Hanuman jayanti 2023: प्रतिवर्ष चैत्र पूर्णिमा को हनुमान जी का जन्मोत्सव पूरे हर्षोल्लास से मनाया जाता है। हनुमान जी श्री राम के परम भक्त माने जाते हैं। पौराणिक शास्त्रों के अनुसार मान्यता है कि हनुमान जी का जन्म चैत्र पूर्णिमा के चैत्र नक्षत्र व मेष लग्न के योग में हुआ था। सनातन धर्म में हनुमान जी को चिरंजीवी माना जाता है, इसलिए हनुमान जी अपने भक्तों पर जल्दी प्रसन्न होकर उनकी सब मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इस साल 14 अप्रैल को हनुमान जयंती मनाई जाएगी। वैसे तो हिन्दू धर्म में प्रतिदिन ही भक्त हनुमान जी की पूजा करते हैं लेकिन हनुमान जयंती के दिन बजरंगबली की विशेष रूप से पूजा अर्चना करने का विधान है। हनुमान जयंती के दिन कुछ विशेष उपाय अपनाकर आप हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं पंडित इंद्रमणि घनस्याल से हनुमान जयंती के दिन कौन कौन से उपाय करने चाहिए।
आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए
हनुमान जयंती के दिन बजरंगबली के मंदिर जाकर पूजा करनी चाहिए। धन संपत्ति से जुड़ी परेशानी को दूर करने के लिए हनुमान जी के समक्ष चमेली के तेल का दीपक जलाकर हनुमान जी को नारंगी चोला चढ़ाएं। इसके बाद पीपल के 11पत्तों पर गंगाजल छिड़ककर सिंदूर से श्रीराम लिखकर हनुमान जी को अर्पित करें। इस उपाय से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
सभी प्रकार के कष्टों से मुक्ति पाने के लिए

हनुमान जी की कृपा पाने के लिए हनुमान जयंती के दिन हनुमान जी को बनारसी पान चढ़ाना चाहिए। इसके साथ ही 11 काली उड़द के दाने, बेसन के लड्डू या बूंदी का प्रसाद, गुलाब के फुलों की माला, सिंदूर, चमेली का तेल आदि चीजें अर्पित करनी चाहिए। इन उपायों को करने मनुष्य के समस्त कष्टों का नाश होता है तथा हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने के लिए

पौराणिक शास्त्रों के अनुसार, हनुमान जयंती के दिन हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, बजरंग बाण और हनुमान अष्टक का पाठ करना चाहिए तथा रामचरितमानस और राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करना भी शुभ माना गया है। हनुमान जयंती के दिन हनुमानजी की पूजा और पाठ करने से मनुष्य को शारीरिक और मानसिक शक्ति प्राप्त होती है। साथ ही इन पाठों को करने से मनुष्य के जीवन से सभी प्रकार के दुखों का नाश होता है। मनुष्य को किसी भी प्रकार का भय नहीं रहता है। इसलिए हनुमान जयंती के दिन आप भी इन उपायों को अपनाकर अपने जीवन में सुख समृद्धि ला सकते हैं तथा हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ेंः किस दिन कौनसा काम करने से मिलती है सफलता? जानें शास्त्रों में दर्ज ये बातें: Vastu Shastra
