Funny Story: यह बात बहुत समय पहले की है जब मैं कॉलेज में पढ़ती थी और गर्मी की छुट्टियों में उत्तराखंड में अपनी नानी के घर गई हुई थी। एक दिन मेरी मौसी की बेटी को देखने के लिए लड़केवाले आए हुए थे। मेरी मौसी की बेटी पढ़ी लिखी और समझदार थी लेकिन उनका रंग थोड़ा गेहुंआ था और मेरा रंग थोड़ा साफ़ था। उनके रंग की वजह से बहुत रिश्ते बनते बनते टूट गए थे इसलिए जब उस वक्त लड़केवाले आए तो मेरी मौसी ने मेरी दीदी को अपनी सहेली के घर भेज दिया और मेरी तरफ इशारा करते हुए कहा,”दिखने में ऐसी ही लगती है मेरी बेटी, आप इसे ही देखकर रिश्ते के लिए हां कर दो।” सभी लोग मेरी तरफ़ बड़े ही ध्यान से देखने लगे और मुझे मन ही मन बहुत गुस्सा आ रहा था क्योंकि मुझे पता था कि एक न एक दिन सच तो बाहर आना ही था। जब मेरी दीदी की शादी हुई तो वह पगफ़ेरे के लिए मायके आई और उन्होंने जीजा जी को अपने परिवार के सभी सदस्यों से मिलवाया लेकिन जब वह मेरे बारे में कहने लगी तो जीजा जी ने कहा कि इसे तो मैं पहले से जानता हूं आखिर यह मेरी पहली पसंद जो है!” दीदी आश्चर्यचकित होकर जीजा जी को देखने लगी तो उन्होंने उन्हें सारी बातें बताईं। मेरी दीदी ने मुझे गले से लगाते हुए कहा, “थैंक्यू सो मच, आज तुम्हारी वजह से मुझे इतना अच्छा परिवार मिला है।” आज भी जब मैं अपनी दीदी से मिलने जाती हूं तो जीजा जी सब के सामने मुझे अपनी पहली पसंद कहकर चिढ़ाते हैं और मैं शर्म से लाल हो जाती हूं।
Also read: स्टैंड का रहस्य-हाय मैं शर्म से लाल हुई
