Foods for Sickness: जीवन में हम सभी कभी ना कभी बीमार हुए ही हैं या फिर किसी तरह की चोट या सर्जरी का सामना किया है। लेकिन उस दौरान जब आप बीमारी, चोट या सर्जरी से उबरने की राह पर होते हैं, तो आप जो खाते हैं, वह आपकी रिकवरी में अहम् भूमिका निभाता है। अमूमन लोग रिकवरी के दौरान दवाइयां लेते हैं और सिर्फ आराम करते हैं। यकीनन इससे आपको काफी फायदा मिलता है। लेकिन इसके अलावा आपका आहार भी बहुत अधिक मायने रखता है। भोजन आपके शरीर को वे आवश्यक पोषक तत्व दे सकता है जिनकी उसे तेज़ी से ठीक होने और पहले की तरह मज़बूत महसूस करने के लिए ज़रूरत होती है।
यह तो हम सभी जानते हैं कि भोजन शरीर के लिए ईंधन के रूप में काम करता है। यह ना केवल शरीर को पर्याप्त एनर्जी देता है, बल्कि रिकवरी की प्रक्रिया को भी स्पीड अप करता है। यह आपके टिश्यू को रिपेयर करने से लेकर, सूजन को कम करने और आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में मदद करता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ फूड आइटम्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें डाइट में शामिल करने से आपको रिकवरी में काफी मदद मिल सकती है-
Also read: आपकी ये 8 आदतें कर सकती हैं आपको बीमार: Bad Health Habits
बोन ब्रोथ

अगर आप इन दिनों रिकवरी पीरियड में हैं तो आपको बोन ब्रोथ को अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। यह रिकवरी के दौरान एक पावरहाउस की तरह काम करता है। इसमें कोलेजन भरपूर मात्रा में होता है, जो टिश्यूज को हील करने में मदद करता है, खासकर सर्जरी या चोट लगने के बाद। चूंकि यह पचने में आसान होता है, इसलिए इसे पेट के लिए भी काफी हल्का होता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियां हर किसी के लिए सेहत का साथी मानी गई हैं। पालक, केल और अन्य पत्तेदार साग विटामिन और मिनरल्स जैसे विटामिन सी, ए और के, साथ ही आयरन और कैल्शियम से भरपूर होते हैं। इसलिए, जब आप हरी पत्तेदार सब्जियों को डाइट का हिस्सा बनाते हैं तो ये पोषक तत्व ना केवल आपके इम्यून सिस्टम को बूस्टअप करते हैं, बल्कि सूजन से लड़ते हैं और हीलिंग प्रोसेस को स्पीडअप करते हैं।
ग्रीक योगर्ट

ग्रीक योगर्ट को भी आप अपनी रिकवरी डाइट में शामिल कर सकती हैं। यह अधिक थिक और क्रीमी दही होती है, जो प्रोबायोटिक्स से भरपूर है और यह आपके गट हेल्थ का ख्याल रखती हैं। चूंकि रिकवरी पीरियड में हम एंटी-बायोटिक्स दवाइयां लेते हैं तो ऐसे में ग्रीक योगर्ट का सेवन करना अच्छा विचार हो सकता है। यह आपकी मसल्स और हड्डियों को सहारा देने के लिए प्रोटीन और कैल्शियम का भी एक बेहतरीन स्रोत है।
खट्टे फल
विटामिन सी रिच होने के कारण खट्टे फलों का सेवन रिकवरी पीरियड में करना काफी अच्छा माना जाता है। संतरे, अंगूर, नींबू आदि विटामिन सी से भरपूर होते हैं, जो आपके इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करते हैं। साथ ही साथ, कोलेजन प्रोडक्शन में सहायता करके घाव भरने में तेज़ी लाते हैं।
अंडे

अंडे एक हाई क्वालिटी प्रोटीन सोर्स हैं, जो मांसपेशियों की मरम्मत और रिकवरी के लिए महत्वपूर्ण है। इनमें ए और डी जैसे कई विटामिन भी होते हैं, जो टिश्यूज से लेकर हड्डियों के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करते हैं। इसमें विटामिन बी 12 आदि भी मौजूद होता है, तो बीमारी के दौरान भी आपको एनर्जेटिक बनाए रखता है।
लहसुन
लहसुन ना केवल खाने के स्वाद को बढ़ाने में मददगार है, बल्कि इसकी मदद से सेहत को भी बहुत अधिक लाभ मिलता है। खासतौर से, लहसुन में एलिसिन जैसे कंपाउंड पाए जाते हैं, जो अपने एंटी-माइक्रोबायल और इम्यून बूस्टिंग गुणों के लिए जाने जाते हैं। लहसुन को डाइट में शामिल करने से आपकी रिकवरी काफी तेज होती है और साथ ही साथ, यह इंफेक्शन को दूर करने में भी मददगार है।
एवोकाडो

एवोकाडो का सेवन कई तरीके से किया जा सकता है। स्वाद से भरपूर एवोकाडो सेहत के लिए भी उतने ही लाभकारी माना गया है। क्रीमी और टेस्टी एवोकाडो में हेल्दी फैट्स और विटामिन सी, ई और के आदि पाए जाते हैं। इन सभी पोषक तत्वों से सेहत को बहुत अधिक लाभ मिलता है। ये पोषक तत्व सूजन को कम करने के साथ-साथ टिश्यूज को रिपेयर करने में मददगार है।
अदरक और हल्दी
रिकवरी पीरियड में कुछ मसालों का इस्तेमाल करना काफी अच्छा माना जाता है। इन मसालों की एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रोपर्टीज होती हैं। ये सूजन को कम करने के साथ-साथ तेजी से ठीक होने में मदद करते हैं। अक्सर रिकवरी के दौरान लोगों को मतली व पेट की समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है। ऐसे में अदरक का सेवन करने से काफी फायदा मिलता है।
हर्बल टी

हर्बल टी काफी रिलैक्सिंग होती हैं और इन्हें सेहत के लिए भी उतना ही गुणकारी माना जाता है। अदरक, पुदीना और कैमोमाइल टी अपनी सूदिंग प्रोपर्टीज के लिए जानी जाती हैं और ये पाचन, मतली या पेट की किसी भी परेशानी को दूर करने में मददगार है। खास तौर पर, कैमोमाइल टी आपको शांति का अहसास करवाती है, जिसकी मदद से आपको रिकवरी के दौरान काफी मदद मिलती है।
शहद
कच्चे शहद में जीवाणुरोधी गुण पाए जाते हैं। यह गले की खराश को शांत करने और आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है। रिकवरी पीरियड में जब आप सुस्त महसूस कर रहे होते हैं तो यह आपको नेचुरल एनर्जी देने में मदद करता है।
