Vegetarian Diet Tips: खाने को लेकर हर किसी की अलग-अलग प्राथमिकता होती है। जहां कुछ लोग नॉन-वेज खाना पसंद करते हैं, वहीं कुछ लोग केवल प्लांट बेस्ड या वेजिटेरियन फूड का सेवन ही करते हैं। अमूमन यह माना जाता है कि वेजिटेरियन डाइट लेने से व्यक्ति के शरीर को बहुत अधिक पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं। जबकि वास्तव में ऐसा कुछ भी नहीं है। आमतौर पर, पोषक तत्वों के संतुलन को लेकर गड़बड़ी तभी होती है, जब आप अपने आहार को सही तरह से ना लें। अधिकतर लोग वेजिटेरियन डाइट तो फॉलो करते हैं, लेकिन फिर भी इस दौरान वे कई छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं। ऐसे में उनकी सेहत को फायदा कम और नुकसान अधिक उठाना पड़ता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको वेजिटेरियन डाइट से जुड़ी कुछ ऐसी ही मिसटेक्स के बारे में बता रहे हैं, जिनसे आपको बचना चाहिए-
Vegetarian Diet Tips: 1) प्रोटीन इनटेक पर ध्यान ना देना

जब आप वेजिटेरियन डाइट ले रहे हैं तो आपको अपने प्रोटीन इनटेक पर विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। ऐसा नहीं है कि वेजिटेरियन के पास प्रोटीन के अच्छे सोर्स नहीं हैं, बस जरूरत है उन्हें सही तरह से डाइट में शामिल करने की। प्रोटीन का सेवन मसल्स बिल्ड अप से लेकर रिपेयर आदि में मदद करता है। यह आपको फिलिंग भी महसूस कराता है। ध्यान रखें कि हर किसी की प्रोटीन की जरूरत अलग-अलग होती है और यह हमारी उम्र, आकार और एक्टिविटीज आदि पर निर्भर है। इसलिए, बेहतर होगा कि आप अपनी डाइट में बीन्स, फलियां, टोफू और नट्स आदि को शामिल करें। साथ ही एक बार में बहुत अधिक प्रोटीन लेने के स्थान पर इसे आप अपने तीनों मील्स में बांटकर लें।
2) सब्जियों को डाइट में शामिल ना करना
यह देखने में आता है कि जब व्यक्ति वेजिटेरियन डाइट लेना शुरू करता है तो वह सब्जियों को ही सही मात्रा में डाइट में शामिल नहीं करते हैं वे अक्सर ग्रिल्ड पनीर, छोले व राजमा आदि को ही खाना पसंद करते हैं। हालांकि वास्तव में, आपको कई अलग-अलग सब्जियों को भी अपने आहार में शामिल करना चाहिए। हरी सब्जियों से लेकर मौसमी सब्जियां खाने से आपको विटामिन, मिनरल्स सहित कई अन्य पोषक तत्व मिलते हैं। साथ ही, इनकी कैलोरी भी कम होती है, जिससे आपको अपना कैलोरी काउंट मैनेज करने में मदद मिलती है।
3) फास्ट फूड वेजिटेरियन फूड खाना
बहुत से लोग वेजिटेरियन फूड तो खाते हैं लेकिन उस दौरान वे फास्ट फूड को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे लोग अक्सर फ्रेंच फ्राइज़, आइसक्रीम, पिज्जा, नाचोज़ और कैंडी आदि को बड़े शौक से खाते हैं। भले ही ये सभी वेजिटेरियन फूड ऑप्शन हैं, लेकिन फिर भी इन्हें हेल्थ के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। इसलिए आपको इस तरह की फूड आइटम्स से बचना चाहिए। वेजिटेरियन डाइट यकीनन काफी हेल्दी होती है, बस जरूरी है कि आपके फूड ऑप्शन और उन्हें बनाकर खाने का तरीका सही हो।
4) स्नैक में सिर्फ फल खाना
जो लोग हेल्दी तरीके से वेजिटेरियन डाइट को फॉलो करना चाहते हैं, वे अक्सर स्नैक टाइम में केवल फल ही खाते हैं। यकीनन फल विटामिन, मिनरल्स और फाइबर का एक अच्छा स्त्रोत होते हैं। लेकिन स्नैकिंग के रूप में सिर्फ फल खाने से आपका पेट नहीं भरेगा। साथ ही आप कुछ महत्वपूर्ण पोषण तत्व जैसे ओमेगा -3, ओमेगा-6 फैटी एसिड को भी मिस कर देंगे। इसलिए बेहतर होगा कि आप स्नैकिंग ऑप्शन में फलों के साथ-साथ नट्स व सीड्स को भी अवश्य शामिल करें।
5) विटामिन बी 12 की अनदेखी करना
यह वेजिटेरियन डाइट लेते समय की जाने वाली सबसे कॉमन मिसटेक है। विटामिन बी 12 शरीर में कई महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लेकिन अक्सर वेजिटेरियन डाइट में इसकी कमी देखी जाती है। दरअसल, विटामिन बी 12 के मुख्य स्रोत एनिमल प्रोडक्ट जैसे मीट, पोल्ट्री, अंडे और दूध उत्पाद आदि हैं। इस कारण शाकाहारियों में विटामिन बी12 की कमी का खतरा बढ़ जाता है। विटामिन बी 12 की कमी से थकान, याददाश्त की समस्या और सुन्नता हो सकती है। इस स्थिति से बचने के लिए आपको ऐसे खाद्य पदार्थ और सप्लीमेंट लेने चाहिए, जो शाकाहारियों को उनकी विटामिन बी12 की जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकते हैं।
6) बहुत कम कैलोरी लेन
अमूमन फल व सब्जियों का कैलोरी काउंट काफी कम होता है, इसलिए जब लोग अपनी डाइट में सिर्फ और सिर्फ फल व सब्जियों का सेवन करते हैं तो इससे उनका कैलोरी काउंट काफी कम हो जाता है। लेकिन जब आप बहुत कम कैलोरी इनटेक करते हैं तो इससे भी आपकी सेहत पर नेगेटिव असर पड़ता है। कैलोरी शरीर के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत है, और आपके शरीर को कार्य करने के लिए एक निश्चित मात्रा में कैलेरी की आवश्यकता होती है। कैलोरी को बहुत अधिक सीमित करने से कई नेगेटिव इफेक्ट हो सकते हैं, जैसे पोषक तत्वों की कमी, थकान और मेटाबॉलिज्म का स्लो होना।
7) पानी पीने पर ध्यान ना देना
कहते हैं कि जल ही जीवन है। यह सच भी है, लेकिन अधिकतर लोग इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। जब हम वेजिटेरियन डाइट पर होते हैं, तब हम अपने फूड आइटम्स पर तो फोकस करते हैं, लेकिन वाटर इनटेक को भूल जाते हैं। लेकिन यह आपके लिए बहुत जरूरी है। शाकाहारी आमतौर पर बहुत अधिक फाइबर खाते हैं। ऐसे में उस फाइबर को डाइजेस्ट करने के लिए पानी की जरूरत होती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से फाइबर के सेवन से जुड़ी पाचन समस्याओं जैसे गैस, सूजन और कब्ज को रोकने में मदद मिल सकती है।
