Summary: ‘रामायण’ में विजय सेतुपति के नाम से फिल्म में आया रोमांचक मोड़
नितेश तिवारी की भव्य फिल्म रामायण को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के बाद अब खबर है कि दमदार एक्टर विजय सेतुपति को विभीषण के महत्वपूर्ण किरदार के लिए अप्रोच किया गया है।
Vijay Sethupathi as Vibhishan: 4000 करोड़ से ज्यादा बजट में बनने वाली निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म “रामायण” में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे के बाद अब एक नए नाम को लेकर चर्चा हो रही है। यह नाम साउथ के स्टार विजय सेतुपति का है। खबरों की मानें तो विजय इसमें रावण के छोटे भाई विभीषण का किरदार निभा सकते हैं। विभीषण एक ऐसा चरित्र है, जो रामायण में धर्म, विवेक और सच्चाई का प्रतीक माना जाता है।
“रामायण” में विभीषण के किरदार में विजय सेतुपति
रामायण की कथा में विभीषण एक अनोखा चरित्र है। वह अपने भाई रावण के अधर्म का विरोध करते हैं। विभीषण धर्म का मार्ग चुनते हुए भगवान राम का साथ देते हैं। इसी बीच एक रिपोर्ट ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। मूवीज सिंगापुर की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के मेकर्स इस समय विजय सेतुपति से इस बारे में चर्चा कर रहे हैं। विजय अपनी फिल्मों में सामान्य दिखने वाले लेकिन अंदर से लेयर वाले किरदारों को निभाने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में यदि वह विभीषण का किरदार निभाते हैं तो यह फिल्म “रामायण” में एक नया और गहरा प्रभाव दे सकता है। हालांकि, अभी तक कुछ फाइनल नहीं हुआ है।
पहले से सजी है स्टार्स की महफिल
फिल्म की कास्टिंग पहले ही काफी चर्चा बटोर चुकी है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि केजीएफ फेम यश रावण का किरदार निभाने वाले हैं। साई पल्लवी को माता सीता के रूप में देखा जाएगा। रवि दुबे को लक्ष्मण के किरदार के लिए पहले ही फाइनल किया जा चुका है। इन नामों ने फिल्म को पहले ही “पैन इंडिया” अपील दे दी है, और अगर विजय सेतुपति भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं तो साउथ और हिंदी सिनेमा के दर्शकों के बीच एक और मजबूत पुल बन सकता है। हालांकि, अभी तक प्रोडक्शन हाउस या विजय सेतुपति की टीम की ओर से किसी भी तरह की ऑफिशियल कन्फर्मेशन नहीं आई है।
“रामायण” की म्यूजिकल टीम भी है वर्ल्ड क्लास
सिर्फ स्टारकास्ट ही नहीं, फिल्म की तकनीकी टीम भी इसे वैश्विक स्तर की फिल्म बनाने की ओर इशारा करती है। संगीत के लिए एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हंस जिमर का साथ आना अपने आप में ऐतिहासिक माना जा रहा है। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है, जिनके दीवाली 2026 और 2027 में आने की चर्चा है।
विजय सेतुपति का दिलचस्प करियर
विजय सेतुपति इन दिनों अपने करियर के शानदार दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में वह एक साइलेंट फिल्म “गांधी टॉक्स” में नजर आए थे, जिसने उनकी एक्टिंग के अलग ही आयाम दिखाए। इसके अलावा वह पुरी जगन्नाध की फिल्म “स्लम डॉग : 33 टेम्पल रोड” में तब्बू के साथ काम कर चुके हैं। खबर है कि वह रजनीकांत स्टारर “जेलर 2” में कैमियो भी करते दिखेंगे और निर्देशक वेट्रिमारन की फिल्म “अरसन” में भी नजर आएंगे।
