Covid-19 New Variant JN.1: कोविड-19 और ओमिक्रॉन के बाद अब भारत में नए वेरिएंट ने दस्तक दी है जिसे कोविड-19 JN.1 के नाम दिया गया है। दक्षिण भारत के बाद अब दिल्ली और महाराष्ट्र में भी इसके कुछ मामलों की पुष्टि की गई है। नए वेरिएंट से बीमार पड़ने वालों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इस वेरिएंट के तहत मरीज बुखार, सर्दी, खांसी और गले में खराश जैसे लक्षणों से जूझ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को सचेत रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही सरकार द्वारा लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करने की भी गुजारिश की जा रही है। जिन लोगों को संक्रमण होने का संदेह है उन्हें विश्वसनीय प्रयोगशालाओं से कोविड-19 आरटी पीसीआर अवश्य रूप से करवाना चाहिए। हालांकि इस वेरिएंट के लक्षण सामान्य फ्लू और वायरल की तरह ही हैं लेकिन समस्या बढ़ने पर निमोनिया और लंग्स इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए इसके लक्षणों को नजरअंदाज करने की गलती न करें। चलिए जानते हैं कोविड-19 JN.1 और इसके लक्षणों के बारे में।
Also read : सर्दियों में रात में चेहरे पर ये 5 चीजें लगाएं, स्किन को मिलेगा इंस्टेंट निखार
क्या है कोविड-19 वेरिएंट JN.1

कोविड-19 के बाद अब कोविड-19 JN.1 सबवेरिएंट पूरे विश्व में फैल रहा है। ये वेरिएंट सबसे पहले लक्जमबर्ग में पाया गया था। माना जा रहा है कि ये पिरोला वेरिएंट (BA.2.86) का वंशज है। ये वेरिएंट अन्य वेरिएंट की तुलना में अधिक तेजी से फैलता है। हालांकि इसके लक्षणों को समय पर पहचाना जाए तो सही इलाज किया जा सकता है।
कोविड-19 वेरिएंट JN.1 के लक्षण
WHO के अनुसार इस वेरिएंट के लक्षण हर व्यक्ति को अलग महसूस हो सकते हैं। ये लक्षण हल्के से लेकर गंभीर तक हो सकते हैं। कोविड-19 JN.1 के सामान्य लक्षण इस प्रकार हैं।
– खांसी
– बुखार
– गला खराब
– बोलने में तकलीफ
– सिरदर्द
– मांसपेशियों में दर्द
– स्वाद और गंध में कमी
– मितली
– उल्टी
– दस्त
– भूख में कमी
– चक्कर
– कमजोरी
कोविड-19 वेरिएंट JN.1 है खतरनाक
कोविड-19 वेरिएंट JN.1 आसानी से फैलता है जिसके लक्षणों को समय पर पहचानना बेहद जरूरी है। इससे अधिक उम्र के व्यक्ति और बच्चों को अधिक खतरा हो सकता है।
– टाइप 1 और 2 डायबिटीज के मरीजों को विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा डिमेंशिया और न्यूरोलॉजिकल स्थितियों वाले लोग भी इसका आसानी से शिकार हो सकते हैं।
– 65 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी ये खतरनाक साबित हो सकता है।
– इसके अलावा जिन लोगों को पहले से सीओपीडी, हार्ट डिजीज, क्रोनिक किडनी डिजीज और लिवर से संबंधित समस्याएं हैं उन्हें विशेष ध्यान रखना चाहिए।
कोविड-19 वेरिएंट JN.1 से ऐसे करें बचाव

जैसे-जैसे नए वेरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं आपको इसके बचाव के तरीकों को सावधानीपूर्वक अपनाना बेहद जरूरी है।
वैक्सिनेशन करवाएं
कोविड-19 वैक्सीन आपको वायरस से बचाने में मदद करती है और बीमार पड़ने के जोखिम को भी कम कर सकती है। इसलिए कोविड-19 के वैक्सिनेशन के बारे में अपडेट रहें। खासकर कमजोर इम्यूनिटी के लोगों को हमेशा इसके प्रति अपडेट रहना चाहिए।
इम्यूनिटी बढ़ाएं
इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करें, अच्छी व पर्याप्त नींद लें, एक्सरसाइज करें और तनाव से दूर रहें। स्ट्रॉन्ग इम्यूनिटी आपको गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती है।
मास्क और सोशल डिस्टैंसिंग
आप लोगों के जितने करीब होंगे कोविड-19 का खतरा उतना अधिक होगा। विशेषज्ञों के अनुसार ये वेरिएंट तेजी से फैल सकता है। इसलिए मास्क और सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करें। भीड़ वाले इलाके में जाने से बचें साथ ही समय-समय पर अपने हाथों को सैनेटाइज करते रहें।
