व चूरन की गोलियां जरूर रखें।
6. अगर आपको सांस संबंधी परेशानी है तो प्राय: इन्हेलर, स्टीमर, थर्मामीटर, ग्लूकोमीटर, बीपी मशीन, शुगर मशीन लेकर चलें। अगर आप एक हीट पैक लेकर चलते हैं तो ये आपको विशेष लाभ देगा।
मैदानी इलाका
1. अगर आपने यात्रा स्थल के रूप में मैदानी इलाका चुना है तो गर्म कपड़ों की बिलकुल भी जरूरत नहीं होगी, ऐसी जगह पर जरूरत का सामान सारा ऐसा रखें जो वहां के मौसम के अनुकूल हो।
2. साबुन, क्रीम, शैम्पू (इच्छानुसार) सनस्क्रीन लोशन, मोबाइल चार्जर, घड़ी, टार्च, सेल्फी स्टिक, सनग्लास, जूते-चप्पल (बंद व खुले) दोनों रख सकते हैं पर बड़े बूट ले जाने से बचें।
3. दवाई भी जरूर साथ लेकर जाएं, इसमें- जी मिचलने, उल्टी, दस्त, सिर दर्द, बुखार की दवाएं जरूर रखें।
4. अगर आप मैदानी इलाके में जा रहे हैं तो आपके लिये जरूरी है कि ठंडे पेय पदार्थ जूस आदि साथ लेकर जाएं इसके साथ ही आप ओआरएस व पुदीन हरा की गोली जरूर लेकर जाएं, क्योंकि मैदानी इलाकों की यात्रा में गर्म मौसम होने के कारण अक्सर पेट संबंधी परेशानी हो जाती है, तब उस समय इन दोनों से लाभ मिलता है और इनके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होते हैं।
रेगिस्तानी इलाका
1. रेगिस्तानी इलाके में यात्रा का एक अलग ही अनुभव होता है। यहां की रातें ठंडी व दिन गर्म होते हैं। दूर तक फैला रेत ही रेत जो धरती पर बिछकर दिन में सोना व रात में चांदी सा लगता है।
2. अगर आप रेगिस्तानी इलाके की यात्रा पर निकल रहे हैं तो प्राय: सूती व कुछ मोटे कपड़े लेकर जाएं, अगर चाहे तो रात के लिए एक शॉल या फिर हल्का स्वेटर ले कर जाएं।
3. तेल, क्रीम, शैम्पू, साबुन, कंघा, पेस्ट, ब्रुश भी लेकर जाएं।
4. पर्याप्त मात्रा में खाने का सामान व पानी भी लेकर जाएं। हो सके तो रात्रि में सोने के लिए एक टैंट भी ले जाएं।
5. सभी प्राथमिक दवाओं को साथ में ले जाना अनिवार्य ही होगा, जो कि आपको जरूरत पड़ जाने पर राहत ही देगा।
6. इसके साथ ही एक कैमरा, सेल्फी स्टिक, चश्मा, दूरबीन ले जाना बिलकुल भी ना भूलें। टेलीस्कोप अगर हो तो जरूर लेकर आयें। रेगिस्तान की दूर तक फैली खुली जमीन और नीले आकाश में तारों को देखने का मजा ही कुछ और है।
सफारी यानी जंगलों की यात्रा
सफारी की यात्रा करते समय मौसम अनुसार कपड़े लेकर जायें तो अच्छा होगा। इसके साथ ही चश्मा, कैप, कैमरा, सेल्फी स्टिक, दूरबीन मोबाइल व खाने-पीने की सामग्री व प्राथमिक दवाइयां भी लेकर जायें। अगर आप ट्रैवल एजेंसी के द्वारा सफारी के जरिये साइट्स देखने जा रहे हैं तो सारी जिम्मेदारी ट्रैवल एजेंसी की होगी, परंतु अगर निजी तौर पर जा रहे हैं तो स्थानीय वन विभाग की अनुमति लेकर ही जायें क्योंकि बहुत से वनों में बिना अनुमति जाना मना है। वन विभाग के साथ वहां के स्थानीय लोगों से भी वहां की पूरी जानकारी लेकर जायें तो बहुत अच्छा होगा। इस प्रकार की तैयारियों से आप पहाड़ी, मैदानी, रेगिस्तानी व वन क्षेत्रों की यात्रा पर जाएंगे तो लुत्फ ही लुत्फ उठाएंगे। आपकी यात्रा होगी यादगार कोरोना काल में भी।
पर अपनी यात्रा में बाकी सब सामान के साथ ही अच्छा सेनिटाइजर लेकर जायें, अगर रूम सेनिटाइजर मशीन व स्टीम प्रेस भी साथ लेकर जाएंगे तो ना केवल आप अपने होटल के कमरों को स्वयं सेनिटाइज करके अपने मन को निश्चिंत कर लेंगे व साथ ही स्टीम आयरन से आप अपने कपड़ों को भी बिना धोये ही सेनिटाइज करके दोबारा पहनने लायक बना सकते हैं। इसके साथ ही आप किसी भी यात्रा पर जायें परंतु निम्नलिखित नियमों का सख्ती के साथ पालन जरूर करें। आपके व आपके परिवार के लिए फायदेमंद रहेगा।
थोड़ी सावधानी, जिंदगी भर की आसानी
लोगों से दूरी बनाकर ही चलें। ऐसा हर जगह पर करें, साथ ही होटल में भी आप इन नियमों का पालन जरूर करें, क्योंकि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी बहुत जरूरी है।
अपने नाक व मुंह को ढंकने के लिए हमेशा मास्क का प्रयोग करें, चाहे आप सड़क पर हों या होटल में, जब आप अपने परिवार के अलावा अन्य अजनबी लोगों के बीच हो तो मास्क जरूर पहनें, साथ ही आप अपने मास्क को बदलते भी रहें। साफ व सही मास्क ही पहनें तभी आप सुरक्षित होंगे।
यात्रा से वापस घर लौटने पर जो घर वाले यात्रा पर नहीं गए थे, उनसे आप 14 दिन तक दूर ही रहें, साथ ही मास्क पहनें।
यात्रा के समय निरंतर हाथों को धोते रहें। 70 प्रतिशत एल्कोहल वाला सेनिटाइजर प्रयोग करें। कुछ भी खाने से पहले अपने हाथ साबुन या सेनिटाइजर से जरूर साफ करें।
अपने स्वास्थ्य पर पूरी नजर रखें, यात्रा से लौटते वक्त अपने अंदर अगर कोविड-19 के लक्षण दिखे तो कोविड का टेस्ट करायें। तो फिर देर ना करें, अच्छा-सा पर्यटन स्थल चुनें और यात्रा पर चलें, क्योंकि ‘इतना सबक किताबें नहीं देती जितना की यात्रा सिखा देती है।